Wednesday, December 28, 2016

पुरातन की ओर

पिघल जाएंगे आंसू भी,
आग से तुम जो खेलोगे,

काट देंगे ज़ुबान भी,
लफ्ज़ जो तुम कुछ बोलोगे,

बजेगा डंका अपना अब,
साम दाम दंड भेद से,

मनुस्मृति के पोषक हैं,
मन में बैठा नाग है,

डसने को तैयार है,
ज़हर जो सदियों समेटा है,

रोटी चाहिए मिलेगी तुमको,
जूठन हमने भेजी है,

आएगी फिर से अब क्रांति,
पुरातन की है पुनः वापसी...."
#सुनील_©®

Saturday, October 8, 2016

बैन चीनी मॉल (नया शगूफा)

आजकल बड़े जोर-शोर से यह एक शगूफा चल रहा है। तो देखते हैं कितने लोग इसका पालन करते हैं।

अरे किस-किसको बैन करोगे। कर ही नहीं सकते आप। जिस विदेशी माल को बैन करने की आप सोच रहे हैं वे तो आपके घरों में कब्ज़ा जमाये है। घर को कैसे फेंकोगे.....???

भारत में सैमसंग(कोरिया), सोनी(शायद जापान), पैनासोनिक, फिलिप्स(अमेरिका), मोटोरोला(अमेरिका), फोर्ड(अमेरिका), हौंडा(जापान), शेवरले(अमेरिका), हारले डेविसन(अमेरिका), सुजुकी(जापान) आदि इतनी विदेशी कम्पनियाँ हैं न के नाम लेने शुरू करूँगा तो आप सबके अपने घर में आपका खुद का कुछ बचेगा ही नहीं।
क्या आप छोड़ सकते हैं इन सबका साथ.....???

तो अगर आप पूंजीवादी लोग अपनी शान ओ शौकत के यह साज़ो सामान नहीं छोड़ सकते तो उन गरीबों के पेट पे क्यों लात मार रहे हो जो इन्हीं पे निर्भर हैं.....???

अगर इतना ही कष्ट है तो बनाइये दबाव आप सभी मिलकर सरकार पे के कर दे बैन उन सभी विदेशी कंपनियों को जिनकी धर-पकड़ आपके घरों की रसोई, घुसलखाने तक फैली है....क्या बना सकते हैं आप सरकार पर दबाव.....???
अगर नहीं है दम फिर यह शगूफ़े क्यों.....???

मैं खुद चाहता हूँ के हमारा खुद का व्यापार हो, हमारे आम लोगों के लघु धंधे जो इन विदेशी कंपनियों के प्रत्यक्ष हस्तक्षेप से नष्ट हो गए वह पुनः जीवित हो उठें और सभी आम आदमी ख़ास हो जाएं....क्या कर सकते हैं ऐसा आप....???
नहीं न....??? फिर यह शेख चिल्ली की दहाड़ें क्यों....???

जिस चीनी माल को बैन करने की कह रहे हैं आप उसने सब स्वयं निर्मित किया है अपने आम लोगों के रोज़गारों से यह.....आपने तो आम लोगों के स्वदेशी लघु उद्योग धंधों पर बुलडोज़र चलाकर विदेशी कंपनियों को सर पे बिठा दिया....विरोध करेंगे उनको यहाँ लाने वालों का.....???

और तो और वर्तमान सरकार ने तो भारतीय जनता की रीढ़ पे भी चोट की है। आपकी रीढ़ थी रेलवे और रक्षा (डिफेन्स) जहाँ पर प्रत्यक्ष रूप से एफ़. डी. आई लागू करके विदेशी कंपनियों को खुला निमंत्रण है.....

और सुनेंगे कुछ ऐसे प्रोडक्ट्स जो पूरे विश्व में बैन हैं उनका प्रयोग भारत में धड़ल्ले से हो रहा है। उनमें कुछ हैं दवाई में डिस्प्रिन, निमुलिड टेबलेट्स,
खाने में शहद किसका डाबर, पतंजलि, बैद्यनाथ, एक स्विट्ज़रलैंड और एक ऑस्ट्रेलिया की कंपनी का,
फसलों की पैदावार बढ़ाने वाले वाले विदेशी कीटनाशक,
भारत की सर्वाधिक बिकने वाली मारुती-आल्टो कार, टाटा नैनो, हुंडई आई-10 कार जो इंडिपेंडेंट क्रैश टेस्ट में ग्लोबल NCAP द्वारा फेल पायी गयी,
बच्चों के खेलने वाला किंडर एग्ग बच्चों की सेहत के लिए खतरनाक है।

भई हिम्मत हो तो रोकिये न इन सबको और बनाइये दबाव इन सबको बैन करवाने का जिनसे हमारी ज़िन्दगी को ही ख़तरा है.....???

