Saturday, February 28, 2015

बुरे दिन जारी हैं, बजट 2015

उद्योगपतियों पर मेहरबान उनकी ही सरकार है यह। इस बजट में भी आम आदमी की रीढ़ तोड़ते नज़र आये जेटली साहब।

मध्यवर्ग जिन्होंने इस सरकार को आँख बंद करके जिताया था, अब उसके भुगतने के दिन आ गए हैं।
सर्विस कर 12.36 से बढ़ाकर 14 प्रतिशत कर दिया गया है इस सरकार ने जिससे हर क्षेत्र में मेहंगाई जो पहले ही आसमान छू रही थी अब और ज़्यादा आम आदमी की कमर तोड़ने को तैयार है।
बजट पेश ही करने की देर थी के पेट्रोल 3.18 और डीजल 3.06 बढ़ा दिया गया। इससे आम आदमी जो पहले ही मर रहा था अब और ज़्यादा उसकी छुट्टी होगी।
सरकारी कर्मचारिओं को टैक्स में किसी प्रकार की कोई छूट नहीं जिससे उसके लिए कुछ भी बचा पाना मुश्किल हो गया है।

वित्त मंत्री कहते हैं मध्य वर्ग अपना ख़याल अब खुद रखे। सरकार को इससे कोई सरोकार दीखता नहीं है। मोबाइल, मोबाइल के बिल, डी टी एच, केबल, कपडे, बाहर रेस्तरां में खाना आदि सब महंगे हो गए हैं। पहले ही चल रही इतनी योजनाएं ढँग से चल नहीं रही थी अब और नयी योजनाएं उन्होंने लागू कर दी गयी हैं।

मध्य वर्ग वालो अब भुगतो। अभी तो शुरुवात है आपकी। अभी पाँच साल और भुगतना है। बिहार वालो देख लीजिये और संभल जाइए अभी से। अगले चुनाव आपके ही वहाँ हैं। अच्छे दिन आ गए, भाई सबका साथ लेकर ही हम सबका कबाड़ा करेंगे आप बस देखते जाएं आगे-आगे होता है क्या।

@ सुनील

Friday, February 27, 2015

ब्लॉगर अभिजीत रॉय की हत्या

कट्टरपंथियों द्वारा ब्लॉगर अभिजीत रॉय की बांग्लादेश में चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गयी। वह और उनकी पत्नी 17 फरवरी को ढाका में पुस्तक मेला में आये थे। वह www.mukto-mona.com/ नाम से ब्लॉग चलाते थे। हमले में उनकी पत्नी रफीदा भी गंभीर रूप से घायल हो गयी है। मैंने कभी उनका ब्लॉग पढ़ा नहीं पर सुना है वह सत्य का साथ देते थे। समाज में हो रहे अन्याय के खिलाफ वो पुरज़ोर तरीके से अपनी आवाज़ बुलंद करते थे। मूल रूप से अभिजीत बांग्लादेश के निवासी थे। उन्हें अमेरिका की नागरिकता भी हासिल थी। सत्य को दबाने वाले कट्टरपंथी चाहे जितना ज़ोर लगा लें सत्य तो हमेशा कायम रहेगा ही। पिछले कुछ समय से ऐसा लिखने वाले लोगों पर ऐसे कट्टरपंथियों के हमलों की तादाद में बहुत बढ़ोतरी हुई है। हम सबको मिलकर इसकी घोर निंदा करनी चाहिये क्योंकि कट्टरपंथी समाज को उसी बर्बर युग में ले जाने को आतुर हैं। ऐसे कट्टरपंथी लोग समाज को असहिष्णुता की ओर ले जा रहे हैं, वह वैज्ञानिक और तार्किक रूप से बन रहे एक स्वस्थ समाज का माहौल बिगड़ना चाहते हैं ताकि इनकी रोटियां इसी तरह सिकती रहे। धर्म को सहारा बनाकर वो जनता को यूँ ही बेवक़ूफ़ बनाकर प्रारम्भ से ही अपना स्वार्थ सिद्ध करते रहे हैं। अब वक़्त आ गया है के सभी बौद्धिक लोगों को एकत्र होकर समाज को इनके खिलाफ जागरूक करने की ताकि समाज में समरसता का वातावरण बन सके जिससे प्रत्येक व्यक्ति स्वेछान्नुसार अपना जीवनयापन कर सके। दिवंगत अभिजीत रॉय को मेरी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि और उनकी पत्नी के सकुशल स्वस्थ होने की मैं प्रार्थना करता हूँ।

