Tuesday, May 26, 2015

लौट गए

लौट गए हसरतों को लौ देने वाले,
हम शब् भर उनके इंतज़ार में टूटते रहे,

खुले किवाड़ों से आती रही यादों की लहर,
बंद दिल ने भी खोल दिए ज़ंग लगे तैखाने,

धुआँ उठता रहा गीली लकड़ी के सुलग जाने से,
हम घुटन को पीते रहे रात भर उनके चले आने को,

शमां भी तड़पती रही फड़फड़ाते हुए पतंगे सी,
आखिर दम तोड़ दिया उसने दम भर साँस लेने पर,

भोर की बेला में राख़ थी जले हुए अफसानों की,
चिन्दी-चिन्दी ज़ख्म थे तरसते ज़ख्म नया पाने को....."

Friday, May 22, 2015

बेमोल बिकते जज़्बात

"कौड़ियां के भाव बिकते हैं भीतर के भाव यहाँ,
जो जितना मोल देगा चमक उतनी गहरी होगी उसकी,

हर गली हर नुक्कड़ पे बिकते हैं बेमोल यहाँ जज़्बात कई,
आज वीरानगी की चमक से सराबोर है बाजार दिल के दीवानों का,

टटोलते हैं हर नब्ज़ दिमाग की फितरत से वो,
सन्नाटे की खनक से खनकती है रूह की बस्ती यहाँ,

बेमौत मरते हैं यहां उमंगों को हवा देने वाले,
यहाँ गैरों की महफ़िल में अपने आते हैं शतरंग के हुनर सिखने,

हर बार हारती है हस्ती उनकी आजकल,
लहू के कतरों से बुनते हैं कागज़ के जाल जो,

यही हक़ीक़त है मेरे देश के कलमकारों की यहाँ,
सत्ता के गठजोड़ से बेधड़क क़त्ल होता हैं हुनरमंदों के हुनर का यहाँ...."

©® सुनील

Wednesday, May 20, 2015

खुदा से मेरी फ़रियाद

"दुनिया में हम दुखी हैं हमारी खबर तू ले,
दुःख दर्द से छूटा हमें एक बार खबर ले,

दुनिया में कोई हमदम न हमको पड़ा नज़र,
तेरे सिवा कोई नहीं दिलदार खबर ले,

तुझ बिन कोई नहीं है दुनिया में मद्ददगार,
ऐ जाने जहाँ हमदम व ग़मख़्वार खबर ले,

अब दर पे आ पड़े दुनिया को छोड़ हम,
तेरे सिवा कोई नहीं दरबार खबर ले,

अब सहते-सहते ज़ुल्म के हालात हुई है यह,
जुबां में नहीं ताकते गुफ़्तार खबर ले,

'तिरिया चरित्र' सुनके शोला भड़क उठा,
इस बात से हूँ बहुत शर्मसार खबर ले,

इस कैद में हम ज़िन्दगी काटेंगी कब तलाक,
रहबर कोई नहीं ऐ रब, तू खबर ले,

मन्त्र-ओ-फरेब मर्दों ने सताया हमें बहुत,
तू बन के दुश्मनों का खूंखार खबर ले,

हालत हैं दर्दनाक ज़रा गौर से सुनो,
बरस हो चुके इस हालत में दस हज़ार खबर ले"

सीमन्तनी उपदेश-एक अज्ञात हिन्दू औरत
संपादक-डॉ. धर्मवीर

ये पुस्तक पढ़ी. पुस्तक के प्रारम्भ में ही कितनी मार्मिक काव्यमय प्रस्तुति है. तत्कालीन समाज में स्त्रियों के प्रति हो रहे अत्याचार की क्या करुणामय अभिव्यक्ति इस अज्ञात औरत ने लिखी है. सोचता हूँ उस समाज में स्त्रियों के प्रति कितने कठोर कानून लागू होंगे के वो सार्वजनिक रूप से कुछ लिख भी नहीं पाती होंगी. पर क्या आज स्त्री उन हालतों से पूरी तरह बाहर आ पायी है....? जवाब आप सभी मित्रों से चाहूंगा.

