Saturday, March 28, 2015

फैज़

"वो बात सारे फ़साने में जिसका ज़िक्र न था,
वो बात उनको बहुत नागवार गुज़री है..."

फैज़

आम अब ख़ास हो गए

भारतीय राजनीति में जिस प्रकार आम आदमी पार्टी का उदय हुआ उससे लग रहा था के अब एक ऐसी पार्टी आ गयी है जो अवसरवादिता की राजनीति से परे आम जनता की पार्टी बनेगी पर जिस प्रकार सत्ता में आते ही उनके नए-नए चर्चे आये दिन देखने को मिलते हैं उससे मोहभंग हो गया इनसे। फिर चाहे अरविन्द का स्टिंग हो या उस स्टिंग को व्यवहारिक अमली जामा पहनते वो खुद।

आज जो हुआ वो दिल को दुखाने वाला है। योगेन्द्र यादव, प्रशांत भूषण और अन्य के साथ अरविन्द केजरीवाल का अपनाया हुआ तानाशाही वाला रवैया वाकई ही इनकी सत्ता लोलुबता को दर्शा रहा है। मेधा पाटकर जैसी मेधावी का पार्टी छोड़ना यह दर्शाता है के किस तरह पार्टी सत्ता के मद में आम से ख़ास हो गयी है। सभी अच्छे लोगों की जो दुर्गति इन्होंने की वो व्यथित कर गयी। राजनितिक पार्टियों में पहले ही विश्वास नहीं था पर इन पर विश्वास करने का मन कर गया था पर अब दिल कर रहा है के यह सभी एक ही जैसे हैं सत्ता मिलते ही सुर बदल लेते हैं। एक बार फिर जनता ठगी गयी इन सत्ता लोलुबों के हाथों। अब जनता फिर जए तो किधर जाये यही सवाल है.....?

@ सुनील

Thursday, March 19, 2015

राजबाग पुलिस थाने पर आतंकी हमला

आज की सुबह बहुत ज़हरीली निकली। जम्मू के कठुआ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राजबाग पुलिस स्टेशन पर तीन आतंकवादियों हमला कर दिया जिसमें एक पुलिस वाले के मारे जाने की ख़बर आई है और आठ घायल हुए हैं। यह पुलिस स्टेशन अंतर्राष्ट्रीय सीमा रेखा से मात्र 15 किलोमीटर की दुरी पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है। दोनों पक्षों में ताबड़तोड़ गोलीबारी जारी है। मृतकों और घायलों का आंकड़ा और अधिक बढ़ सकता है क्योंकि अभी ऑपरेशन जारी है। कहा जा रहा है के यह आतंकवादियों की नयी घुसपैठ है पाकिस्तान की ओर से। बेहद दुखद और भर्तसना योग्य कायर कृत्य है यह पाकिस्तान का। देखें अब क्या कदम उठाते हैं हमारे राज्य और केंद्र के मतलबपरस्त नेता...ज़िला प्रशासन ने राष्ट्रिय राजमार्ग आम जनता की आवाजाही के लिए बंद कर दिया है।

Militants attack on Rajbagh Police Station
-----------------------------------------------
Militants attack police station in Kathua districtJAMMU, MARCH 20: One policeman has reportedly died after unidentified gunmen opened fire at a police station in Jammu's Kathua district this morning.The attackers are reportedly inside the police station and a heavy exchange of firing has been on for the last hour and a half.Reports suggest there are at least three attackers in military uniforms.The attackers opened fire at the Rajbagh police station a little before 6 am. This police station is located barely 15 kilometres from the International Border.Sources say the attackers could be a fresh group of infiltrators who may have crossed the border last night.Security forces and police teams have rushed to spot.District authorities have closed traffic on National Highway 1 in Jammu.