Thursday, February 26, 2015

दिल्ली प्रथम स्थान पर

अरे दिल्ली वाले मित्रों खुश मत होईये। दिल्ली ने प्रदूषण के मामले में बीजिंग को पछाड़कर प्रथम स्थान हासिल कर लिया है। सबसे दुखद यह है के बीजिंग ने इसके नियंत्रण के लिए कठोर कदम उठाये जिससे वहां अब प्रदूषण कम हो रहा है और कुछ खबरों के अनुसार दिल्ली में यह अब बढ़ता ही जा रहा है। तो दोनों शहरों में यह अंतर बढ़ता ही जा रहा है।

यूरोपियन संघ ने दिल्ली में कार्यरत अपने कार्यकर्ताओं को अपने घर व कार्यालयों में प्रदूषण रोकने वाले उपकरणों को लगाने के आदेश जारी किये हैं।

सवाल यहाँ यह है के धनाढ्य वर्ग के लोग तो अपने धनार्जन से ऐसे प्रदूषण रहित यंत्र लगा लेंगे पर जो आम इंसान हैं वो किस ओर जाएंगे। उनका तो ऐसे वातावरण में मरना तय है।

नयी-नयी बनी आप की सरकार और केंद्र की एन.डी.ए सरकार को अब इस दिशा की ओर गंभीरता से विचार करके कुछ नए कठोर नियम बनाने होंगे तभी इस पर लगाम लग पायेगी अन्यथा दिल्ली में रहना दूभर हो जायेगा। इससे भारत की राजधानी की ऐसी छवि विश्व में किस प्रकार धूमिल होगी यह बताने की आवश्यकता नहीं।

Wednesday, February 25, 2015

अपनी राष्ट्रभाषा होना

भारत जैसे देश में यह उतना आसान नहीं। भारत में प्रत्येक क्षेत्र की अपनी क्षेत्रीय भाषा है और हर क्षेत्र के लोग अपनी भाषा में बोलना सहज महसूस करते हैं। भारत की अपनी भाषा हो यह मैं भी चाहता हूँ पर क्या है न यहाँ भाषाओं की उपयोगिता और उनका सम्मान ही नहीं होता तो हम कैसे अपेक्षा करें के हमारी कोई राष्ट्रीय भाषा बनेगी।
हर सरकार अंगेज़ी की डुगडुगी बजाकर क्षेत्रीय भाषाओं को हीन साबित कर देती है। उदाहरण हम भारतीय भाषओं को लेकर यू.पी.एस.सी की गलत नीतियों के विरोध में छात्रों द्वारा किया गया आंदोलन है। हम सबने स्पष्ट वहां देखा की किस प्रकार केंद्रीय सरकार ने उस आंदोलन का दमन किया। यह स्पष्ट दर्शाता है के हमारी सरकार कितनी भाषाओं को लेकर गंभीर है। केवल पूंजीपतियों के प्रति ही इनका उत्तरदायित्व झलकता है। आम आदमी की आवाज़ का दमन करना ही इनका दायित्व है। ऐसी सरकारों से हम क्या अपेक्षा करें के वो इस क्षेत्र में कोई कारगार कदम उठाएगी। यह सब कुर्सी के दलाल हैं जो क्षेत्रवाद फैलाकर देश को केवल टुकड़ों में बाँटने का कार्य करेंगे ताकि इनके अपने और इनके आकाओं के हित सधते रहें सदा।