Friday, May 15, 2015

बिखरे सपने

"बिखरे सपनों के टुकड़े समेटता हूँ,
बुझती आशाओं के दीप जलाता हूँ,

जड़ हो गयी वेदना के गीत बनाता हूँ,
अंधेरों में रोज़ खुद को दिये दिखाता हूँ,

हर सन्नाटे में मैं शोरगुल की चिल्लाहट पाता हूँ,
स्थिर हो गए अश्कों को नदी की धार दिखाता हूँ,

पलकें मूंदते ही खुद को बेजान सा अक्सर पाता हूँ,
बेज़ुबान हो गयी ज़ुबान को लफ़्ज़ों के पाठ पढ़ाता हूँ,

निष्प्राण हो गयी मूरत में जीने की आस जगाता हूँ,
इक गुन्हेगार की सूरत से लाचारी को मिटाता हूँ,

खुद में मरते सपनों को, अपनों के लिए बचाता हूँ,
हारके भी अब जीतने की उम्मीद मैं खुद में जगाता हूँ..."

©® सुनील १६•५•१५

Wednesday, May 13, 2015

सात बार में सातवीं हार मेरी

आज एक और हार हो गयी हमारी। सातवें साक्षात्कार में सातवीं हार। मतलब आज हमारे यहां टीचर का नतीजा आया और एक बार फिर मैं फेल। सात साक्षात्कार दे चूका हूँ अब तक कभी टीचर, कभी लेक्चरर, कभी लिपिक....सब जगह हार, हार और हार। अब तो बुढ़ापे की ओर भी बढ़ चले हैं क्योंकि 30 के बाद व्यक्ति के पतन का दौर प्रारम्भ हो जाता है और हमारे तो दो साल ऊपर हो गए। अब तो लगता है शायद हम निक्कामों के सरदार हैं क्योंकि हमारी व्यवस्था तो हर बार हमको यही साबित करती आई है हर साक्षात्कार के बाद।

अगर ऐसा है तो हर परीक्षा में यह निक्कमा पास क्यों हो जाता है और आगे चलकर साक्षात्कार में ही क्यों रह जाता है कारण एक ही है न मेरे पिताजी के पास पैसा न किसी उच्च अधिकारी से उनकी पहचान। उन्होंने  तो सारी उम्र दे दी मुझको पढ़ाने में ही। एक साधारण पुलिसवाले की ईमानदार ज़िन्दगी जी उन्होंने और एक साधारण से पद से ही सेवानिवृति पा ली। उनकी एक ही ख़्वाहिश है की जो रात-रातभर मैंने डंडा लेकर खड़े हो होकर अपनी नींदें ख़राब की हैं वह मेरे बेटे न करें इसलिए पढ़ाते गए। अब तीन साल से उनके सब्र का बाँध भी टूट गया क्योंकि तीन साल से सेवानिवृत होकर वह घर बैठे हैं और सब देख रहे हैं। कह देते हैं अब वह भी के बेटा आख़िर कब तक.....? उनके इस आख़िर का मैं क्या जवाब दूँ उनको क्योंकि मैं खुद नहीं जनता के आख़िर कब तक....? फिर भी मेरी हर हार में जाने क्यों मेरे साथ ही खड़े रहते हैं पर अब कहते नहीं है के कोई नी यह नहीं तो कोई और सही।