Sunday, March 15, 2015

ज़िन्दगीनामा-कृष्णा सोबती

औकात न क़लम की
न लेखक की
न लेखन की
ज़िन्दगी फैलती चली गई
काग़ज़ के पन्नों पर
कुछ इस तरह
ज्यों धरती में उग आया हो
विशाल जड़ों वाला
एक ज़िंदा रुख।

उद्धृत : सोबती-वैद संवाद, राजकमल प्रकाशन, दिल्ली, पृ. ३०

Wednesday, March 11, 2015

रंग बदलता शहर

लगा है पथरों का मेला,
जज़बात के बाज़ार में,

छल-कपट हैं दुकानदार यहाँ,
गिरगिट हैं ख़रीदार सभी,

कहीं बिकता ईमान यहाँ,
कौड़ियों के भाव से,

कहीं उठाते हैं फायदा हालात का,
कहीं बेआबरू होते हैं अरमान यहाँ,

बेमतलब की वफ़ा का ढोंग है यहाँ,
बेवफाई के बेशुमार हैं ख़रीददार यहाँ,

दम तोड़ते सपने पड़े हैं किसी कोने में,
हवस के पुजारी हैं सत्ता के दलाल यहाँ,

लटका हैं सूली पे इन्साफ यहाँ बीच बाज़ार में,
नाइंसाफी की जय जयकार है पथरों से सीनों में,

झूठ की खेती लहलहाती है आज यहाँ चहुँ ओर,
सत्य बन गया बंजर यहाँ रही न उसकी पूछ कोई,

लूट लेते हैं सरे राह अब क्या नेता, क्या अभिनेता,
धुल झोंके अब आँखों में सब, दिल से बने हितेषी हैं,

विकट समय की अजब कहानी है यह,
कौवे यहाँ हैं मोती चुगते, हंस यहाँ फटे हाल हैं,

ऐसे ही अब जीना सबको, घूंट ज़हर का पी-पीकर,
अब न होगी भोर चमकती, सदा रहेगी काल रात्रि इस नगर हर रोज़ यहाँ..."

©® सुनील कुमार १२.३.१५

Monday, March 9, 2015

बिखर न सका

"बिखरकर भी मैं टूट न सका,
इतनी सहने की आदत हो गयी,
तेरा अक्स अक्सर मुझे जोड़ देता,
वरना तो क्या था तबाह हो जाने में..."
©® सुनील कुमार ९.३.१५

Saturday, March 7, 2015

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

8 मार्च यानी महिलाओं का दिवस। मुझे आपत्ति है भाई इससे। अब आप कहेंगे वो क्यों जी बस एक दिन तो हमारा है वो भी हमसे छीन लेना चाहते हो। तो मेरे भीतर कुछ सवाल हैं जो हमेशा कुलबुलाते रहते हैं शायद सभी के भीतर यही सवाल होंगे तो क्या सबको इसके जवाब मिले। मुझे नहीं मिले इसलिए मैं हिमायती नहीं इसका....अब सवाल:-
क्या कभी कोई पुरुष दिवस मनाता है....?
क्या महिलाएं भीतर से संतुष्ट है, खुश हैं....?
कितनी महिलाओं को इस विश्व में यह जानकारी होगी इस दिवस की....?
क्या आज के दिन उन हज़ारों, लाखों या करोड़ों महिलाओं की दिनचर्या में कोई परिवर्तन होता है जिनकी किस्मत में है पीटना, लुटना, हिंसा का हिस्सा बनना....?
क्या समानाधिकार की बात करने वाली महिलाएं जो कहती हैं हमें समानाधिकार हैं क्या वाकई उनको समानाधिकार हैं....?
और अगर समानाधिकार हैं तो कितना वो अन्य पीड़ित महिलाओं के अधिकारों के लिए प्रयासरत हैं टी.वी, इंटरनेट जिसमें फेसबुक, ट्विटर, वाट्सअप आदि अनेकानेक ऐसी अनगिनत तकनीकों को छोड़कर व्यवहारिक रूप से उन महिलाओं के बीच जाकर उनकी आवाज़ बुलंद करती हैं.....?
कितनी महिलाएं जिनको महिला सशक्तिकरण का अर्थ तक ज्ञात नहीं उनमें से कितनी महिलाओं को इसका हिस्सा बनाया जा रहा है यानि उन्हीं में से कितनों को प्रतिनिधि बनाकर उनके उद्धार की बात की जाती है....?