अगर हम वाकई अपनी कोई राष्ट्र भाषा चाहते हैं तो सर्वप्रथम हमें सभी भाषाओं को एक सा सम्मान देना होगा। अग्रेज़ी की लंगोटी छोड़कर प्रत्येक कार्य क्षेत्रीय भाषा में करने होंगे। अगर हम ऐसा करेंगे तभी हम हर क्षेत्र के लोगों के दिलों को जीत सकते हैं और तभी सभी क्षेत्र के लोग किसी राष्ट्रीय भाषा को स्वीकार करेंगे। बड़े चाव से चुना था लोगों ने केंद्र की इस मोदी सरकार को पूर्ण बहुमत के साथ पर जैसा की अपेक्षित ही था के इसी ने उन करोड़ों युवाओं की आशाओं, आकांक्षाओं का दमन कर दिया भाषा आंदोलन को ही दबाकर, छल और बल के साथ। ऐसे विश्वासघात करने वालों के साथ क्या करने की आवश्यकता है यह जनता जानती है दिल्ली इसकी मिसाल है अब बिहार की बारी है। भाषाओं का सम्मान ही किसी भी राष्ट्र को उन्नति के शिखर पर पहुंचा सकता है। जब तक हम इसकी उपेक्षा करते रहेंगे तब तक हमारा सम्पूर्ण विकास असंभव है।

@ सुनील

Tuesday, February 24, 2015

बादल

"हर खेत की आशा हैं यह बादल,
हर किसान की मुस्कान हैं यह बादल,

कभी घोर बरसते हैं यह बादल,
कभी भाप बनकर उड़ जाते हैं यह बादल,

शहर की गंदगी साफ़ करते हैं यह बादल,
शहर को तबाह भी करते हैं यह बादल,

गरिब के घर की शामत हैं यह बादल,
गीले चूल्हे में तड़पती भूख हैं यह बादल,

ठेले वालों के दुश्मन हैं यह बादल,
पेट के लिए जूझते भिखारियों को भूखे रुलाते हैं यह बादल,

अनाज पैदा भी करते हैं यह बादल,
अनाज को नष्ट भी करते हैं यह बादल,

ऋतुओं को बदलते हैं यह बादल,
कच्ची मिट्टी से बने घरोंदों के दुश्मन हैं यह बादल,

नदी, समंदरों, नालों, तालाबों की प्यास बुझाते हैं यह बादल,
बाढ़ से तबाही का मंज़र भी दिखाते हैं यह बादल,

तूफ़ान के मित्र भी हैं यह बादल,
ज़मीन को राहत पहुँचाते हैं यह बादल,

बिजली बनकर जलाते भी हैं यह बादल,
भयंकर गर्जन से खुद का एहसास भी दिलाते हैं यह बादल,

हर व्यक्ति का साथ निभाते हैं यह बादल,
हर व्यक्ति को पाठ भी पढ़ाते हैं यह बादल,

जैसे भी हैं पर जीवन का अभिन्न अंग हैं यह बादल,
ख़ुशी और ग़म का संगम हैं यह बादल..."

©® सुनील कुमार सलैड़ा २४.२.१५

Sunday, February 15, 2015

सिसकियाँ

"अश्क़ बहकर चुप हो जाते हैं,
रह जाती हैं बाकी बेज़ुबान सिसकियाँ,

भीतर की घुटन करती हैं बयान सिसकियाँ,
किसी हिंसा को दर्शाती हैं बेजान सिसकियाँ,

असफलता की गूंज सुनाती हैं सिसकियाँ,
नाकामियों को भी पनाह देती हैं सिसकियाँ,

भीड़ में अक्सर खो जाती हैं सिसकियाँ,
शांति में भयावह हो जाती हैं सिसकियाँ,

घरेलु हिंसा को दर्शाती हैं सिसकियाँ,
किसी नयी नवेली के दिल की हुक सुनाती हैं सिसकियाँ,

बेवजह शक से उजागर हो जाती हैं सिसकियाँ,
आपसी नासमझ की वजह बनती हैं सिसकियाँ,

यौन हिंसा की मर्मभेदी पीड़ा हैं यह सिसकियाँ,
बचपन में बचपन को मारती ज़ालिम हैं यह सिसकियाँ,

जवानी में नाकाम संघर्ष पर इतराती हैं सिसकियाँ,
बुढ़ापे में हुए तिरस्कार की दास्ताँ सुनाती हैं यह सिसकियाँ,

भूख में अति तीव्र हो जाती हैं सिसकियाँ,
जाड़े में खुले आकाश के नीचे घर को तरसती हैं सिसकियाँ,

जीवन की कटु सच्चाई है यह सिसकियाँ,
हर पल साथ निभाती हैं यह बेबस सिसकियाँ..."

