Friday, February 26, 2016

अफ़साने

"इस अंजुमन में बन गए अफ़साने कई,
हर मर्ज़ की दवा का यह पैमाना बन गया,

कोई खिदमत में जान लुटाता रहा,
कोई अश्कों को जाम में छुपता रहा,

टूटे हुए दिल को सहलाता रहा कोई,
कोई ज़ख्मों पे नमक जी भर लगाता रहा,

हो गयी ख़ाक तमनाएं किसी की वहाँ,
जब चमन से चाँद की रौशनी चुराकर ले गया कोई...."
©सुनील कुमार सलैडा®

Thursday, February 25, 2016

पुस्तक - परिवार, निजी संपत्ति और राज्य की उत्पत्ति से

मात्र-अधिकार का विनाश नारी जाति की विश्व ऐतिहासिक महत्त्व की पराजय थी। अब घर के अंदर भी पुरुष ने अपना अधिपत्य जमा लिया। नारी पदच्युत कर दी गयी। वह जकड़ दी गयी। वह पुरुष की वासना की दासी, संतान उत्पन्न करने का एक यंत्र मात्र बनकर रह गयी। वीर-काल के और उससे भी अधिक क्लासिकीय काल के यूनानियों में नारी की गिरी हुई हैसियत ख़ास तौर पर देखी गयी। बाद में धीरे-धीरे तरह-तरह के आवरणों से ढंककर और सजाकर और आंशिक रूप से थोड़ी नरम शक्ल देकर उसे पेश किया जाने लगा, पर वह दूर नहीं हुई।
म. कोवालेव्स्की-परिवार और संपत्ति की उत्पत्ति और विकास की रूपरेखा, स्टॉकहोम, १८९०

स्त्री के पतन का जीवंत दस्तावेज जो अर्वाचीन काल में और अधिक पतनशील किया गया पितृसत्तात्मक व्यवस्था द्वारा...😢

Wednesday, February 24, 2016

महलों की मनमानी

"धुएँ के गुब्बार में साँसों की रुकावट,
आँखों के किनारों में जमा बर्फ़ की गर्माहट,

कोई फूँक गया बस्तियाँ मज़हब के नाम पे,
कोई लूट गया अस्मत मज़बूरी को भाँपकर,

इस शहर की कब्रगाह पे कैसे कोई रोये यारों,
यहाँ महलों की साज़िशों ने तबाह कर दी झोपड़ियाँ सारी...."
©सुनील कुमार सलैडा®

Tuesday, February 23, 2016

हाय हरयाणा

दंगा, आगजनी, आम नागरिकों की संपत्ति को स्वाहा करना, जान ले लेना, किसी पुरे प्रदेश को पानी से वंचित कर देना, जहाँ चाहे वहाँ सब डंके की चोट पे तबाही का मंज़र पेश कर देना आदि आदि पिछले कई दिनों के बाद जो हरयाणा ने देखा है उससे कई प्रश्न दिमाग़ में उभर रहे हैं जैसे....

इतनी दबंगई, गुंडई, दंगाई, आगजनी क्या कोई अन्य पिछड़ा वर्ग करने की हिम्मत कर सकता है....?
प्रशासन क्या इतना कमज़ोर है हरयाणा में के उसने करोड़ों की संपत्ति को स्वाहा होने दिया....?

अगर कोई समुदाय इतना बलशाली है के वो सत्ता को अपनी ऊँगली पे नचाने का दमखम रखता है, गुंडई की चर्म सीमा पर पहुँचने का माद्दा रखता है तो वो किस दिशा और दशा से अन्य पिछड़ा हुआ....????

