पुरुषों ने हमेशा स्त्री को दोयम दर्जे में पटके रखा। यह प्रवृति, मानसिकता सदियों से उनके भीतर घर करके बैठी हुई है के मैं उत्कृष्ट हूँ, सर्वश्रेष्ठ हूँ, सर्वोपरि हूँ, कर्ता-धर्ता हूँ, बलशाली हूँ, बाहुबली हूँ, धनवान हूँ, ज्ञानी हूँ और स्त्री निरहि है, निर्बल है, मंद बुद्धि है, अज्ञानी है, नासमझ है तो उसका स्थान हमेशा निचले दर्जे पर ही रहने योग्य है। ऐसी पितृसत्तात्मक सोच ने स्त्रियों के जीवन में अनेकानेक कष्टों को जन्म दिया है।
स्त्री के जीवन में आने वाली अनेकानेक कठिनाईयों में हैं छेड़छाड़, गन्दी फब्तियां कसना, योन शोषण शारीरिक और मानसिक, बलात्कार, दुष्प्रचार, दुर्व्यवहार, दैहिक भेदभाव आदि ऐसी तमाम समस्याएं पुरुषों द्वारा स्त्रियों के जीवन से चिपक दी गयी हैं जिससे वह चाहकर भी निकल नहीं पा रही है क्योंकि व्यवस्था में बैठे भेड़िये पुरुष हैं और वह यह कदाचित नहीं चाहते के समानता का बिगुल बजे और स्त्रियाँ को उनके समानाधिकार मिलें।
आज जिस समस्या की मैं बात कर रहा हूँ वह लगभग हर स्त्री के जीवन में घटित होती है वह है अनजान पुरुषों द्वारा नित्यप्राय स्त्रियों को बेवजह, समय-असमय फ़ोन करना, मिस कॉल देना। कई मनचले, छिछोरे, कपटी, दुराचारी पुरुष ऐसे होते हैं जिनको यह सब करके असीम आनंद की प्राप्ति होती है। मेरे विचार से इसके पीछे दो कारण हैं:-
1. निडर पितृसत्तावादी सोच
2. निडर सोच के बहाने अपना लाभ निकलना
निडर पितृसत्तावादी सोच पुरुषों को इतना हक़ देती है के वह कुछ भी करेंगे इससे उनको कोई हानि होगी नहीं क्योंकि कानून उनका, कचहरी उनकी, जज उनका, इन्साफ उनका, समाज उनका, सामाजिक सोच उनकी। तो जब सारे समीकरण किसी व्यक्ति के साथ होंगे तब वह कुछ भी करने को तैयार हो जायेगा।
दूसरा कारण जो है वह इस निडर सोच के बहाने अपने स्वार्थ की सिद्धि करना। मनचलों का मंतव्य यह होता है के बार-बार फ़ोन करने से क्या पता यह स्त्री हमारे वश में आ जायेगी और हम अपने स्वार्थ की सिद्धि पूर्ण कर लेंगे। मैं यहाँ यह स्पष्ट कर दूँ के मनचलों की कोई उम्र नहीं होती, यह किसी भी उम्र के हो सकते हैं क्यूंकि निडर सोच किसी भी उम्र के व्यक्ति का दिमाग़ ख़राब कर सकती है। अब आप कहेंगे के यह स्त्रियों का न. कहाँ से प्राप्त करते हैं तो बता दूँ के ऐसे मूर्खों को यही एक काम होता है वह बार-बार अनेकानेक न. पे कोशिश करते रहते हैं कोई स्त्री अटक गयी तो यह शुरू हो जाते हैं। उनको इसका लेशमात्र भी आभास नहीं होता के इससे स्त्री किस मानसिक परिशानी से गुज़रती होगी।
आखिर में स्त्रियों को इससे होने वाली परेशानी। स्त्रियों को जब कभी भी ऐसे मनचलों, खुले सांडों, विकृत मानसिकता के परिचायक पुरुषों के फ़ोन, मिस कॉल आने शुरू हो जाते हैं तो सामाजिक और पारिवारिक मर्यादा के चलते वह इसको बार-बार इग्नोर करती है क्योंकि हमारे समाज में शक की सुई हमेशा स्त्री की ओर उठती है पुरुष की ओर कभी नहीं। हमेशा उसी को दोषी की दृष्टि से देखा जाता है जिससे वह एक अंजान अपराध बोध से हमेशा ग्रस्त रहती है के कहीं उसका घर न टूट जाये, उसके ऊपर बेवजह शक न किया जाए, उसको बेवजह मारा-पीटा न जाये, उसको इस पर ताने न दिए जाएँ, उसका मोबाइल न छिन लिए जाए, उस पर बेवजह की निगरानी न रखी जाए। इन सब कारणों से वह चुप रहती है और इस चुप्पी का मनचले अनावश्यक लाभ उठाते हैं और स्त्री को तंग करते रहते हैं।
अंत में इस प्रकरण पर मैं यही कहूँगा के स्त्री इसमें दोनों तरफ से पुरुषों के कुचक्र में फंस जाती है। एक तरफ लंपट पुरुष है जो अपनी लंपटता के चलते किसी भी हद तक जाने को तैयार रहता है वहीं दूसरी ओर एक वह पुरुष जो पुरुष होते हुए स्त्री पर शक करना अपना दायत्व समझता है। ऐसे में स्त्री करे तो क्या करे.....?
मित्रों की प्रतिक्रियाएं आमन्त्रित हैं।
©®सुनील कुमार सलैडा©®