Friday, February 13, 2015

अयन प्रकाशन से प्रकाशित मेरी कुछ कविताएं

अयन प्रकाशन द्वारा एक सुन्दर प्रयास। फेसबुक मित्रों की कवितायों को स्थान देकर उन्होंने उन्हें एक मंच प्रदान किया। सभी मित्रों की कवितायों को तीन खण्डों में प्रकाशित किया गया है जिनका विमोचन विश्व पुस्तक मेला में अयन प्रकाशन के स्टाल से 19 फरवरी 2015 को शाम चार बजे किया जायेगा। अधिक विवरण साथ में संकलित तस्वीर में है। जो भी मित्र पुस्तक मेले में भाग ले रहे हैं वो इस विमोचन प्रक्रिया में भाग लेकर इस आयोजन को सफल बनाएं। तीनों खण्डों की सफलता की कामना करता हूँ।

मेरी भी कुछ कविताएं द्वितीय खंड में प्रकाशित की गयी हैं। इसके लिए मैं भूपी सर का दिल से आभारी हूँ। आशा है भविष्य में भी उनका प्यार यूँ ही मिलता रहेगा।

Thursday, February 12, 2015

दलित लेखक तुलसीराम नहीं रहे

अभी-अभी एक एक दुखद समाचार प्राप्त हुआ। दलित साहित्य के महतवपूर्ण हस्ताक्षर प्रोफेसर तुलसी राम जी का निधन हो गया है। दलित साहित्य में उनका योगदान अतुल्य है। अपनी आत्मकथा 'मुर्दहिया' और उसका दूसरा भाग 'मणिकर्णिका' की रचना करके उन्होंने दलित आत्मकथा लेखन की परंपरा को आगे बढ़ाया। किसी की जगह कोई भर नहीं सकता क्योंकि हर व्यक्ति का अपना एक विशिष्ट स्थान होता है। इस महान लेखक, चिन्तक को मेरी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि।

Tuesday, February 10, 2015

सफल स्वच्छ दिल्ली अभियान

आज दिल्ली के इतिहास में वो हुआ जो आज से पहले कभी नहीं हुआ। आप ने आज दिल्ली में झाड़ू चलाकर सब कचरा साफ़ कर दिया। अब बात आज के नतीजों की।
आप-67
बी.जे.पी.-3
कांग्रेस-0
अन्य-0
--------
कुल :- 70

कुल मिलकर आज इतिहास रचा गया। दिल्ली की राजनीति के इतिहास में आप पहली ऐसी पार्टी बनी जो इतने ज़ोरदार बहुमत से जीती है। इससे पहले कांग्रेस ने 1998 में 52 सीटों पर कब्ज़ा करके इतिहास रचा था।
अब बात वोट प्रतिशत की तो पिछले चुनाव के मुक़ाबले इस चुनाव में आप का वोट प्रतिशत 54.3 प्रतिशत बढ़ा है वहीं बी.जे.पी का वोट प्रतिशत 34 से 32.2 प्रतिशत ही रहा और कांग्रेस 9.2 प्रतिशत तक ही सिमटकर रह गयी।

कुल मिलाकर यह लोकतंत्र की जीत है, जनता के विश्वास की जीत है। केवल वादों का लबादा ओढ़कर आप हर बार जनता को बेवक़ूफ़ नहीं बना सकते। दिल्ली की जनता की तारीफ मैं इसलिए भी करता हूँ क्योंकि उन्होंने साम्प्रदायिकता की राजनीति करने वालों को ढेंगा दिखाकर यह साबित कर दिया के दिल्ली आपसी भाईचारे की मिसाल वाला प्रदेश है जहाँ सभी एकजुट होकर जीवनयापन करते हैं।

मुद्दों की राजनीति करने वाले अरविन्द केजरीवाल जनता से उभरे जनता के नेता हैं जिन्होंने जनता के बीच जाकर दिल्ली के लोगों के दिलों में अपनी जगह बनायी। हाफ पेंट वालों की यहाँ एक नहीं चली। हमेशा हवाई किले बनाना, बस वाक्चातुर्य से बड़ी-बड़ी बातें करना, पूंजीपतियों का संरक्षण, आम जनता को ढेंगा, बोगस वोट डलवाना, फ़र्ज़ी वोट डलवाना, अनगिनत धन का प्रयोग करना, प्रचार के लिए नीचता की हर हद पार करना, बाहुबल का प्रयोग करना, व्यक्तिगत स्वार्थ को सर्वोपरि रखना आदि ऐसी घृणित राजनीति करने वालों के असली चेहरे को जनता एक दिन आवश्य पहचानती है। आज ऐसे घमंडी और झूठे लोगों को दिल्ली की जनता ने पहचानकर सबक सिखाया है।