सवाल बेशुमार है पर जवाब शून्य है। हम सबको पहले यह समझने की आवश्यकता है के हम कैसे इस पितृसत्ता की परिपाटी को तोड़ सकते हैं तो किसी भी तानाशाही सत्ता को तोड़ा हमेशा उसको चुनौती देकर ही है और चुनौती अंदर बड़े-बड़े आलिशान महलों में बैठकर तो कोई दे नहीं सकता। उसके लिए तो ज़मीनी स्तर पर बाहर निकालकर क्रांति करने की ज़रूरत है। पर क्रांति आएगी कैसे यह पहले समझना होगा। आजकल जो स्त्री विमर्श, स्त्री सशक्तिकरण, स्त्री समानाधिकार के जो भी मंच, संस्थाएं चलायी जा रही हैं यह उन महिलाओं द्वारा चलायी जा रही हैं जिन्हें पुरुषों ने कुछ सीमित अधिकार दे दिए हैं इन संस्थाओं के द्वारा। अगर वाकई क्रांति का बिगुल बजाना है तो उन पीड़ित महिलाओं को जगाना होगा जो शोषित हैं, जो आज भी पुरुषों द्वारा सताई जा रही हैं। उनकी चेतना को जगाना होगा ताकि वो आगे अपने साथ की महिलाओं को जगाकर अपने अधिकारों को हासिल करने में उनकी सहायता करें।

हर पीड़ित महिला को मुख्यधारा में लाना होगा और उसमें यह आत्मविश्वास जगाना होगा के उसकी भी रीढ़ है। यह सब संभव केवल महिलाएं अपने दम पर नहीं कर सकती। इसके लिए प्रगतिशील पुरुषों को सामने आना होगा। उनको साथ मिलकर रूढ़िवादी पितृसत्ता समाज के पैरोकारों को यह एहसास दिलाना होगा के स्त्री के बिना उसका भविष्य भी अंधकारमय है। डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर स्त्री विकास के सबसे बड़े हिमायती थे। उनका कहना था के, "जिस समाज में स्त्रियों के विकास के मार्ग अवरुद्ध कर दिए जाते हैं वे समाज कभी तरक्की नहीं कर सकता,
हर समाज के विकास के लिए स्त्री का विकास करना बेहद आवश्यक है..."। हर समाज में संतुलन होगा तभी उस समाज का विकास संभव हो पायेगा। ऐसे ही महिलाओं का भी सम्मान होगा तभी समाज में एक सुखद वातावरण बन पायेगा। तो मेरे कहने का सम्पूर्ण भावार्थ यही है के केवल एकमात्र दिवस तय कर देने से महिलाओं की स्थिति परिवर्तित नहीं हो जायेगी। हर दिन हमें मिलकर प्रयास करना होगा तभी समता आ पायेगी।

@ सुनील

Friday, March 6, 2015

विचारों की खोह में जूझता जीवन

अक्सर जीवन की उहापोह में हम खो जाते हैं। अनेक सवाल टकराकर बाहर उछल आते हैं फिर उसी तीव्रता से वो अनसुलझे से वापिस अपने तरकश में लौट आते हैं तड़पाने, बेचैन करने....सवाल जो जीवन का सत्य हैं जिनसे हर किसी को अपने जीवन में दो-चार होना ही पड़ता है। कहते हैं जीवन में संघर्ष न हो तो जीवन आपका बेकार है पर इस संघर्षशील दौर में जब मशीनें इंसानों के ऊपर राज करने लगती हैं तब चोट पहुँचती है। चोट बस हम जैसे कुछ मूर्खों को ही पहुँचती हैं क्योंकि हम ही हैं जो एक संवेदना नामक राग को अक्सर अलापते रहते हैं और फिर जब मशीनों से टकराकर यह राग अस्त-व्यस्त हो जाता है तब अपना माथा फोड़ने के सिवाए अपने पास कुछ उपाय बचता ही नहीं है।

ग़नीमत तो तब हो जाती है जब फूटे हुए सर से प्रेरणा लेकर हम कुछ आगे असंवेदनशील बनने के बजाये फिर उसी संवेदना की दिशा में निकल जाते हैं क्योंकि हमारे भीतर एक अंजना सा शख़्स जो बैठा है कुंडली मारकर वो कमबख्त हमको कहीं और किसी अन्य दिशा में भटकने ही नहीं देता है। बस बांध देता है अपने जाल में अक्सर हमको और हम बस तड़पते रहते हैं टूटे, बेबस, बेकस, बिलबिलाते हुए, घिसटते हुए, जख्मों के दर्द लिए, आहों को सँभालते, सपनों को बुनते, सपनों को टूटते, कशमकश में तैरते, किसी मीलों दूर खायी में धँसते ही जाते हैं पर यह विचारों के साथ अपनी जंग है के समाप्त होने का नाम ही नहीं लेती है।