मेरी माँ और पिताजी दोनों कभी बड़े खुश के हमारे खानदान में मेरा बच्चा पहला पीएच.डी होने जा रहा है हालाँकि उनको पता नहीं की यह बला क्या है पर खुश होते थे के कोई बड़ी पढाई है। अब मगर उनका धैर्य भी समाप्त होता जा रहा है। कहते हैं छोड़ दे इसको और कर ले कोई अन्य काम। एक सामान्य निम्न मध्यवर्गीय परिवार के हैं वह जो चाहते थे की उनके बेटे पुलिस की नौकरी न करें बाकि चाहे जो करें पर अब जब वह देखते हैं के बेटा तो बेकार ही है आधी ज़िन्दगी निकल जाने पर भी तो दुःखी होते हैं। मुझे दिखाते नहीं पर दोनों के चेहरे की झुर्रिया सब बता देती हैं। दोनों का सबसे बड़ा दुःख मैं ही हूँ के यह कहीं ठिकाने लग जाए। उनकी आँखों में मेरे लिए ढेरों सपने हैं जो कभी भी दिख जाते हैं तैरते हुए कभी माँ के साथ जब वह रसोई में होती है। कभी पिताजी के जब वह झल्लाहट में इधर-उधर पांव पटकते निकल जाते हैं। माँ ने मेरी मुझे बुझने से हमेशा बचाया है। हर बार कहती है बेटा फिर क्या हुआ यह सब होता रहता हैं पर उसकी आँखों का पानी मुझे हमेशा विचलित कर जाता है। उसने कभी सुख का एक पल नहीं देखा जीवन में। हमेशा पिताजी आधी रात को आते थे और आधी रात को वह उठ खड़ी होती थी खाना बनाने को कभी न नहीं की जो मुझे हमेशा सालती थी भीतर ही भीतर के माँ कभी न क्यों नहीं कहती हालाँकि इसका कारण भी मैं जनता था पर जब भी पिताजी  से कहता तो हमेशा फटकार सुनता के तुम सबके लिए ही करता हूँ और खाना भी न खाऊँ अब। बाहर एक पैसे की चीज़ नहीं खाता के तुम्हारे को सब मिले। क्या-क्या कहूँ हर एक का अपना-अपना संघर्ष है। मैं चाहता था के कुछ बनकर इनके संघर्ष को कम करूँ पर कई इस संघर्ष में मेरा साथ छोड़कर चले गए। अपनों के लिए कुछ न करने की छटपटाहट, दर्द ही सबसे ज़्यादा व्यथित करता है वरना अपनी तो अब भीतर से सभी दीवारें चटक सी गयी हैं।

ज़िन्दगी में आगे बढ़ने की मेरी जदोजहद में मेरा स्कोर आज 7-0 हो गया। आज पाश की एक पंक्ति बहुत याद आ रही है। वह कहते हैं :-

'सबसे बुरा होता है आदमी के सपनों का मर जाना.....'

अब लगता है मेरी भी स्थिति कुछ-कुछ ऐसी ही बन रही है पूरी तरह बन गयी नहीं कहूँगा पर इतना ही कहूँगा के बहुत से सपने मर गए हैं कुछ बचे हुए हैं अभी भी पर वह भी गीली मिटटी से हो गए हैं जो कभी भी बह जाएंगे। शायद हम जैसे निम्न मध्यवर्गीय परिवार वालों के सपने सदियों से ऐसे ही ध्वस्त होते रहे हैं वही हमारे साथ हो रहा है। व्यवस्था से न कभी हम लड़ पाये हैं न कभी लड़ पाएंगे क्योंकि उस दुर्ग की दीवारें लोहे की हैं और हमारा वजूद उस तिनके जितना जो उड़ता रहता है कभी यहाँ, कभी वहाँ पर स्थायित्व उसको कभी मिलता नहीं और अंत में किसी दरिया की मौज में बह जाता हैं।

बेकार सुनील

Friday, May 8, 2015

'दलित साहित्य : स्वानुभूति बनाम सहानुभूति

आज करुणावती साहित्य धारा पत्रिका प्राप्त हुई.. उसमें मेरा एक लेख 'दलित साहित्य : स्वानुभूति बनाम सहानुभूति' शीर्षक से प्रकाशित हुआ है. पत्रिका के संपादक आनंद विक्रम त्रिपाठी सर का दिल से आभार इसको इसमें स्थान देने हेतु. आशा है भविष्य में भी आप मुझे अवसर प्रदान करेंगे. सभी सुधीजन मित्रों से निवेदन है के लेख पढ़कर अपनी बहुमूल्य प्रतिक्रिया या टिप्पणी दें ताकि भविष्य में और अधिक सटीक लिखने का प्रयास करता रहूं. पत्रिका में काफ़ी पठनीय सामग्री है. वर्तमान महिला कहानीकारों की बेहतरीन कहानियों, लघु कहानियों को इसमें स्थान मिला है. अन्य विधाओं को भी इसमें स्थान प्राप्त हुआ है. साहित्य को दिशा दिखाने में इस पत्रिका का अपना योगदान है. मैं भविष्य में इसकी सफलता की कामना करता हूँ. आप सभी की सुविधा हेतु अपने लेख को साथ में संलग्न कर रहा हूँ. कृपया प्रतिक्रिया दें. धन्यवाद





Wednesday, May 6, 2015

एक अपराधी के लिए इतना तड़पना क्यों..?

