पण्डे बेचैन शर्मा उग्र बेबाक, निर्भीक, अखड़, अल्हड़ और मस्त मौला प्रवृति के लेखक थे। इनसे मेरा यह कदापि अर्थ नहीं के वो संजीदा नहीं थे, वो सचेत नहीं थे। वह एक दूरद्रष्टा थे यह उनकी कृतियों से झलकता है.......उन पर हमेशा यह इलज़ाम लगता रहा है के उनकी कथाओं में रस-लोलुप श्रृंगारिकता है जोकि उस जकड़न भरे समाज के दकियानूसी लोगों की सोच आवश्य रही होगी पर मेरे विचार से उग्र संजीदा, प्रगतिशील विचारों से ओत-प्रोत एक व्यापक मानवीय सोच के हिमायती व्यक्ति थे।
उनका यह एक सौ बारह पन्नों का उपन्यास 'खुदाराम और चन्द हसीनों के खतूत' तत्कालीन समाज के लिए आवश्य परम्परा का उल्लंघन हो सकता है पर मेरे लिए यह सच में मनुष्यता को सर्वोपरि रखने वाला उपन्यास है हालाँकि उग्र कई स्थानों पर डावांडोल भी दिखे जहाँ मुझे लगा के वो किसी एक पक्ष में अत्यधिक खड़े नज़र आये पर बाद में उन्होंने उसे संभाल किया और धार्मिक कट्टरता के नुमाईंदों को मानवीयता की कीमत समझाने में वह कामयाब नज़र आये...
इस उपन्यास की कथा सन् 1927 ईस्वी के भारत की कथा है जब अंग्रेजों द्वारा फैलाये धार्मिक उन्माद की सांप्रदायिक आग ने लगभग समस्त हिंदुस्तान को अपनी गिरफ़्त में ले लिया था। साम्प्रदायिकता का यह ज़हर भारतियों की रगों में सन् 1920 ईस्वी से ही फैलना आरम्भ हो गया था। उपन्यास के प्रारम्भिक भाग में जहाँ खुदाराम अपनी सूझ-बुझ से दंगा होने से बचा लेता है वहीं चंद हसीनों के खतूत के दूसरे भाग में लेखक ने विभिन्न पात्रों के माध्यम से खतों के सिलसिले से धार्मिक कट्टरवाद की आड़ में कलकत्ता में हुए साम्प्रदायिक दंगों के मार्मिक कथा को प्रस्तुत किया है।
लेखक ने जहाँ एक ओर ब्राह्मणवादी हिन्दू धर्म पर सीधे प्रहार किये हैं, उसमें व्याप्त त्रुटियों पर बेबाक लिखा है वहीं अग्रेजों की लगाई आग में जलते कलकत्ता की हृदयविदारक कथा से पाठकों को द्रवित कर दिया। इन सबमें उसने प्रेम को सभी धर्मों से ऊपर स्थान देते हुए हर धर्म में व्याप्त कट्टरता को नकारा है पर मेरे मस्तिष्क में लेखक द्वारा उठाये सवालों को लेकर आज भी शंका है के क्या उन सवालों का समाधान आज लगभग नब्बे सालों बाद भी हो पाया है......? और हो पाया तो कितना......? और कितना तो जो नहीं हो पाया वो क्यों नहीं हो पाया......?
अब उनके द्वारा इस उपन्यास के माध्यम से उठाये सवालों को पर कुछ सवाल मैं आप सभी समाज के सुधिजनों से पूछना चाहता हूँ की....
* क्या ब्राह्मणवाद आज पूर्णतः बदल गया है.....?
* क्या आज उसमें व्याप्त कट्टरवादिता समाप्त हो गयी है......?
* क्या मुस्लिम कट्टरवादिता आज समाप्त हो गयी है.....?
* क्या आज हम सब सहर्ष अंतर्जातीय, अन्तर्धार्मिक विवाह के लिए तैयार हैं......?
* क्या हम वर्तमान में सभी धर्मों से ऊपर उठकर एक मनुष्य बनने को तैयार हैं......?
* क्या हम आज अंतर्जातीय, अन्तर्धार्मिक प्रेम को दिल और दिमाग से स्वीकार करने को तैयार हैं......?
शुरू में मैंने कहा के उग्र दूरद्रष्टा थे तो वो सही में मेरे अनुसार थे क्योंकि जिन सवालों पर हम आज भी हिल रहे हैं लगभग एक सदी बाद भी..... उन्हें उग्र ने उस रूढ़िवादी समाज के समक्ष बेबाकी से उठाया और डंके की चोट पर वह यह दावा भी करते थे की अगर मेरे द्वारा कही बातें हमारे समाज में नहीं पायी जाएंगी तो जो उनको गलत साबित करेगा मैं उसके सामने नतमस्तक हो जाऊंगा.....? क्या आज किसी में वैसा जोखिम उठाने की हिम्मत है......? अगर नहीं तो इसका सीधा-सीधा अभिप्राय यह है के हम प्रगतिशील केवल बातों से हुए हैं.....व्यवहार में तो हम आज तत्कालीन समाज से भी अधिक पिछड़ गए हैं....क्योंकि आज धर्म की आग पर पूरा विश्व जलने को आतुर है तो फिर हम कहाँ से प्रगतिशील हुए......?
अंत में उपन्यास की अंतिम पंक्तियाँ जो एक मुस्लिम प्रेमिका नरगिस के दिल की हुक हैं अपने हिन्दू प्रेमी मुरारीकृष्ण के प्रति जिसको कट्टरवादी मुस्लिम दंगाइयों द्वारा कलकत्ता की प्रसिद्ध गली ज़किया स्ट्रीट पर बेरहमी से क़त्ल कर दिया जाता है। उन्हीं पंक्तियों को आपके समक्ष प्रस्तुत कर रहा हूँ क्योंकि इसके बाद एक युवा स्त्री भी कट्टरवादी हो जाती है जो हमारे समाज के लिए सबसे बड़ा कोड़ है क्योंकि वर्तमान में भी कई युवा इस धार्मिक कट्टरवादिता की भेंट चढ़ते रहते हैं और व्यवस्थावादि और धार्मिक नेता आराम से अपना उल्लू सीधा करते रहते हैं :-
न किसी की आँखों का नूर हूँ
न किसी के दिल का करार हूँ !
जो किसी के काम न आ सके
मैं 'व' एक मुश्त ग़ुबार हूँ !
न तो मैं किसी का रक़ीब हूँ
न तो मैं किसी का हबीब हूँ !
जो बिगड़ गया 'व' नसीब हूँ
जो उजड़ गया 'व' दयार हूँ !
मेरा रंग-रूप बिगड़ गया
मेरा वक़्त मुझसे बिछड़ गया !
जो चमन ख़िज़ाँ से उजड़ गया
मैं उसी की फ़स्ले-वहार हूँ !
यह उपन्यास हमें आज भी उतना ही प्रासंगिक लगता है क्योंकि ऐसे प्रश्नों से आज हम उतनी ही शिद्दत से जूझ रहे हैं कभी हॉनर किलिंग से, कभी बलात्कार से, कभी कत्लो गैरत से, कभी धार्मिक कट्टरवाद से, कभी जातिवादी कट्टरता, जड़ता से।
No comments:
Post a Comment