फिर कुछ सवाल जो शायद सबके जीवन में एक से ही उभरते होंगे बस परिस्थियाँ अलग-अलग होती होंगी। मेरे जीवन में मुझसे कई सवाल टकराते हैं जैसे पीएच.डी के बाद क्या होगा....? जीवन किस दिशा में जायेगा....?
क्या जो खोया उसे लौटाया जा सकता है....?
या भावी भविष्य में जो मिलेगा उससे पिछला सब मिट जायेगा.....?
या जो इतनी दरयिदिली दिखाई तुमने के दूसरे तुम्हारे ऊपर धड़ले से पाँव रखकर दबाते हुए या यूँ कहें कुचलते हुए आगे निकल गए क्या इतना सहने के बाद अब आगे कुछ होगा अच्छा या इस वर्तमान मशीनी युग में एक हम ही रह गए बाबा आदम के ज़माने के.....?
सारी संवेदना क्या हममें ही बची है इन पथरों के बीच.....?
क्या हम ही ढोलक है बस बजने को इस जहाँ में...?
क्या उनका जो निकल गए पत्थर बनके आगे कभी उनके भीतर का लावा भी पिघलता होगा....?
या रिसने को केवल हम ही हैं पीप की तरह दर्द से सराबोर....?
क्या पथरों को कभी दर्द होता होगा....?
क्या मशीनों को कभी जंग लगता होगा....?
ऐसे कई अनगिनत, अनसुलझे सवालों से अक्सर अपनी मुठभेड़ आये दिन नृत्यप्राय होती रहती है....फिर किसी शायर का एक शेर सामने खड़ा हो जाता है.....

"जुस्तजू हो तो सफ़र कहाँ खत्म होता है,
यूँ तो हर मोड़ पे मंज़िल का गुमाँ होता है....."

और हम फिर निकल पड़ते हैं अनजाने सफ़र की अनजान डगर पर तन्हा अकेले, अकेले बस अकेले ही रौशनी से दूर अँधेरे को अपना साथी बनाये दूर कहीं दूर शायद क्षितिज के उस पार...?
या धरा को करके पार करके मिल जाये कोई ऐसा संसार जहाँ बस्ती हो शैतानों की जिनमें कोई गुण न हों इंसानों से....?
जो करते हों वार खुले आम, काटते हो दरिद्रता से, जिनमें नाम न हो उस संवेदना का जो चुभती है, काटती भी है पर भीतर से निर्ममता से निश्छल, निर्मल, शीतलता लिए हुए ही रहती है हमेशा....
जाने मिलेगा कुछ ऐसा कभी या नहीं यह हम नहीं जानते हैं और न शायद मेरी तरह कई अनगिनत जानते होंगे....बस चलते चले जाते हैं हम नयी दिशा, नए मोड़, नयी राहों में भटके हुए से दूर कहीं दूर...बहुत दूर.......

@ सुनील कुमार

Thursday, March 5, 2015

होली की शुभकामनाएं

होली की सभी प्यारे मित्रों को अनंत शुभकामनाएं। रंगों भरा यह त्यौहार सभी के जीवन में आपसी भाईचारा, सांप्रदायिक सोहार्द आदि लेकर आये। मनुष्य को मनुष्यता का पाठ पढ़ाता यह त्यौहार सभी मनुष्यों को एक रहने की प्रेरणा देता रहे। आज अपने भीतर के राग, द्वेष को मिटाकर एक मनुष्य बन जाएं सभी। आज हर व्यक्ति के जीवन में रंग कहीं विलुप्त सा हो गया है। आज मैं की प्रधानता अधिक बढ़ गयी है, कभी हम की एकजुटता सबको बांधे रखती थी। आज ही से उस हम की शुरुवात करो मित्रों और होली में अपनी मैं त्यागकर इक-दूजे के रंग में रंग जाओ। प्यार बढ़ाओ, प्यार फैलाओ तभी एकता आ सकती हैं क्योंकि नफरत से केवल बर्बादी ही आती है खुद की भी और औरों की भी तो प्यार बांटते रहें सभी यही प्रार्थना है।