आज सलमान खान को हिट एंड रन यानि मारकर भाग जाना वाले केस में जब सज़ा सुनाई गयी तो सबके चेहरे ग़मगीन दिखे। हालाँकि शाम को उसे बेल मिल गयी पर लोगों की सोच का हमें अंदाज़ा हो गया। फेसबुक पर लोग इसको अत्यधिक तवज्जो देने लगे। मुझे समझ नहीं आती की एक अपराधी के लिए इतनी तड़प क्यों....? भले ही वह आपके मनोरंजन जगत का सितारा है जो आपका अपने अभिनय के ज़रिये मनोरंजन करता है तो क्या आप उसको अपराधी मानने से इंकार कर देंगे। यह तो सरासर नाइंसाफी है उस परिवार के लोगों के प्रति जिन्होंने अपनों को खोया है सलमान की लापरवाही की वजह से.....

हमें कभी भी एकपक्षीय होकर एकांगी निर्णय नहीं लेना चाहिये। अगर आप उसके प्रति इतने भावनात्मक हैं के उसको अपराधी मानने से इंकार कर रहे हैं तो दूसरी ओर उस परिवार के लिए आपकी संवेदना का क्या कोई मूल्य नहीं। हम कैसे समाज में जी रहे हैं जहाँ संवेदना को भी अपने झुकाव की तरफ ही हम इस्तेमाल करते दिखाई देते हैं। मेरे विचार से संवेदना के साथ बुद्धि का सामंजस्य ही हमें सही निर्णय लेने की दृष्टि प्रदान करता है। अगर हम ऐसा नहीं करते हैं तो अत्यधिक संवेदना हमें एकपक्षीय और एकांगी बना देता है जो हमेशा गलत राह ही हमको दिखायेगा। हम सबको इस ओर ध्यान देना चाहिये।

Monday, May 4, 2015

मेरे दिल का दर्द

मुस्कुराते चेहरे का मेरे,
दर्द समझ नहीं पाया कोई,

घुटन में घुटती सासों का,
एहसास नहीं कर पाया कोई,

तपती मेरी इस देह की,
तपिश समझ न पाया कोई,

लुटते मेरे अरमानों का,
संकेत समझ नहीं पाया कोई,

भीतर के मेरे उन छालों को,
ढक दिया हमेशा बाहर से,

मैं जलती हुई अग्निशिखा रही,
कभी खुद में जली, कभी जला दी गयी,

मेरे सपने हमेशा दबा दिए,
तेरे जलते हुए अंगारों ने,

मैं बनके रह गयी नुमाइश ही,
बिन मोल सदा मैं बिकती रही,

तूने दया हमेशा की मुझ पर,
टुकड़ों पे हमेशा पाला मुझे,

बाज़ार की वस्तु बन गयी मैं,
महफ़िलों की सदा रही मैं शान बनी,

और कितने जीवन जिऊँ मैं अब,
कब होगी मुक्ति मेरी भी, बस यही दर्द है यही है इक अरमान मेरा..."