मित्र, सुधिजन, बुद्धिजीवी ज़रा मार्गदर्शन करिये....???
सुनील

Sunday, February 21, 2016

सेंक लो रोटियाँ

"जला दो बस्तियाँ,
मिटा दो हस्तियाँ,
इस ख़ौफ़ज़दा फ़िज़ा में,
घोल दो नफरतों का ज़हर,
यही समां है सेंक लो रोटियाँ,
गरम है लोहा मार दो हथौड़ा,
बदल दो रंग लाल दरियाओं का,
बाँट दो टुकड़ों में डालकर फुट,
बना दो मुर्दा ज़िंदा लाशों को तुम,
इस देश की अभिव्यक्ति को बेकसी में बदल दो तुम..."

©सुनील कुमार सलैडा®

Wednesday, February 17, 2016

सरे आम गुंडई

वो पीट रहे हैं वकीलों को, मीडिया वालों को, कनहैया को जान से मारने पर उतारू हो गए हैं। कभी बी.जे.पी एम.एल.ऐ ओ.पी. शर्मा सरे आम पिटते दिख रहे हैं टी.वी पर मगर उनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं क्यों....?
क्यों बस्सी साहब आप चुप हैं जबकि एक बार पहले भी मारपीट हो चुकी थी....?
क्यों आपने आज दोबारा इसकी पुनरावृति होने दी....?
आप क्यों बोलेंगे आपकी ज़ुबान तो बंद कर दी गयी होगी  उन्होंने जिन्होंने यह सारा खेल रचाया है...
इस सबपे प्रथान सेवक और उनके कारकुन चुप क्यों हैं....?
क्यों उन पीटने वालों पर कार्यवाई नहीं हो रही है...?

आप क्या साबित कर रहे हैं के राष्ट्रवाद के नाम पर कोई भी कहीं भी गुंडई करेगा और हमारा कानून उनको कुछ नहीं कहेगा...वाह जी क्या ज़बरदस्त है आपकी सोच...अब आप लोग कितनी घटिया राजनीती पर उतर आये हो के आप समझते हो के ऐसे आप पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ में और अन्य राज्यों में जीत जाओगे तो यह आपकी मूर्खता है, ग़लतफहमी है....लोग समझ गए हैं के आप देश में प्रचलित भुखमरी, भ्रष्टाचार, भेदभाव, साम्प्रदायिकता, भेदभाव, विकास आदि तमाम मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाकर उनको केवल ढेंगा दिखा रहे हो। इसका नतीजा तो भुगतना ही पड़ेगा आपको। पूंजीपतियों से मिलकर उनके ही हित में सोचने वालो जनता माफ़ नहीं करेगी, क्योंकि यह तो पब्लिक है यह सब जानती है....🙁😒

Tuesday, February 16, 2016

जे.एन.यू विवाद

9 फ़रवरी को शुरू हुआ जे.एन. यू में विवाद जिसमें कहा गया के भारत विरोधी नारे लगाये गए, पाकिस्तान ज़िंदाबाद कहा गया, अफज़ल गुरु के लिए सभा आयोजित की गयी। फिर आवाज़ें उठनी शुरू हुई के जे.एन. यू को बंद कर दिया जाये, वहां पढ़ने वाले सभी आतंकवादी हैं, माओवादी हैं, देशद्रोही हैं। फिर जे.एन. यू छात्रसंग अध्यक्ष कन्हैया कुमार, डी. राजा की बेटी अपराजिता राजा समेत कई छात्रों की गिरफ़्तारी हो गयी किसके कहने पर हुई यह सभी को ज्ञात है। जिसने भी ऐसी नारेबाजी की आप उनको गिरफ़्तार कीजिये पर सभी को आप आतंकवादी कहते हो यह आप किस आधार पर कहते हो सुबूत दीजिये....? आप कितना उन छात्रों को जानते हैं सुबूत दीजिये....? अगर नहीं जानते हो या आप कभी जे.एन. यू गए ही नहीं फिर बिना देखे, बिना जाने, बिना सोचे मुँह फाड़कर ऐसी ओछी राजनीति करने का आपको हक़ किसने दिया....?

