Thursday, August 25, 2016

सरोगेसी (किराये की कोख़) बिल 2016

सरोगेसी यानि किराये की कोख़ से बच्चा पैदा करवाने वालों के लिए अब सरकार सख़्त हो गयी है। आपको बता दूं के भारत में लगभग 3000 सरोगेसी के चिकित्सालय (क्लिनिक) हैं  जो अपनी मन मर्ज़ी से अभी तक इस कार्य से करोड़ों रुपये का कारोबार कर चुके थे।

भारत को सरोगेसी की राजधानी भी कहा जाता है। क्यों, क्योंकि विदेशों से आने वाले निसंतान दम्पत्तियों के लिए भारत एक सस्ती जगह थी बच्चा पाने के लिए। हमारे यहाँ भी उच्च वर्ग के पूंजीपतियों के लिए भी यह एक सस्ता माध्यम था बच्चा हासिल करने का। आम ग़रीब वर्ग की स्त्रियों को यह लोग इस्तेमाल करके अपना हित साधते थे। अब यह लोग इनका शोषण नहीं कर सकेंगे।

क्या है प्रस्तावित सरोगेसी बिल। आईये थोड़ा इस विधेयक के कुछ बिंदुओं को जानते हैं।

* सिंगल माँ का इस्तेमाल अब किराये की कोख़ के लिए नहीं हो सकेगा। यह बैन हो जायेगा।

* अब सरोगेसी के लिए किसी भी गरीब स्त्री का आप इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। अब किराये की कोख़ उसी निसंतान दंपत्ति को मिलेगी जिसकी रिश्तेदार स्त्री इसके लिए तैयार होगी। उसी स्त्री की कोख़ का इस्तेमाल किया जायेगा।

* किराये के कोख़ वाली स्त्री का कम से कम एक बच्चा हुआ होना चाहिए और वह सर्वसम्मति से अपनी कोख़ किराये पर देने को राज़ी हो।

* सरोगेसी माँ का बीमा किया जायेगा और उसके गर्भ धारण से लेकर बच्चा पैदा करने तक समस्त खर्चे का भार सुरोगेट माता-पिता वहन करेंगे।

* सरोगेसी माँ को सुरोगेट माता-पिता किसी प्रकार की कोई रक़म नहीं दे पाएंगे यानि यह एक कारोबार के रूप में नहीं यह मानवीय संवेदनात्मक रूप से ही कोई करना चाहे तो उसी का इस्तेमाल इसमें होगा।

कुलमिलाकर मेरी नज़र में यह सरकार द्वारा उठाया स्वागत योग्य कदम है। इसका स्वागत होना चाहिए मगर मैं इसके इलावा एक अन्य विकल्प का पक्षधर हूँ। मेरे विचार से निसंतान दंपत्ति को अनाथ बच्चों में से किसी को गोद ले लेना चाहिए। इससे अनाथ को घर मिल जायेगा और माता-पिता को संतान।

मैं उम्मीद करता हूँ संसद में यह बिल सभी पक्षों की समस्याओं को सुनते हुए सर्वसम्मति से पारित हो जाये ताकि इससे निम्न वर्ग की स्त्रियों का शोषण होने से बचाव हो सके।

श्री कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई मित्रों

16108 पत्नियों के पति। लगभग हज़ारों गोपियों के प्रेमी। उन गोपियों में भी राधा के अत्यधिक नज़दीक। इन सबको एक साथ कृष्ण जी कैसे सँभालते थे यह वाकई आश्चर्यचकित करता है।

आज सर्वाधिक प्रचलित भी हैं कान्हा मगर सोचने की बात है के प्रेम के इस प्रकांड पंडित का सबसे बड़ा उदाहरण हमारे समक्ष होते हुए भी सदियों से भारत में प्रेम को कभी स्वीकारा नहीं गया.....???

यहाँ अगर कोई प्रेम को स्वेच्छा से स्वीकारता है तो किसी का व्यक्तिगत अहं आगे आता है, किसी का जातिगत, किसी का धर्मगत। नतीजा मारपीट, ऑनर किलिंग। फिर भी हम दिल की तस्सली के लिए कान्हा के पास जाते हैं के जो हम कभी नहीं कर सके तुमने तब कर दिया था। हम भारतीय दोहरा जीवन जीते हैं, दोहरी मानसिकता लिए। सत्य को कभी हम स्वीकार नहीं सकते। केवल झूठ के सहारे ही हम जी जाते हैं।
जियो मित्रों कृष्ण के सहारे ही। जो उसने किया उसका एक अंश भी कोई करके दिखाये तो मानु खैर बधाई जन्माष्टमी की.....🙏

Monday, August 22, 2016

बलात्कार यह रुकते क्यों नहीं....?

