Thursday, April 30, 2015

लाशों के शहर में ज़िन्दगी की जदोजहद

मिट्टी बन गयी हर ईमारत वहाँ,
मिट्टी के घरौंदे बसते थे जहाँ,

हर किलकारी ख़ामोश हो गयी,
रुदन का शोर था जहाँ कल तक,

इक आग सी बरसी है उस शहर में,
लपटे जिसकी स्वाहा कर गयी हर शह को,

चील-कौवों का साम्राज्य लगता है आज,
कल तक वहाँ इंसान नुमा शख़्स थे हर ओर,

यह आँधी कहाँ से आयी एकदम,
भूंचाल जिसे सब कहते हैं,

भूख के आगे बेबस है ज़िन्दगी,
भूल गयी सब अपनों को,

खेलते हैं हम जब कुदरत से,
तब रूप वो अपना दिखाएगी,

जितना करोगे क़त्ल तुम उसका,
खुद चैन कहाँ फिर पाओगे,

मुर्दों के शहर होंगे हर ओर,
अगर वक़्त रहते ही तुम न संभल जाओगे..."

Saturday, April 18, 2015

आज भी हूँ

"मजबूरियों से बंधा है समां,
वरना दिल में जज़्बात का समुन्दर आज भी है,

लफ्ज़ थम जाते हैं ज़ुबान हो जाती है बंद,
जब याद की लहरें दिल को कर देती हैं नम,

तब बहता है नीर अश्कों से तोड़ बाँध सारे,
फिर ढूंढते हैं हम सुखा सा इक किनारा,

जो कल था तेरा वो आज भी है,
क्योंकि बेचैनियों का समां यहाँ कल भी था आज भी है..."

© सुनील

Wednesday, April 15, 2015

आफ़ताब

तरसती है रात तेरे दीदार को,
तड़पती है रूह तेरे इनकार से,

सुलघती हैं सासें बियाबान अँधेरे में,
दब जाती हैं सिसकियाँ अक्सर यूँ ही,

किसी को रहता है इंतज़ार तेरे आने का,
किसी का सुखद हो जाता है मिलन,

हर किसी की अपनी है शिकायतें तुझसे,
पर तेरे न होने से अक्सर उसको गमगिन देखा है हमने..."

Monday, April 13, 2015

बाबा साहेब डॉ.भीम राव आंबेडकर

१४ अप्रैल १८९१ को महू, सेंट्रल प्रोविंस, ब्रिटिश भारत (वर्तमान मध्य प्रदेश) में जन्में भारत रत्न डॉ. भीम राव आंबेडकर भारत के प्रथम कानून मंत्री थे। संविधान का निर्माण करके उन्होंने भारत में रह रहे प्रत्येक समुदायों को जीने का अधिकार दिया।

जीवन पर्यन्त वह समता, समानता, बंधुत्व की भावना को लेकर चले। समाज में किसी भी प्रकार के भेदभाव के खिलाफ उन्होंने जमकर आवाज़ बुलंद की। भारत में व्याप्त चातुर्य वर्ण व्यवस्था का भी उन्होंने विरोध किया। भारतीय समाज व्यवस्था से बाहर जी रही एक पूरी की पूरी पीढ़ी को उन्होंने अपने अथक प्रयास से समाज में शामिल करके उनको सम्मान दिलाया। जिन्हें मनुष्य ही नहीं समझा जाता था उन्हें उन्होंने मनुष्यता का एहसास दिलाकर उनमें चेतना का संचार किया जिससे वह लोग भी अपने हक़ों के लिए जागे और समाज से उन्होंने अपना हक़ प्राप्त किया। भेदभाव की यह लड़ाई वर्तमान दौर में भी जारी है। अभी भी बाबा साहेब का समतामूलक समाज का सपना हाशिये पर ही है। हम सबको मिलकर इसके लिए प्रयास करने होंगे तभी समता आ पायेगी। मेरे विचार से यह तभी संभव हो पायेगा जब मानसिकता में बदलाव होगा जोकि अभी कहीं भी दिखाई नहीं दे रहा। अब यह हम सबको सोचना होगा के हमें टुकड़ों में जीकर खुद को ख़त्म करना है या मिलकर सबको साथ लेकर चलना है जिससे सामाजिक एकता को बल मिलेगा और एक स्वस्थ समाज का निर्माण हो पायेगा।
सामाजिक बदलाव के लिए जीवनपर्यंत समर्पित रहने वाले बाबा साहेब डॉ. भीम राव आंबेडकर को मेरा शत-शत नमन।

