मैं लिखता हूँ तो दीखता है,
पर मैं लिखता हूँ तो बिकता है,
मैं संभावनाओं को तलाशता हूँ,
मैं संभावनाएं पैदा करता हूँ,
मैं समाज के दर्द को हमदर्द बना लेता हूँ,
मैं समाज के दर्द को आइना दिखा देता हूँ,
मैं मंचों की शान में चार-चाँद लगा देता हूँ,
मैं खुद ही मंच की शान बन जाता हूँ,
मैं कर्तव्यबोध से खुद को बड़ा बनाता हूँ,
मैं हूँ ही बड़ा यही तो मेरा कर्तव्य है,
मैं समूह खड़ा करने की कुव्वत रखता हूँ,
मैं समूह का सरदार बनने की ज़ुर्रत करता हूँ,
मैं रुपयों की कीमत जानता हूँ,
मैं पैसों से नहीं बिकता हूँ,
मैं भावों को उद्वेलित करता हूँ,
मैं कला से बिम्ब बनाता हूँ,
मुझे जानते हैं हर शहर में सब,
मेरी प्रसिद्धि के कायल हैं सब,
मैं कल्पना से हक़ीक़त बयान करता हूँ,
मैं रूह से शब्दों को मानस में सबके भेजता हूँ,
मैं तुझको कुछ नहीं समझता हूँ,
मैं तेरी उपस्थिति को गौण बना सकता हूँ,
मैं पैदा ही शोहरत की दुनिया में हुआ था,
मेरे पैदा होते ही शोहरत मेरी दीवानी हो गयी,
मैं हूँ सबसे बड़ा इस जहान में,
मेरे नाम का डंका बजता है,
मैं खुद की 'मैं' में रहता हूँ,
मैं अपनी रौ में बहता हूँ,
मैं तुझसे बड़ा बन जाऊंगा अब,
यही भ्रम तेरा भी तोड़ दूंगा मैं,
मैं समस्त विश्व पर छा जाऊंगा अब,
मैं विश्व को अपने क़दमों में ही झुका दूँगा अब...."
No comments:
Post a Comment