वर्तमान दौर में बौद्ध धर्म की प्रासंगिकता

बौद्ध धर्म का उदय क्यों हुआ यह सबको विधित है। उस समय ब्राह्मणवाद की वजह से हमारे धार्मिक संस्थाओं में धार्मिक लोगों द्वारा धर्म के नाम पर जो लूट मचाई जा रही थी उसके एवज में गौतम बुद्ध ने अपना ने अपना एक अलग मार्ग चलाया जिसमें समाज में फैली अराजकता की स्थिति को दूर करने का प्रयास किया गया। इसमें किसी को भी उसकी जाति, धर्म से जोड़कर नहीं देखा गया। सभी मनुष्यों को समान रूप से एक देखने का उन्होंने प्रयत्न किया तभी बौद्ध धर्म उस समय अत्यधिक प्रचलित हुआ। इसने समाज के निचले तबके को जीने का एक मार्ग दिखाया अब उसमें चाहे दलितों के स्थिति हो या स्त्रियों की।सबको बौद्ध धर्म में समान अवसर प्रदान किये गए जिससे बौद्ध धर्म का प्रचार-प्रसार तीव्र गति से होने लगा और उससे जुड़ने वालों की संख्या रातों-रात बढ़ गयी। इससे ब्राह्मण धर्म पर खतरा मँडराने लगा क्योंकि उनकी प्रसिद्धि एकदम घट गयी थी। इसका कारण समाज में उनकी भेदभाव वाली नीतियां ही थी जिसका लाभ केवल कुछ तबकों को ही मिलता था। वंचित तबके को हमेशा उनसे हताशा और प्रताड़ना ही मिली। समाज का इतना बड़ा तबका हताश, निराश था, पीड़ित था पर चाहकर भी वह कुछ कर नहीं पाता था। बौद्ध धर्म ने उनमें आशा, अपेक्षा का संचार किया जिससे सभी और कूद पड़े। फिर इन तबकों का दर्द खुलकर बाहर आया। थेरिगाथाओं की स्त्रियों इसका प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। उनकी गाथाओं में उनका जो दर्द उभरकर सामने आया वह तत्कालीन समाज की त्रुटियों को स्पष्ट उजागर करता है के कैसे वहां अन्याय का बोलबाला था। अपनी घटती लोकप्रियता से ब्राह्मणवादी तबका सकते में आ गया और वह सोचने लगे के कहीं उनका अस्तित्व ही समाप्त न हो जाए तो उन्होंने इसमें फुट डालने की कोशिश की जो बुद्ध के रहते तो सफल नहीं हुई पर उनके बाद में उनके अनुयायियों द्वारा उनको इसमें सफलता प्राप्त हो गयी। बौद्ध धर्म हीनयान और महायान दो शाखाओं में विभक्त हो गया। दोनों ही शाखाओं में वैचारिक स्तर पर आपसी मतभेद की खायी बढ़ती ही गयी जिस कारण बुद्ध का मूल सिद्धान्त मनुष्यता स्थापित करना कहीं हाशिये में चला गया और इस प्रकार बौद्ध धर्म सिमटता चला गया और एक बार फिर ब्राह्मणवाद का बोलबाला हो गया।

वर्तमान दौर भी तत्कालीन दौर के जैसा पूरा न हो पर स्थितयों आज भी भयावह तो हैं ही। आज भी धर्म के नाम पर, जाति के नाम पर मनुष्यता का ह्रास हो ही रहा है। आज भी समाज में बांटों और राज करो वाली स्थिति पुरज़ोर जारी है। धार्मिक कट्टरवादिता का बोलबाला चहुँ और है जिसका निदान करने के बजाये अवसरवादी लोग उसको एक अवसर के रूप में उसका प्रयोग करके अपने स्वार्थ को सिद्ध करने पर तुले हुए हैं इस बात की परवाह किये बिना के इससे मनुष्यता का कितना ह्रास हो रहा है। उनके बीच की खायी कितनी गहरी होती जा रही है जिसके भयंकर परिणाम आने वाले समय में देखने को मिलेंगे। यहाँ बुद्ध प्रासंगिक हो उठते हैं क्योंकि वह कभी धर्म के नाम पर तोड़ते या जोड़ते नहीं थे। उन्होंने हमेशा सबको एक होकर व्यक्ति के भीतर फैले ज़हर को मारने का प्रयास किया है। आज हम उनको अपनाकर समाज में फैली अराजकता को कम कर सकते हैं। ऐसे तत्व जो समाज को बाँटकर राज करना चाहते हैं उनको हम बुद्ध के मार्ग से ही चुनौती दे सकते हैं वर्ना हमारा इस्तेमाल ऐसी शक्तियां करती रहेंगी और हम उनके हाथ का खिलौना बनते रहेंगे जिसे हमारी वर्तमान और भविष्य की पीढ़ी भी अंजाम भुगतेगी।