खैर इस मुद्दे पर मुँह फाड़कर बोलने वालों को मेरा जवाब यह है के जे.एन. यू के विषय में उनको कुछ भी नहीं पता। वह केवल बिकाऊ मीडिया के बिकाऊ प्रचार में शामिल होकर अपने असंतुलित मानसिक स्खलन का परिचय दे रहे हैं। मैं अपनी बात करूँ तो मेरे कुछ मित्र भी हैं उस विश्वविद्यालय में जो मेरे करीबी हैं और उनको मैं व्यक्तिगत रूप से जानता हूँ के वो क्या मानसिकता रखते हैं देश के प्रति और मैं जे.एन. यू को करीब से इसलिए भी जानता हूँ क्योंकि कई बार मेरा वहां जाना हुआ है और वहां के समस्त परिवेश में जो खुलापन है, तार्किकता है, सबको अपनी बात कहने की आज़ादी है, सबको सबके साथ हर विषय पे बोलने का हक़ है, हर विषय पे वहां खुलकर चर्चा होती है वो भी तर्कसम्मत फिर वो जाति हो, धर्म हो, संप्रदाय हो, अल्पसंख्यक हो, राजनितिक हो, आर्थिक हो, सामाजिक हो या अन्य कोई मुद्दा। दूसरा वहां सबको समानाधिकार प्राप्त हैं फिर चाहे वो स्त्री हो या पुरुष। आधी रात को भी वहां कोई भी स्त्री बेधड़क होकर चर्चा में भाग लेती है ऐसा अन्यत्र किसी विश्वविद्यालय में मैंने नहीं देखा। मैंने कुछ विश्वविद्यालयों का भ्रमण किया था और उन सबमें कहीं भी मुझे वो स्वतंत्रता हर वर्ग के लिए नहीं देखने को मिली जो जे.एन. यू में मिली। तो मेरी नज़र में जे.एन. यू जैसा विश्वविद्यालय पुरे भारत में मैंने कहीं दूसरा नहीं देखा। तो कुछ अवांछित तत्वों द्वारा इसकी छवि धूमिल किये जाने का जो राजनीतिकरण किया जा रहा है वो मेरी नज़र में बेहद बेहूदा है।

आप कुछ लोगों के कारण पुरे विश्वविद्यालय, उसके शिक्षकों, वहां के समस्त छात्रों को ही देशद्रोही साबित करने पे तुले हो तो मेरी नज़र में आप कुंठित मानसिकता  के शिकार हैं क्योंकि उस विश्वविद्यालय ने जो हमारे देश को दिया है अन्यत्र कोई दूसरा विश्वविद्यालय नहीं दे पाया। उसने दी हर छात्र को तार्किकता, हर रूढ़िवादिता को तर्क की कसौटी पे कसने की सोच, उसने दिया मनुष्य को मनुष्य समझने की समाज, उसने दिया गरीबों, शोषितों, वंचितों के हक़ में लड़ना, उसने दिया भेदभाव के ख़िलाफ़ बुलंद आवाज़ में डटे रहना, उसने दिया ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वाह करना, उसने दिया आत्मविश्वास हर निम्न वर्ग में, उसने दिया परिस्थितियों से जूझने का हुनर और डटकर अड़ जाने की हिम्मत। इतना दिया है जे.एन. यू ने के गिनाना शुरू करूँगा तो कभी ख़त्म नहीं होगा और आप कहते हैं उसको समाप्त कर दिया जाये तो यह आपकी मूर्खता का परिचायक है,आपकी कुंद सोच को दर्शाता है यह। आप दोषियों को सज़ा दीजिये बिना अपनी भोंडी राजनीति किये।

