बेबस, बेचारा, बेसहारा, सहमा हुआ, विद्रोही बंटी। कितना कुछ हो जाता है एक नन्ही सी उम्र में बंटी। मन्नू भंडारी ने कितनी बारीकी से एक तलाकशुदा दंपत्ति की संतान के अकेलेपन को, उसकी आत्मपीड़ा को, उसके आत्मलाप को, उसकी घुटन को, उसकी कुंठा को, उसकी बेचैनी को, उसके संत्रस्त हृदय को, उसके पागलपन को, उसके नज़रिये को बड़े ही मनोवैज्ञानिक ढंग से मार्मिक प्रस्तुति दी है।
शकुन और अजय अपने रिश्ते की आखिरी दहलीज़ पर हैं। बंटी को कुछ समझ नहीं आता के क्या हो रहा है उसके पापा और मम्मी के दरमियान। जब समझ नहीं आता तब उठता है सवालों का बवंडर जो समाप्त होने के बजाये हर घटती इक नयी परिस्थिति के साथ बढ़ता ही जाता है। कई सवाल हैं बंटी के मन में पर जवाब किसी ओर से नहीं मिलता है नतीजा खलबली। माता-पिता को वो चाहता है के मिल जाएं पर यह क्या दोनों का तलाक हो गया। मम्मी ने दूसरी शादी शहर के सबसे बड़े डॉक्टर जोशी से कर ली। बंटी को उस घर ले जाया जाता है पर डॉक्टर के अपने दो बच्चे हैं दोनों की अहमियत ज़्यादा है। बंटी खुद को अवांछित महसूस करता हैं वहां प्रतिदिन नतीजा कुंठा। फिर सवाल फिर याद पापा की। मम्मी और डॉक्टर के रिश्ते को वह स्वीकार नहीं कर पाया नतीजा चिड़चिड़ापन और गुस्सा जो किसी न किसी रूप में निकलता है नए घर में। फिर पिटता हैं। उसे पुराना घर, बगीचा अपना याद आता है। नए घर के नए लोगों के लिए बंटी अवांछित हो जाता है उसकी मम्मी जो उसकी अपनी थी वह भी उसे कांटा समझने लगती है। पिता अजय आये बंटी को लेकर कलकत्ता गए वहां भी उनकी दूसरी पत्नी है मीरां बंटी वहां भी अकेला। आत्मलाप करता है क्यों आया। अंत में बंटी होस्टल पहुँचा दिया जाता है। कहानी ख़त्म।
कई सवाल खड़े कर जाती है मन्नू भंडारी यहाँ जैसे की ऐसे बच्चों की क्या ऐसी उपेक्षा होनी चाहिए जिनके माता-पिता का तलाक हो जाता है.....?
उस बच्चे का क्या कसूर जो चाहकर भी कुछ नहीं पाता है और खुद में ही घुटकर रह जाता है........?
ऐसे बच्चों से उनकी इच्छा कोई क्यों नहीं पूछता के वो क्या चाहते हैं.......?
बंटी जैसे कितने बच्चे खुद में ऐसे अंतर्मुखी बन जाते हैं.........?
ऐसे बच्चों में फिर विद्रोह अपने चरम पे होता है और वो समाज से कटकर समाज से ही अपना बदला लेने को उतारू हो जाते हैं जो हानिकारक है......?
कई-कई सवाल मन्नू भण्डारी इसमें उठती नज़र आती है पर वह कहीं भी कोई समाधान सुझाती नज़र नहीं आती.....?
दूसरा कथा में कहीं-कहीं दोहराव हमें देखने को मिलता है जैसे जो बात बंटी कहता है वही बाद में शकुन जिससे यह प्रतीत होता है के यह एक ही मानस की उपज हैं........?
एक और सवाल जो मुझे लगता है की क्या इतना सा बालक इस हद्द तक जाकर सोच सकता है.....?
यह तो किसी सुलझे हुए व्यक्ति की सोच लगती है.......?
डॉक्टर के बच्चे भी अकेले हैं उनमें ऐसी सोच हमें देखने को नहीं मिलती क्यों......?
क्या शकुन का नए सिरे से घर बसाना गलत है क्योंकि अजय ने भी उसको धोखा देके अलग घर पहले ही बसाया था......?
अगर वह बंटी को लेकर खुद के बारे में सोचती है तो क्यों उसमें पश्चाताप है, एक आत्मग्लानि है के कहीं वो गलत तो नहीं कर रही.......?
मन्नू भण्डारी एक तरह स्त्री का अहं बरकरार रखती है वहीं दूसरी और वो उसी स्त्री की आत्मग्लानि दिखाती है उसके हर निर्णय पे क्यों......?
बहुत सवाल हैं जिन पर सोचा और कहा जा सकता है। विस्तारपूर्वक कभी बाद में। अभी के लिए इतना ही की एक बच्चे की मनोदशा को संवेदनात्मक रूप मन्नू भण्डारी ने दिया है और समस्त समाज के समक्ष ऐसे बच्चों की समस्या को लेकर कई प्रश्न खड़े किये हैं जिनका समाधान हमें तलाशना होगा। क्या वर्तमान समाज में बंटी की समस्या सुलझ गयी है.......?
@ सुनील
No comments:
Post a Comment