रंगों भरी सुप्रभात। होली में प्राकृतिक रंगों का ही उपयोग करें। अनावश्यक दारू पीकर हुड़दंग न मचाएं। साफ़, स्वच्छ होली खेलें एकदम सुखी, बाकी आप सब समझदार हैं ही। खुलकर उड़े गुलाल आज, रंगीन हो जाये प्रकृति भी आज मनुष्य संग।

@ सुनील कुमार

Wednesday, March 4, 2015

होली

एक दूसरे में प्यार बढ़ाये,
जीवन को खुशहाल बनाये,

रूठों को प्यार से मनाये,
हर दिल में नयी उमंग जगाये,

राधा संग खेले घनश्याम,
गोपियों संग करे अठखेली,

नाच-नाच रिझाये मन को,
मंद-मंद मुस्काये राधा देख श्याम की नटखट अदाएं,

मथुरा नगरी हो गयी पावन,
देख प्रभु की लीला ऐसी,

लठमार की है बहुलता कहीं,
बरसाने की महक अलग है,

खेलो सब ले के गुलाल,
रंगों में है सब यूँ समाता...जीवन में यूँ रस है भरता,

पीला भी है शानदार सरसों की यह याद दिलाता,
नीले का है अपना मज़ा आसमान है इसमें समाता,

लाल का रंग है ख़ास प्यार का यह एहसास दिलाता,
क्या हरा भी है रंग दिखता हरयाली का यह प्रतीक है बनता,

गुलाबी की है क्या बात गोपियों के मन को है यह भाता,
बाहर निकलो सभी तुम आज मशीनों से बन जाओ इंसान,

अपने बे रंग से इस जीवन को,
प्यार के रंगों से भर दो तुम आज...."

©® सुनील कुमार सलैडा ५.३.१५

रंगोत्सव के रंग भरे त्यौहार होली की मेरे समस्त प्यारे मित्रों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं....खुश रहें, सदा आबाद रहें...:-)

फणीश्वरनाथ रेणु जयंती

फणीश्वर नाथ 'रेणु' (४ मार्च १९२१ औराही हिंगना, फॉरबिसगंज - ११ अप्रैल १९७७)

आज रेणु जी की जयंती है। वह हिंदी साहित्य में सुप्रसिद्ध साहित्यकार के रूप में विख्यात हैं। सन् 1954 ईस्वी में लिखा उनका उपन्यास 'मैला आँचल' बेहद प्रसिद्ध और आंचलिक उपन्यासों में प्रथम स्थान रखता है जिसने उनको रातो-रात प्रसिद्धि के उच्च शिखर पर पहुँचा दिया। अपने जीवन में हमेशा वह समाज के विभिन्न सरोकारों से निरंतर जुड़े रहे। अपनी बीमारी के अंतिम दिनों में भी वह अपनी मातृभूमि छोड़कर जाना नहीं चाहते थे। कहते हैं के अगर वो पहले इलाज के लिए दिल्ली चले जाते तो वह और जी सकते थे पर निश्चित समय को लिखा कोई बदल नहीं सकता।

एक महान साहित्यकार, क्रांतिकारी, सामाजिक चेतना से ओत-प्रोत रेनू जी को मेरा शत-शत नमन।

Sunday, March 1, 2015

दो विपरीत दिशाओं का मिलन, जम्मू-कश्मीर में बनी सरकार

सत्ता के गलियारों में कोई भी विचारधारा स्थिर नहीं रह सकती यह पहले भी साबित हो चुका है। आज फिर साबित हो गया। 49 दिन से गवर्नर कठपुतली बने बैठे थे। आज उन्हें मुक्ति मिल ही गयी। पी.डी.पी और बी.जे.पी का मिलन आज सुबह 11:11 पर हमारे जम्मू विश्वविद्यालय के जनरल ज़ोरावर सिंह ऑडिटोरियम में हो गया।
जनाब मुफ़्ती मोहम्मद सईद राज्य के 12वें मुख्यमंत्री बन गए।