जे.एन. यू के ब्रह्मपुत्र हॉस्टल में आइसा संगठन से जुड़े छात्र अनमोल रत्न द्वारा एक लड़की से बलात्कार की ख़बर ने सच में दिल को गहरी ठेस पहुंचाई है। मैं जे.एन. यू का दिल से सम्मान करता हूँ क्योंकि वह एक बेहतरीन शिक्षण संस्थान है पढाई को लेकर और किसी एक घटना के आधार पर पुरे संस्थान को मैं कत्तई दोषी करार नहीं दे सकता। स्त्रियों के लिए जितना ज़बरदस्त माहौल पढाई को लेकर वहाँ है मैंने अन्य कहीं आजतक नहीं देखा।

किसी छात्रा के साथ जबरन बलात्कार की इस घटना की मैं घोर निंदा करता हूँ और चाहता हूँ के उक्त अपराधी को कठोर से कठोर सज़ा दिलाई जाये ताकि भविष्य में ऐसी घटाओं की पुनरावृति न हो। मैं आइसा से उम्मीद करता हूँ के वह इसके ख़िलाफ़ मोर्चा निकालकर अपनी निष्पक्षता दर्शाएं।

गुनाह मेरी नज़र में गुनाह है फिर वो किसी के भी द्वारा किया गया हो। चाहे वह किसी वामपंथी द्वारा हो, दक्षिणपंथी द्वारा हो या किसी सामान्य विचारधारा वाले व्यक्ति द्वारा क्योंकि मेरे विचार से बलात्कारी को कोई विचारधारा नहीं होती, वह एक हिंसक पशु से अतिरिक्त और कुछ नहीं होता।

ऐसे बलात्कारियों को कठोर सज़ा मिलनी चाहिए ताकि समाज में कुछ डर का माहौल बने  इन छुटे सांडों के मन में। पर सज़ा इनको मिलती नहीं इसलिए शर्म इनको आती नहीं, न शर्म उनको आती है जो हैं हमारे नीति निर्माता और कानून को लागू करने वाले। आख़िर सब जगह कुंड़ली मारकर पुरुष है बैठा फिर कैसे मिलेगा स्त्री को इन्साफ यही बड़ा सवाल है........😢😢😢

सत्तर साल

आज युवा हिंदी लेखक संग जम्मू द्वारा काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें मुझे भी एक कविता बोलने का अवसर प्रदान किया गया। आप सब मित्रों से साझा करता हूँ अपनी कविता जो कुछ इस प्रकार है।

सत्तर साल
*********
"सत्तर साल की हुई आज़ादी,
फिर भी भूख, लाचारी है,

उम्मीदों के वृक्ष लगाये,
बिना खाद के हमने यारो,

जड़ें खोखली कर दी हमने,
खोद-खोद स्वार्थों की मिट्टी,

धर्म अब भी करे है शासन,
मज़लूमों का करे शिकार यह,

कुपोषण है शान हमारी,
पोषण का तो नाम है धूमिल,

राजा करे है मौज आज भी,
ज़ुल्मों से उसके मरे है जनता,

बेकारी है बिखरी आज भी,
दो जून की है कशमकश सत्तर साल बाद भी,

पूँजी का बस बढ़ा रसूख है,
साथ मिला सत्ता का उसको,

दंगों की है बारिश होती,
यह है अब महामारी हमारी,

तरक्की की हैं चढ़ी सीढ़ियाँ,
फिर भी गरीबों की भरमार है,

रोटी जो है पैदा करता,
नहीं नसीब रोटी ही उसको,

जीना है आज भी महँगा यहाँ पर,
मौत है बिकती सबसे सस्ती इस बाज़ार में,

जाति की है पकड़ी लाठी,
कसकर करे हैं प्रहार बाँटने को वो आज भी,

मूल निवासी थर-थर काँपे,
विलोपन की हैं कगार पर,

सरहदों पे सर हैं कटाते वीर हमारे सैनिक,
राजनीति की बलि हैं चढ़ते वे सच्चे सपूत,

सत्तर साल की हुई आज़ादी,
फिर भी न आई समता यही बड़ी दुश्वारी है....."

©सुनील कुमार सलैडा®

आपके सुझाव आमंत्रित हैं