बुद्ध ने हमेशा अहिंसा पर ज़ोर दिया क्योंकि वह कहते थे हिंसा से विनाश ही होगा। उन्होंने हिंसा करने वालों के भीतर की हिंसा को मारने के लिए लोगों को प्रेरित किया जोकि हिंसा को रोकने का सबसे कारगर कदम है। यहाँ बुद्ध प्रासंगिक हो जाते हैं क्योंकि वर्तमान समय में हिंसा का तांडव हमें हर और देखने को मिल रहा है फिर चाहे वो आतंकवाद के रूप में हो, व्यस्था के ख़िलाफ़ अपनी ज़मीन को लेकर नक्सलियों का विद्रोह हो, उत्तर-पूर्व के नागाओं का हिंसात्मक संघर्ष हो, समाज में धर्म के नाम पर जगह-जगह हो रहे सांप्रदायिक दंगे हों, जातिवाद के नाम पर निर्दोष लोगों की हत्या हो, परंपरा के नाम पर अपने ही लोगों को मार देना हो ऑनर किलिंग के नाम पर, शक्तिशाली लोगों का शक्तिशाली लोगों की शह पर निसहाय, निर्दोष लोगों को मारने या ज़िंदा जला देना हो आदि ऐसी अनेकानेक समस्याओं से बुरी तरह ग्रस्त है हमारा समाज। इसके पीछे मूल कारण हमारे भीतर फैली हिंसा है जो व्यक्ति को ऐसे कृत्य करने के लिए उत्तेजित करती है जिससे व्यक्ति इंसान न रहकर इंसान के रूप में हिंसात्मक भेड़िया बन जाता है जिसे कुछ भी करने का अधिकार मिल जाता है और वह अपने हिंसात्मक तांडव से समाज को उच्छश्रृंखल बना देता है। ऐसे व्यक्तियों को केवल बुद्ध के मार्ग से ही रोका जा सकता है जिसको अपनाने से उसके भीतर की हिंसा का पतन होता है और वह व्यक्ति मनुष्यता के पथ पर अग्रसर होकर सामाजिक समरसता स्थापित करने में अपना योगदान देता है।

इस तरह इस विखण्डन होते दौर में बुद्ध अत्यधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। हम इससे किसी धर्म को अपनाने की बात नहीं कर रहे। हम यहाँ उनके सिद्धान्तों को अपनाने की बात कर रहे हैं। उनको व्यवहारिक रूप में समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचाने की बात कर रहे हैं जिससे सामाजिक एकता को बल मिलेगा और मनुष्य दूसरे मनुष्य को मनुष्यता के दृष्टिकोण से देखेगा नाकि अन्य उपनामों से जिनमें जाति, धर्म जैसे घटक प्रमुख हैं। तो बुद्ध के विचारों को अपने विचारों में धारण करना ही बौद्ध को व्यवहारिक रूप से अपनाना है। इससे सामाजिक एकता स्थापित होगी जिससे मनुष्यता फिर पनपेगी और सबके अधिकारों की की सुरक्षा सामान रूप से होगी और सबको सुखद जीवन जीने के सामान अवसर प्राप्त होंगे।

अलका सरावगी

अलका सरावगी का नया उपन्यास 'जानकीदास तेजपाल मेन्शन' राजकमल प्रकाशन, दिल्ली से प्रकाशित होकर आया है।

राजकमल प्रकाशन से इस उपन्यास को मंगवाने के लिए आप निचे दिए उनके फ़ोन नंबरों से फ़ोन करके मंगवा सकते हैं।
011-23274463, 23288769
www.rajkamalprakashan.com
E.Mail : info@rajkamalprakashan.com

हिन्दू

ज्ञानपीठ पुरुस्कार से सम्मानित उपन्यासकार भालचंद्र नेमाड़े जी का हिन्दू उपन्यास जिस पर उनको ज्ञानपीठ पुरूस्कार मिला है। विभिन्न जातियों पर लिखा उनका यह वृहद् उपन्यास राजकमल प्रकाशन, दिल्ली से प्रकाशित है। यह पेपरबैक में भी उपलब्ध है।

राजकमल प्रकाशन से इस उपन्यास को मंगवाने के लिए आप निचे दिए उनके फ़ोन नंबरों से फ़ोन करके मंगवा सकते हैं।
011-23274463, 23288769
www.rajkamalprakashan.com
E.Mail : info@rajkamalprakashan.com

