Sunday, June 28, 2015

मृणाल का त्याग

त्यागपत्र-जैनेन्द्र का 1937 ईस्वी यानि आज़ादी से 10 साल पहले की रचना। इनका पूरा नाम आनंदीलाल था। जैनेन्द्र दिमाग को झकझोरते है, कचोटते हैं, उद्वेलोलित करते हैं, और फिर छोड़ देते हैं कई दिनों तक आपको विचलित करके। कुल 87 पृष्ठों के त्यागपत्र ने हिलाया और इतना हिलाया के सोच रहा हूँ साहित्य में स्वानुभूति सहानुभूति बहुत छोट्टी चीज़ है। साहित्य में बात होती है आपके अनुभव की गहराई की और बात होती है उस गहराई कोअभिव्यक्त करने की। जैनेन्द्र ने स्त्री मनोविज्ञान को जिस गहराई से पकड़ा है सच कहता हूँ उतनी शिद्दत से शायद कोई स्त्री भी न पकड़ पाती।

मृणाल का बार-बार त्याग इसलिए नहीं था की वह उसके लिए तैयार रहती थी। जिस प्रकार मृणाल के माध्यम से तत्कालीन समाज में स्त्री की स्थिति को मूर्त रूप दिया है वह स्त्री से सम्बंधित सारे खोखले आदर्शों को उघाड़कर रख देता है जो पुरुषवादी समाज ने स्त्री के लिए खड़े किये थे। स्त्री मुझे प्रारम्भ से ही पुरुष से सच्ची, निष्ठावान और समर्पित लगती है। उसमें किसी भी प्रकार का छल, कपट, राग, द्वेष नहीं होता। यह पुरुष ही है जो हमेशा ही उसको छलता आया है।

मृणाल का कसूर इतना था के उसे प्रेम हो गया और उसी प्रेम के चलते उसके घरवाले उससे रुष्ठ हो गए और आनन-फानन में बांध दिया उसको उससे बड़े व्यक्ति के साथ जिसका वो दूसरा विवाह था। वह सब भूलकर उसको सच बताने की गलती कर बैठी बस उस पल से उस पुरुष का पुरुषवादी अहं जाग गया। त्याग दिया उसने उसको। फिर एक कोयले वाले को दया आयी उसने रखा पर मतलब निकलते ही वो भी निकल गया। फिर कभी यहाँ भटकती है कभी वहां पर अपने घर नहीं लौट सकती वह क्योंकि समाज की नज़र में वह कुलटा है, कुलक्षणी है, अमर्यादित है, उच्श्रृंखल है। अंत में समाज के उस तबके में वह आसरा पाती हुई दम तोड़ती है जिसे शहर की गंदगी कहा जाता है। मृणाल उनके प्रति भी कृतज्ञ है और बुलाने पर भी जाती नहीं उनको छोड़कर।

सवाल उठते हैं के स्त्री प्रेम करे तो कुलटा पुरुष प्रेम करे तो प्रेमी......?
स्त्री मर्यादा तोड़े तो अमर्यादित और पुरुष तोड़े तो शान....?
स्त्री खुद के लिए जिए तो पाप और पुरुष खुद के लिए जिए तो पूण्य......?
स्त्री सच बोले तो पिटती है, प्रताड़ित होती है पुरुष सच बोले तो उसका यह अधिकार है......?
सोच रहा हूँ की क्या आज हम इन सवालों के जवाब पूरी तरह ढूंढ पाये हैं...?

यह कैसा समाज हम दे रहे हैं परंपरा स्वरुप अपनी आने वाली भावी पीढ़ी को के वो भी इसी का अनुसरण करके इस खाई को और बढ़ाएगी और समाज और अधिक पतनशील होता जायेगा। हमें दिल और दिमाग दोनों से बदलना होगा तभी स्थिति सुधरेगी अन्यथा पुरुषवादी अहं में भटकते रहने से पुरुष भी क्या संतुष्ट है स्त्री को यूँ पतित करके.......? क्या मृणाल आज नहीं हैं.....?

इसमें जैनेन्द्र ने समाज के हाशिये पे पड़े समाज और उनकी बदत्तर हालात को भी बखूबी चित्रित करते हुए यह दर्शाया है के किस प्रकार समाज के एक तबके को हमने खुद से अलग-थलग करके गंदगी के ढेर पर मरने के लिए छोड़ दिया है। उन्होंने उस वर्ग की अनदेखी को दिखाते हुए यह दिखाने का प्रयत्न किया है के स्त्री और निम्न वर्ग दोनों की स्थिति में कोई अंतर नहीं है दोनों ही प्रताड़ित हैं, शोषित हैं। मृणाल को भी उनके ही वहां शरण मिलती है जो यह दर्शाता है की उन उच्च वर्ग के लोगों से यह निम्न वर्ग के लोग ही अच्छे हैं जो खुद बेसहारा होते हुए भी बेसहारों का सहारा बनते हैं। उनका कटाक्ष सवर्ण वर्ग की नीतियों पर भी सीधा था जो केवल भेदभाव करना जानती है।

अंत में कहूँ तो जैनेन्द्र की यह कृति समस्त भेदभाव पर समता स्थापित करने का बेजोड़ कार्य करती है। समाज की असली पहचान को पहचानकर उनके प्रति हो रहे अमानवीय व्यवहार को जैनेन्द्र ने समस्त समाज के तहत उधाहरण स्वरुप पेश किया है। मेरा नमन साहित्य के सच्चे शोधक को जिसने समाज के लिए समजोउन्मुखी लेखन किया और समाज को नई दिशा दिखाने में अपनी भूमिका का ईमानदारी से निर्वाह किया।

@ सुनील

No comments:

Post a Comment