दिल्ली की राजनीति को बदल दिया आज अरविन्द केजरीवाल ने। अब आशा करता हूँ अन्य प्रदेशों की जनता भी मुद्दों के आधार पर अपने प्रदेश में वोट डाले। बिहार अब अगला प्रदेश है जहाँ अगले चुनाव होंगे। वहां की जनता भी अब जागेगी ऐसी मैं आशा और अपेक्षा करता हूँ। घमंड हमेशा चूर होता और आत्मविश्वास हमेशा व्यक्ति को बुलंदियों पर पहुंचा देता है। आज दिल्ली में लोक सभा चुनाव की याद ताज़ा हो आई जहाँ कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष का पद भी हासिल नहीं कर पायी थी। वैसे ही आज बी.जे.पी भी नेता प्रतिपक्ष का पद हासिल करने में असफल रही क्योंकि उसके लिए 7 का आंकड़ा हासिल करना था जो हुआ नहीं।

अब केजरीवाल से आशा और अपेक्षा दोनों करता हूँ के अब दिखा दीजिये के आप केवल वादों और घोषणाओं की पार्टी नहीं है। वो वादों का क्रियान्वन करने वाली पार्टी है और मुझे पूरी उम्मीद है के आप इस पर खरा आवश्य उतरेगी। बारहाल आज जश्न का दिन है। झुठे वादे करके जनता की भावनाओं से खिलवाड़ करने वालों से मुक्ति का दिन है तो सभी मित्रों और समस्त दिल्लीवासियों को मेरी ओर से हार्दिक बधाई और ढेरों शुभकामनाएं।

कुछ पंक्तियाँ मेरी ओर से आप को:-

"बदलाव अब होने को है,
नयी रौशनी का सूरज अब निकलने को है,
रोकेगी न अब कोई बाधा हमको,
हमने अब सब बदलने की है ठानी यहाँ..."

©® सुनील कुमार

Sunday, February 8, 2015

कृष्णदत्त पालीवाल जी का निधन

कृष्णदत्त पालीवाल ४ मार्च १९४३-८ फ़रवरी २०१५
-----------------------------
आदरणीय कृष्णदत्त पालीवाल जी का दिल का दौरा पढ़ने से निधन हो गया। वह दिल्ली विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व अध्यक्ष रह चुके थे। वह एक उच्च कोटि के साहित्यकार थे। उन्होंने अपनी कई रचनाओं से साहित्य समृद्धि में अपना योगदान दिया।

उनकी प्रमुख कृतियाँ है -
भवानीप्रसाद मिश्र का काव्य-संसार, आचार्य रामचंद्र शुक्ल का चिंतन जगत्, मैथिलीशरण गुप्त : प्रासंगिकता के अंत-सूत्र, सुमित्रानंदन पंत, डॉ. अम्बेडकर और समाज-व्यवस्था सीय राम सब जग
जानी, सर्वेश्वरदयाल सक्सेना, हिंदी आलोचना के नए वैचारिक सरोकार गिरिजाकुमार माथुर, जापान में कुछ दिन, डॉ. अम्बेडकर : समाज-व्यवस्था और
दलित-साहित्य, उत्तर-आधुनिकतावाद की ओर, अज्ञेय होने का अर्थ, उत्तर-आधुनिकतावाद और दलित साहित्य, नवजागरण और महादेवी वर्मा का रचना-कर्म, स्त्री-विमर्श के स्वर, अज्ञेय : कवि-कर्म का संकट निर्मल वर्मा, दलित साहित्य : बुनियादी सरोकार, निर्मल वर्मा : उत्तर औपनिवेशिक विमर्श, अंतरंग साक्षात्कार,
नवजागरण, देशी स्वच्छंदबाद और नयी काव्य धारा, अज्ञेय से साक्षात्कार। साहित्य  को उंचाईयों तक पहुँचाने में उनका योगदान अतुल्य है।