अब तक दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित कलाकार

क्रम वर्ष कलाकार और उनका कार्यक्षेत्र
1- 1969
देविका रानी
अभिनेत्री

2- 1970
बी. एन. सरकार
फ़िल्म निर्माता

3- 1971
पृथ्वीराज कपूर
अभिनेता ( मरणोपरांत)

4- 1972
पंकज मलिक
फ़िल्म संगीतकार

5- 1973
रूबी मेयर्स / सुलोचना
अभिनेत्री

6- 1974
बोमिरेड्डी नरसिम्हा रेड्डी
फ़िल्म निर्देशक

7- 1975
धीरेन्द्र नाथ गांगुली
अभिनेता, फ़िल्म निर्देशक

8- 1976
कानन देवी
अभिनेत्री

9- 1977
नितिन बोस
फ़िल्म छायाकार, फ़िल्म निर्देशक, फ़िल्म पटकथा लेखक

10- 1978
रायचंद बोराल
फ़िल्म संगीतकार, फ़िल्म निर्देशक

11- 1979
सोहराब मोदी
अभिनेता, फ़िल्म निर्देशक, फ़िल्म निर्माता

12- 1980
पी. जयराज
अभिनेता, फ़िल्म निर्देशक

13- 1981
नौशाद अली
फ़िल्म संगीतकार

14- 1982
एल. वी. प्रसाद
अभिनेता, फ़िल्म निर्देशक, फ़िल्म निर्माता

15- 1983
दुर्गा खोटे
अभिनेत्री

16- 1984
सत्यजित राय
फ़िल्म निर्देशक

17- 1985
वी शांताराम
अभिनेता, फ़िल्म निर्देशक, फ़िल्म निर्माता

18- 1986
बी. नागी रेड्डी
फ़िल्म निर्माता

19- 1987
राजकपूर
अभिनेता, फ़िल्म निर्देशक

20- 1988
अशोक कुमार
अभिनेता

21- 1989
लता मंगेशकर
पार्श्व गायिका

22- 1990
ए. नागेश्वर राव
अभिनेता

23- 1991
भालजी पेंढारकर
फ़िल्म निर्देशक, फ़िल्म निर्माता, फ़िल्म पटकथा लेखक

24- 1992
भूपेन हज़ारिका
फ़िल्म निर्देशक, गायक

25- 1993
मजरूह सुल्तानपुरी
गीतकार

26- 1994
दिलीप कुमार
अभिनेता

27- 1995
राजकुमार
अभिनेता

28- 1996
शिवाजी गणेशन
अभिनेता

29- 1997
प्रदीप
गीतकार

30- 1998
बी. आर. चोपड़ा
फ़िल्म निर्देशक, फ़िल्म निर्माता

31- 1999
ऋषिकेश मुखर्जी
फ़िल्म निर्देशक

32- 2000
आशा भोंसले
पार्श्व गायिका

33- 2001
यश चोपड़ा
फ़िल्म निर्देशक, फ़िल्म निर्माता

34- 2002
देव आनंद
अभिनेता, फ़िल्म निर्देशक, फ़िल्म निर्माता

35- 2003
मृणाल सेन
फ़िल्म निर्देशक

36- 2004
अदूर गोपालकृष्णन
फ़िल्म निर्देशक

37- 2005
श्याम बेनेगल
फ़िल्म निर्देशक

38- 2006
तपन सिन्हा
फ़िल्म निर्देशक

39- 2007
मन्ना डे
पार्श्व गायक

40- 2008
वी.के. मूर्ति
छायाकार

41- 2009
डी. रामानायडू
फ़िल्म निर्माता

42- 2010
के. बालाचंदर
फ़िल्म निर्देशक

43- 2011
सौमित्र चटर्जी
अभिनेता

44- 2012
प्राण
अभिनेता

45- 2013
गुलज़ार
गीतकार, कवि, पटकथा लेखक, निर्माता-निर्देशक

46- 2014
शशि कपूर