इस बार उन्होंने पिछली बार वाली गलती नहीं दोहराई। पहले ही सब तय कर लिया के उन्हें 6 साल से पहले कोई भी उतार नहीं सकता। पिछली बार 2002 में कांग्रेस के साथ 3 साल का गठजोड़ उनको महंगा पड़ा था क्योंकि तीन साल कुर्सी सँभालने के बाद उन्हें कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार जनाब ग़ुलाम नबी आज़ाद को कुर्सी देनी पड़ी थी हालाँकि आज़ाद को उन्होंने बाकी बचे तीन साल पूरे करने नहीं दिए थे। उसका कारण चाहे कोई भी रहें हों।

बरहाल इस बीच सबसे ज़्यादा गदगद बी.जे.पी है। राज्य में पहली बार उन्होंने भी सरकार बनाने का अपना सपना आख़िरकार पूरा कर ही लिया।  डॉ. निर्मल सिंह जोकि जम्मू विश्वविद्यालय में इतिहास विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी मेहनत का फल भी उनको मिल गया और वह उप-मुख्यमंत्री के तौर पर अब राज्य में अपनी सेवाएं देंगे। आज शाही दिन था भगवा ब्रिगेड के लिए तो शाही लोगों का आना भी तय था। तो इतिहास बनते देखने आये हमारे माननीय प्रधानमंत्री मोदी जी, वरिष्ठ नेता हालाँकि जनाब अडवाणी जी, मुरली मनोहर जोशी, अमित शाह, राम माधव आदि सब इतिहास का हिस्सा बनने आये।

नयी सरकार में पी.डी.पी के 11 कैबिनेट मंत्री होंगे मुख्यमंत्री को मिलकर जबकि भाजपा के 6 जिसमें पीपल्स कांफ्रेंस के नेता सज्जाद लोन जो पहले सेप्रेटिस्ट नेता थे और इसी चुनाव में मुख्यधारा की राजनीति में लौटे हैं।
मुख्यमंत्री कहते हैं के यह गठबंधन राज्य की राजनीति में एक नया मोड़ लेकर आएगा। क्या नया आएगा यह तो वक़्त ही बताएगा।

कुछ अन्य मंत्री जिन्होंने शपत ली वो हैं :-
अब्दुल रेहमान वीरी, हसीब द्राबु, नईम अख्तर, बशारत बुखारी (सभी पी.डी.पी)।

लाल सिंह जो कांग्रेस छोड़कर बी.जे.पी में शामिल हुए थे, चंद्र प्रकाश गंगा, सुखनंदन चौधरी और बाली भगत (सभी बी.जे.पी)।

दो महिलाओं को भी मंत्री बनाया गया। प्रिया सेठी (बी.जे.पी.) और आसिया नक़्क़ाश (पी.डी.पी)।

खुद मुख्यमंत्री मुफ़्ती मुहम्मद सईद कह रहे हैं के यह गठबंधन नार्थ पोल और साउथ पोल का मिलन है। यानि के सत्ता हथियाने के लिए सभी प्रकार के मिलान संभव हैं। भगवा ब्रिगेड ने यह साबित कर दिया के चुनाव के दौरान उनके द्वारा उठाये गए मुद्दे केवल दिखावा थे जम्मू के लोगों से वोट हथियाने के।
कहाँ गया अब धारा 370 का मुद्दा.....?
कहाँ गया अफस्पा का मुद्दा....?
कहाँ गया पश्चिमी-पाकिस्तानी रिफ्यूजियों का मुद्दा....?
सब मुद्दे अब शांत हो गए हैं क्योंकि अब सत्ता उनके हाथ में जो आ गयी। चुनावी लहर में जनता को बेवक़ूफ़ बनाना ही केवल मात्र इनका लक्ष्य होता है। चुनाव खत्म सब खत्म। नेताओं की इस परिभाषा को लोगों को समझना चाहिए और इसका सबक वक़्त आने पर इनको सिखाना भी चाहिये।

खैर अब देखना है के यह दो विपरीत दिशाओं की बनी गठबंधन सरकार कितनी देर चल पाती है और राज्य को कितना प्रगति पर ले जाती है। जम्मू-कश्मीर में वैसे ही भ्रष्टाचार आदि कई समस्याओं का बोलबाला है। इन सभी समस्याओं के निवारण हेतु यह क्या करते हैं यह देखना होगा। मुझे उम्मीद कम ही दिखती है क्योंकि केंद्र में हमने उम्मीदों को टूटते देखा है और देख रहें हैं। अब जम्मू-कश्मीर के देखने की बारी है।

@ सुनील