उनका जाना साहित्य जगत के लिए एक दुःखद घटना है। उनकी कमी सबको खलेगी। मेरी ओर से उनको भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार वालों को संबल।

Friday, February 6, 2015

50 वां ज्ञानपीठ पुरूस्कार

मराठी के मशहूर साहित्यकार भालचंद्र नेमाड़े को 50वां ज्ञानपीठ पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई। नेमाड़े देश का सर्वोच्च साहित्य सम्मान पाने वाले 55वें साहित्यकार हैं। इससे पहले पांच दफा संयुक्त रूप से यह पुरस्कार प्रदान किया गया था।

ज्ञानपीठ की ओर से आज जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि ज्ञानपीठ पुरस्कारों के स्वर्ण जयंती वर्ष में मराठी भाषा के लब्ध प्रतिष्ठित साहित्य साधक भालचंद्र नेमाड़े को वर्ष 2014 का 50वां ज्ञानपीठ पुरस्कार दिया जाएगा।

ज्ञानपीठ पुरस्कार चयन समिति के चैयरमैन और प्रसिद्ध आलोचक नामवर सिंह की अध्यक्षता में हुई समिति की बैठक में उन्हें इस पुरस्कार के लिए
चुना गया।

पद्मश्री से सम्मानित नेमाड़े को उपन्यासकार, कवि, आलोचक और शिक्षाविद् के तौर पर जाना जाता है। वह 60 के दशक के लघु पत्रिका आंदोलन के प्रमुख हस्ताक्षर थे।

ज्ञानपीठ के निदेशक लीलाधर मंडलोई ने
बताया कि नेमाड़े भारतीय भाषाओं के ऐसे साहित्यकारों में शामिल हैं, जिन्होंने तीन पीढ़ियों को प्रभावित किया है। मराठी साहित्य में उनकी प्रमुख कृतियों में साल 1968 में प्रकाशित उपन्यास 'कोसला' और साल 2010 में प्रकाशित वृहद उपन्यास 'हिन्दू : जगण्याची समृद्ध अडगल' शामिल हैं। उन्होंने बताया कि नेमाड़े को आलोचनात्मक कृति 'टीका स्वयंवर' के लिए वर्ष 1990 में साहित्य
साहित्य अकादमी पुरस्कार से नवाजा गया था। मंडलोई ने बताया कि ज्ञानपीठ पुरस्कार के रूप में 11 लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र, वाग्देवी की प्रतिमा प्रदान
की जाएगी।

गौरतलब है कि पहले ज्ञानपीठ पुरस्कार से 1965 में मलयालम के लेखक जी शंकर कुरूप को सम्मानित किया गया था। ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित होने वाले
नेमाड़े मराठी के चौथे साहित्यकार हैं। इससे पहले वीएस खांडेकर, वीवीएस कुसुमाग्रज और विंदा करंदीकर इस सम्मान से सम्मानित हो चुके हैं।

साभार एन.डी. टी.वी

Wednesday, February 4, 2015

लहरें

"समुन्द्र की शांति को भंग करती हुई लहरें,
लौट आती हैं इक ज्वार लिए हर रोज़,

किनारों तक पहुँचने को छटपटाती हैं,
पर किनारा कभी न पाती हैं लहरें,

खुद में घुटती...खुद में रिसती,
खुद में ही समा जाती हैं लहरें,

समुन्द्र भी रहता है परेशान,
खुद को रोज़ संभालता है वो,

ज़ोर मगर कुछ चलता नहीं उसका,
लहरों से मथना ही रोज़ नियति सी है अब उसकी,

गली हुई हैं गीली लहरें,
सूखने को हैं हर पल छटपटाती,

पर है नसीब उसका छटपटाना,
किनारे को हैं हर पल तरसती भीगी लहरें...रिसती लहरें...घुटती लहरें..."