अभिनेता एवं फ़िल्म निर्माता

साहित्यकारों के मूल नाम - उपनाम/लोकप्रिय नाम।।

०1. जयशंकर साहू - 'प्रसाद'
०2. सूर्यकांत त्रिपाठी - 'निराला'
०3. गुसाईं दत्त - सुमित्रानन्दन पन्त
०4. धनपत राय - प्रेमचन्द
०5. रामधारी सिंह - 'दिनकर'
०6. मुन्नन द्विवेदी - शांतिप्रिय द्विवेदी
०7. हरिप्रसाद द्विवेदी - वियोगि हरि
०8. वैद्यनाथ मिश्र - नागार्जुन
०9. हरिवंश राय - 'बच्चन'
1०. रघुपति सहाय - फिराक गोरखपुरी
११. सम्पूर्ण सिंह कालरा - गुलजार
१२. धर्मवीर सक्सेना - धर्मवीर भारती
१३. शिवमंगल सिंह - 'सुमन'
१४. मदन मोहन गुगलानी - मोहन राकेश
१५. उपेन्द्रनाथ शर्मा - 'अश्क'
१६. फणीश्वर नाथ - 'रेणु'
१७. कैलाश सक्सेना - कमलेश्वर
१८. गोपालदास सक्सेना - 'नीरज'
१९. श्रीराम वर्मा - अमरकान्त
२०. रमेश चन्द्र - शैलेष मटियानी
२१. सुदामा पाण्डेय - 'धूमिल'
२२. बालस्वरूप भटनागर - 'राही'
२३. गंगाप्रसाद उनियाल - 'विमल'
२४. रामेश्वर शुक्ल - 'अंचल'
२५. वासुदेव सिंह - त्रिलोचन शास्त्री
२६. (सच्चिदानंद) हीरानन्द वात्स्यायन - 'अज्ञेय'
२७. (तिरूमल्लै) नम्बाकम (वीर) राघव (आचार्य) - रांगेय
राघव
२८. (पाण्डेय) बेचन शर्मा - 'उग्र'
२९. (राय) देवीप्रसाद - 'पूर्ण'
३०. (पण्डित) चन्द्रधर शर्मा - 'गुलेरी'
३१. बालकृष्ण शर्मा - 'नवीन'
३२. गजानन माधव - 'मुक्तिबोध'
३३. गोपाल शरण सिंह - 'नेपाली'
३४. जनार्दन प्रसाद झा - 'द्विज'
३५. सत्यनारायण - 'कविरत्न'
३६. भगवान वर्मा - लाला भगवानदीन
३७. बालमुकुन्द गुप्त - शिवशम्भु
३८. गयाप्रसाद शुक्ल - 'सनेही'
३९. अयोध्यासिंह उपाध्याय - 'हरिऔध'
४०. नाथूराम शर्मा - 'शंकर'
४१. बदरीनारायण चौधरी - 'प्रेमघन'
४२. जगन्नाथ दास - 'रत्नाकर'
४३. सदासुख लाल - 'नियाज'
४४. सैयद गुलाम नबी - रसलीन
४५. सैयद इब्राहिम - रसखान
४६. मलिक मोहम्मद - 'जायसी'
४७. विश्वम्भर नाथ शर्मा - 'कौशिक'
४८. चण्डीप्रसाद - 'हृदयेश'
४९. हरिकृष्ण शर्मा - 'प्रेमी'
५०. गणेशबिहारी मिश्र, श्यामबिहारी मिश्र,
शुकदेवबिहारी मिश्र - 'मिश्रबन्धु'
५१. गुलशेर अहमद खान - 'शानी'
५२. रामरिख बंसल - मनहर
५३. काशीनाथ उपाध्याय - बेधडक बनारसी
५४. कृष्णदेव प्रसाद गौड - बेढब बनारसी
५५. प्रभुलाल गर्ग - काका हाथरसी
५६. चन्द्रभूषण त्रिवेदी - रमई काका
५७. राजेन्द्र बाला घोष - बंग महिला
५८. महेन्द्र कुमारी - मन्नू भण्डारी
५९. सरोजिनी मलिक - 'प्रीतम'
६०. उषा सक्सेना - 'प्रियंवदा'
६१. गौरा पन्त - 'शिवानी'