तो चुनिंदा दोषियों को पकड़िये आप और उन पर कार्यवाही कीजिये पर उन चुनिंदा लोगों के एवज में आप समस्त विश्वविद्यालय और वहां पढ़ रहे छात्रों और अन्य सभी को दोषी कहेंगे तो आपकी सोच पर मुझे तरस आता है। बाकि मैं जे.एन. यू के पक्ष में हमेशा खड़ा था, खड़ा हूँ और सदा ही खड़ा रहूँगा। वहाँ न पढ़ पाने का मलाल ताउम्र मुझे रहेगा क्योंकि ऐसे विश्वविद्यालय में पढ़ने का सौभाग्य नसीब वालों को ही मिलता है फिर भी जे.एन. यू मुझे प्रिय था, है और हमेशा रहेगा। वहाँ असल में क्या हुआ उसका जवाब कोई प्रत्यक्षदर्शी ही भली भांति दे सकता है तो लिंक निचे दे रहा हूँ पूरा पढ़ लें और फिर बात करें क्योंकि तर्क के आधार पर उसमें सारी बातें स्पष्ट रूप से प्रत्यक्षदर्शी द्वारा विस्तारपूर्वक कही गयी हैं। इसके बाद भी आप नहीं समझोगे तो कोई आपको समझा कत्तई नहीं सकता।

#जे.एन.यू को मेरा दिल से समर्थन है#

What actually happened in JNU, and why we must defend the campus
indiaresists.com

Wednesday, February 3, 2016

Dear Children, Sincerely

आज शाम को stages theatre group, Sri Lanka & Mashirika, Rwanda की ओर से Ruwanthie de Chickera के लिखे और निर्देशित किये नाटक Dear Children, Sincerely को देखने का अवसर अचानक ही मिल गया।

क्या अद्भुत अभिनय किया सभी मंझे हुए इन कलाकारों ने के एक-एक पात्र एकदम सजीव हो उठा हमारे सामने। नाटक ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर लिखा गया था जिसमें श्री लंका और रवांडा की स्थितियों-परिस्थितियों का सूक्ष्मता से विश्लेषण किया गया था। पूरे नाटक में तीस से लेकर नब्बे के दशक में इन दोनों देशों में बदलती घटनाओं पर प्रकाश डालना था।

लेखिका ने दिखाया है के किस प्रकार की विकट परिस्थियाँ इन दोनों देशों ने। जहाँ श्री लंका ने आतंकवाद की चर्म सीमा में मारे गए लोगों को अपनी आँखों से देखा। किस प्रकार वहां सिंगला और तमिलों का द्वन्द बिखराव का कारण बना।
वहीं दूसरी ओर रवांडा में स्थितियां कितनी घातक थी के वहां सरे आम लोगों का क़त्ल कर दिया जाता था और क़त्ल करने की जो वजह थी वो कितनी घटिया थी जैसे किसी के हाथ की हड्डी नापकर देखते थे के अगर वो उतने इंच है जितनी उन्होंने तय की है तो वो उक्त व्यक्ति बच गया अन्यथा उसको मौत के घाट उतार दिया जाता था। स्त्रियों की स्थिति इतनी शोचनीय थी के उनके पेट काटकर उसमें से बच्चे को निकालकर भ्रूण को ज़मीन पर पटक दिया जाता था।

हमारा इतिहास कितना बर्बर था और इन दोनों देशों के पूर्वजों ने कितनी अमानवीयता, कितनी गलतियां की हैं वही दिखाने का लेखिका का प्रयास था और वो इसके माध्यम से यही कहना चाहती थी के हमें इससे सिख लेकर वर्तमान और भविष्य को अपने सुधारना चाहिए।

लेखिका के लिए यह नाटक एक खोज थी इतिहास को परखने की। उसी के शब्दों में :- It has been a tremendous privilege for me to interview, research, discuss, compare and create stories under the 'Dear Children, Sincerely...' project. For me, it's a beginning of a wonderful discovery into history, which, I realised, it is not always the past.
Ruwanthie de Chickera, freelance script writer, theatre director and lecture from sri lanka.

इसमें श्री लंका और रवांडा के कलाकारों ने हृदय को द्रवित और इतिहास को साक्षात् हमारे समक्ष प्रस्तुत करने वाले अभिनय से सबका मन मोह लिया।
#इतिहास इतना सुखद कहाँ होता है #दोस्तों😢
सुनील