@ सुनील

Sunday, April 12, 2015

कट्टरवादिता खतरा है हर समाज के लिए

कहते हैं भारत देश विविधताओं का देश है। यहाँ हर रंग, रूप, भाषा, संस्कृति, जाति, वर्ग आदि को समानाधिकार प्राप्त हैं। किसी के साथ भी इन मुद्दों के आधार पर भेदभाव नहीं होता है पर....? यह पर हर मुद्दे पर एक प्रश्नचिन्ह बनकर हमारे सामने स्पष्ट रूप से खड़ा हो जाता है। आज के समाज में इन्हीं मुद्दों के आधार पर समाज को सबसे ज़्यादा बाँटने के प्रयास अनवरत रूप से धड़ल्ले से जारी हैं और ऐसा करने वालों को खुला समर्थन हमारे व्यवस्थावादियों का है।

चूँकि मैं जम्मू का रहने वाला हूँ तो यहाँ के ही एक मुद्दे पर बात करता हूँ। कश्मीर में अलगाववादी नेताओं ने कश्मीर बंद करके घाटी में कश्मीरी पंडितों की केंद्र सरकार की अलग बस्तियाँ बसाने के फैसले का विरोध जताया। यह कट्टरवादी नेता सरे आम अपना विरोध आये दिन किसी न किसी रूप में भारत विरोधी गतिविधियाँ करके दिखाते रहते हैं पर मजाल है किसी की जो इनको कुछ कह पाये या इनके ख़िलाफ़ कोई एक्शन लिया जाये। अगर कश्मीर के इतिहास को देखें तो पंडितों ने भी इन लोगों के साथ इंसानों जैसा कभी बर्ताव नहीं किया था जिसका नतीजा उनको भी भोगना पड़ा था पर मेरा सवाल यहाँ केवल यही है के आप अपनी दृष्टि खुली और व्यापक क्यों नहीं रखते हैं। ऐसे कट्टरवादी रवैये से समाज में असंतुलन ही बनेगा हमेशा।

अब दूसरी घटना है कट्टर हिंदूवादी संगठन शिवसेना के बयान की के मुस्लिमों को वोट के अधिकार से वंचित कर देना चाहिए। यह कैसी राजनीति है....? यह कैसी कट्टरवादिता है जो हमेशा तोड़ने का कार्य ही करती है.....? क्या इससे समाज में अराजकता नहीं फैलेगी.....?
आप फिर क्यों कहते हैं के भारत विविधिताओं का देश है। मुझे कहीं भी विविधता यहाँ कभी दिखती नहीं है। मुझे तो भारत हमेशा भेदभाव से भरा हुआ ही देश लगा जहाँ जिसका जब जी चाहा अपना मुंह उठाकर कुछ भी ज़हर फैला देता है कभी धर्म के नाम पर कभी जाति के नाम पर, कभी क्षेत्र के नाम पर। कहते हैं संविधान हमें यह अधिकार देता है के हम किसी को भी लिंग, जाति के आधार पर बांटे नहीं पर हम आज सर्वाधिक इन्हीं मुद्दों पर सबसे ज़्यादा खुद में बँटे हुए हैं और औरों को भी बाँट रहे हैं। केवलमात्र कुर्सी के लालच के लिए।

अगर ऐसे ही चलता रहा तो हम एक दिन फिर ग़ुलाम हो जाएंगे क्योंकि फिर कोई बाहरी आ जायेगा और हमारे भीतर फैली इस छोटी सी चिंगारी को हवा देगा और सब आग-आग करके एक किनारे पर बैठकर तमाशा देखता रहेगा। जब सब स्वाहा हो जायेगा तब खुद आकर बचे-खुचे पर अपना प्रभुत्व जमा लेगा। हमारे व्यवस्थावादि हमें इसी ओर ही धकलेते हुए ले जा रहे हैं क्योंकि शासन के नाम पर कुशासन ही हर ओर देखने को मिल रहा है। कट्टरवादी लोग नेताओं का प्राश्रय पाकर धार्मिक उन्माद उद्दंडता से फैलाये जा रहे हैं पर सरकार है के उनपर नकेल कसने के बजाये मौन धारण करे हुए है। ऐसे ही चलता रहा तो स्थितियां अत्यधिक भयावह हो जायेगी फिर उनको रोक पाना नामुमकिन हो जायेगा। समय रहते हमें इन सब पहलुओं पर विचार करके कोई ठोस कदम उठाने होने अन्यथा परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए।