©® सुनील कुमार ५.२.१५

विश्व कैंसर दिवस

आज विश्व कैंसर दिवस है। वर्तमान में आधुनिक जीवन शैली में इसके मरीजों की संख्या सबसे अधिक बड़ी है। सभी से निवेदन है के अपनी जीवन शैली को सुधारें ताकि इस जानलेवा बीमारी से बचा जा सके। अपने शरीर को भी थोडा समय दीजिये मित्रो ताकि सब व्यवस्थित हो जाये। चिंता भी इस बीमारी की एक और वजह है तो चिंतामुक्त रहें। स्वस्थ रहें, खुश रहें।

Today is world cancer day. In this present modern lifestyle the cases of this disease increasing day by day. So it's my humble request to all of you that please change your lifestyle and give your body time so that we can prevent ourself from this deadly disease. Stress is another reason of spreading this disease. So be stress free. Stay healthy, stay blessed.

Tuesday, February 3, 2015

यह कैसी सरकार

रैलियों, घोषणाओं, वादों, बड़ी-बड़ी बातों आदि तमाम तरह की बातों की सरकार है हमारी केंद्रीय नेतृत्व की मोदी सरकार। आज फिर पेट्रोल के दाम 2 रुपये 45 पैसे और डीजल के दाम 2 रुपये 25 पैसे घटे हैं। पेट्रोल के दामों में यह दसवीं कटौती है जबकि डीज़ल को जबसे सरकार ने अनियंत्रित किया है तबसे उसमें यह छठी कटौती है।

सवाल यहाँ यह उठता है के अगर डीजल के दामों में यह छठी कटौती है तो फिर हमारे देश में महँगाई कम होने का नाम क्यों नहीं ले रही है....? भई सुना है डीजल के दाम घटने से महँगाई भी घटती है पर यहाँ अभी तक ऐसा कुछ असर दिख क्यों नहीं रहा....?

एक और प्रश्न मेरे मन में उभरता है के अगर महंगाई कम नहीं हो रही तो इसके पीछे कारण क्या है... तो मैंने जो पाया वो स्पष्ट है के सारा मुनाफ़ा पूंजीपतियों की जेबों में जा रहा है....तो फिर सरकार तो उन्हीं के हित में कार्य करती नज़र आ रही है और वादे करके आम जनता का अभी तक पेट भरा जा रहा है। ऐसे तो जनता का हाल बेहाल होना तय है। रोज़गार देंगे युवाओं को पर रोज़गार तो कहीं दिख नहीं रहा।

इतना ज़बरदस्त वाक्चातुर्य है इनके पास के जनता अभी तक मोहित हुए बिना रह नहीं पा रही। अरे अभी भी वक़्त है संभल जाओ वतन वालो और झूठे वादों को पहचानो वर्ना भुगतने को तैयार रहो। याद रहे वादों से न आज तक किसी का पेट भरा है न भरा था और न कभी भरेगा। जागो जनता जागो।

@ सुनील

Sunday, February 1, 2015

दिल्ली का दंगल

एक बार फिर दिल्ली तैयार है। सियासी रंग पुरज़ोर तरीके से चढ़ा है दिल्ली की गलियारों में एक बार फिर। सभी वादों की झड़ियाँ लगा रहे हैं।

माननीय प्रधानमंत्री झुग्गी वालों पर मेहरबान है और कच्चे मकान के स्थान पर पक्के बनाने को कह रहा है।

बी.जे.पी अध्यक्ष अमित शाह विजयरथ पर सवार हैं और दिल्ली अभी पूरी विजय की नहीं वो बिहार की ओर अपना रथ भगा रहे हैं।

अब बात आप के अरविन्द केजरीवाल की वो दिल्ली को पूर्ण दर्जा दिलाने को आतुर है। और भी कई लोक लुबावने वादों की फेहरिस्त है उनके पास।

कांग्रेस के अजय माकन और सोनिया गांधी पिछले 15 वर्ष के अपने कार्यकाल की उपलब्धियाँ गिना रहे हैं। यानि उनके पास कुछ नया नहीं।

सवाल यह है के दिल्ली की जनता क्या चाहती है। खैर जनता की चाहत देखता भी कौन है। क्या इस बार दिल्ली को स्थिर सरकार मिल पायेगी....? यह तो बाद की बात है पर चुनावी सरगर्मी के बीच इस समय दिल्ली सर्दी में भी गर्म दिखाई दे रही है। देखें ऊँट किस करवट बैठता है।