@ सुनील

Friday, April 3, 2015

माधवी

भीष्म साहनी का यह नाटक भीतर तक उद्वेलित कर गया। स्त्री की स्थिति का किस मार्मिक तरीके से उन्होंने प्रस्तुतीकरण दिया दिल को दुखी कर गया।

माधवी जो की कहने को तो एक स्त्री है पर किस प्रकार उसके पराक्रमी और दानवीर राजा ययाति जोकि राजपाठ छोड़कर वनवासी हो गया है द्वारा उसे एक वस्तु समझकर दान कर दिया जाता है। केवल अपने दम्भ, अपने अहं, अपने स्वार्थ हेतु वो ऐसा कार्य करता है ताकि वह हरिशचंद्र से भी बड़ा दानवीर राजा कहलाये।

दूसरी ओर गालव जो विश्वामित्र का शिष्य है अपनी दीक्षा पूरी करने के लिए किस प्रकार माधवी का इस्तेमाल करता है तीन-तीन राजाओं के पास भेजकर। और माधवी प्रेमवश सब स्वीकार करती जाती है क्योंकि उसका प्रेम निस्वार्थ प्रेम है।

भीष्म साहनी ने जिस प्रकार इसमें स्त्री की समस्या को पकड़ा है वो सच में सराहनीय है। राजाओं के द्वार में उनकी पटरानियों की किस प्रकार की दयनीय स्थिति थी वह भी इसमें दिखाया गया है।

लगभग हर पुरुष प्रारम्भ से ही महत्वकांक्षी, स्वार्थी, दंभी, अहं आदि से भरा हुआ रहता आया है। उसने स्त्री का केवल इस्तेमाल किया अपनी इच्छाओं को पूर्ण करने हेतु। स्त्री की भीतरी स्थिति का उसे कभी आभास नहीं हुआ न उसने कभी इसकी ज़रूरत ही समझी क्योंकि उसका स्वार्थ उससे हमेशा पूर्ण होता रहा है। उक्त नाटक में इतिहास में स्त्री की स्थिति किस प्रकार की शोचनीय थी यही साहनी ने दिखाने का प्रयत्न किया है

अगर हम वर्तमान परिप्रेक्ष्य में देखें तो आज भी यह नाटक मुझे नितांत प्रासंगिक ही लगता है क्योंकि वर्तमान में भी लगभग हर स्त्री को एक वस्तु रूप में ही पुरुष द्वारा देखा और समझा जाता है। उसे आज भी दोयम दर्जे की ही समझा जाता है। अपवाद तो उस दौर में भी थे आज भी होंगे पर मैं बहुसंख्यक स्त्रियों की बात करूँ तो उनका हाल आज भी वैसा ही है जैसा सदियों पहले था। इसके समाधान हेतु मेरे विचार से स्त्रियों को आर्थिक रूप से, राजनैतिक रूप से खुद को सक्षम बनना होगा फिर सामाजिक रूप से उनकी स्थिति स्वयं सक्षम व सुदृढ़ हो जायेगी। क्योंकि पुरुष भी इन्हीं दो हथियारों को खुद के पास सदियों से रखे हुए है और इन्हीं द्वारा स्त्री को एक वस्तु रूप में वह इस्तेमाल करता है। स्त्री को दया, भीख नहीं चाहिए उसे मानवी रूप में देखने का अधिकार चाहिये और वो तभी संभव है जब सत्ता और शक्ति में उनकी भी बराबर की साझेदारी होगी।

@ सुनील

Wednesday, April 1, 2015

बेज़ुबान

"तेरी बातों की तपिश जलाती है,
तेरे वादों की गुस्ताखी सताती है,

तेरा हर सितम तड़पता है,
तेरा हर ज़ुल्म रुलाता है,

तेरा अश्कों पे कठोर हो जाना,
तेरा आहों पे मुझे चुप करा जाना,

तेरा सरे राह मुख मोड़ जाना,
तेरा भरी महफ़िल में रुस्वा कर जाना,

तेरा दूसरे पे झुख जाना,
तेरा सपनों को जगाकर मार देना,

तेरा तोड़कर कुचल जाना,
तेरा जज़्बातों को रौंद जाना तबाह कर गया,

इतने करम हैं तेरे मुझ पर,
के ज़ुबान होते भी हर बार बेज़ुबान, लाचार मेरा हो जाना मुझे बर्बाद कर गया ..."

©® सुनील कुमार १.४.१५