#सुनील

Tuesday, September 6, 2016

कमाल के आप

आप के आप,
यौन शोषण के बाप,

आप के आप,
घोटालों के बाप,

आप के आप,
बदलाव की नीति के बाप,

आप के आप,
बेवजह की सुर्खियों के बाप,

आप के आप,
शिखर से शून्य के बाप।
#सुनील#

Sunday, September 4, 2016

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ

हरियाणा के पानीपत में 22 जनवरी 2015, बुधवार को प्रधानमंत्री के द्वारा इस योजना की शुरुआत हुयी। ये योजना समाज में लड़कियों के महत्व के बारे लोगों को जागरुक करने के लिये है। कन्या भ्रूण हत्या को पूरी तरह समाप्त करने के द्वारा लड़कियों के जीवन को बचाने के लिये आम लोगों के बीच ये जागरुकता बढ़ाने का कार्य करेगी तथा इसमें एक लड़के की भाँति ही एक लड़की के जन्म पर खुशी मनाने और उसे पूरी जिम्मेदारी से शिक्षित करने के लिये कहा गया है।

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ (इसका अर्थ है लड़कियों को बचाना और शिक्षित करना) योजना की शुरुआत भारतीय सरकार द्वारा 2015 के जनवरी महीने में हुई। इस योजना का मकसद भारतीय समाज में लड़कियों और महिलाओं के लिये कल्याणकारी कार्यों की कुशलता को बढ़ाने के साथ-साथ लोगों के बीच जागरुकता उत्पन्न करने के लिये भी है। इस योजना के लिये 100 करोड़ की शुरुआती पूँजी की आवश्यकता थी। इस योजना की शुरुआत की जरुरत 2001 के सेंसस के आँकड़ों के अनुसार हुई, जिसके तहत हमारे देश में 0 से 6 साल के बीच का लिंगानुपात हर 1000 लड़कों पर 927 लड़कियों का था। इसके बाद इसमें 2011 में और गिरावट देखी गयी तथा अब आँकड़ा 1000 लड़कों पर 918 लड़कियों तक पहुँच चुका था। 2012 में यूनिसेफ द्वारा पूरे विश्वभर में 195 देशों में भारत का स्थान 41वाँ था इसी वजह से भारत में महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा के प्रति लोगों की जागरुकता जरुरी हो गयी। ये योजना कन्या भ्रूण हत्या को जड़ से मिटाने के लिये लोगों से आह्वन भी करती है।
(हिंदी की दुनिया वेब पेज से उधृत)

इस योजना के तहत सरकार द्वारा समाज में स्त्रियों की जन्म दर को बढ़ाने के उद्देश्य से की गयी है। इससे समाज में स्त्रियों के प्रति बदलाव आने की सम्भावना तो बनती है मगर केवल मात्र योजनाओं को चला देने से इस भयंकर समस्या का समाधान हो पाना मुमकिन नहीं है। इसके लिए सरकार को सामाजिक स्तर पर व्यापक अभियान चलाने की आवश्यकता है और जो व्यक्ति लिंग जांच करता पाया जाये उसके ख़िलाफ़ कठोर दंड का प्रावधान होना चाहिए ताकि सभी को एक सन्देश जाये के अगर हम ऐसा कुकृत्य करेंगे तो हम सबके ऊपर क़ानूनी गाज गिर सकती है। बदलाव की यह लड़ाई बहुत लंबी है क्योंकि हमारे समाज में अभी भी पितृसत्तात्मक मानसिकता अभी भी व्यापक स्तर पर पुरुषों में मौजूद है। उन्हीं की देखा-देखी स्त्रियां भी लिंग जांच में उनका साथ देती पायी जा सकती हैं। स्त्रियों का पुरुषों का साथ देना उनकी मज़बूरी है क्योंकि स्त्री पूरी तरह पुरुष पर निर्भर है। घर के काम-धंधों के अलावा उसने अन्य कुछ देखा ही नहीं है। तो अपने अस्तित्व को बचाने की जदोजहद में वह भी इस कुकृत्य में शामिल हो जाती है। यह तो ग्रामीण स्त्री का हाल है। अगर बात शहरी स्त्री की करें तो यहाँ भी हालात बदले नहीं हैं क्योंकि यहाँ भी लिंग भेद, लिंग जांच, कन्या भ्रूण हत्या के कई मामले हम देख सकते हैं। तो बेटी को ऐसे बचाना संभव नहीं है। उसके लिए हमको व्यापक महाभियान चलाना पड़ेगा स्त्री स्वतंत्रता का, स्त्री की बराबरी का क्योंकि जब बराबर के हक़ स्त्री-पुरुष में बंटेंगे तो मानसिकता बदलेगी और मानसिकता बदलेगी तो बेटा-बेटी का भेद भी समाप्त हो जायेगा। जब भेद मिट जाएगा तब कन्याओं की गर्भ में हत्याएं भी रुकेंगी। तो बेटी बचाने की शुरुवात हमें अपने घर से करनी होगी, फिर समाज की ओर हमें प्रवृत होना होगा क्योंकि अगर सभी अपने घर में बेटा-बेटी के इस भेद को समाप्त कर देंगे तो समाज में भी यह भेद धीरे-धीरे स्वतः ही मिट जाएगा।

अब बात करते हैं बेटी पढ़ाओ की तो बेटी को साक्षर करना आज एक बड़ी चुनौती है। मूल रूप से हमारे समाज में परंपरा से चली आ रहीं प्रचिलत धारणाओं को हमको तोड़ना होगा तभी बेटी को पढ़ाने की मानसिकता भी हममें  पनपेगी। इन धारणाओं में जैसे 'बेटी है पढ़कर क्या करेगी', 'बेटी को तो पराये घर जाना है इसलिए उसको पढ़ने के बजाये घर के कामों में अत्यधिक रूचि लेनी चाहिए', 'बेटी को पढ़ाकर कौनसा कुछ मिलेगा, उल्टा खर्चा ही करवायेगी यह' आदि ऐसी तमाम रूढ़िवादी धारणाओं का हमें समूल विनाश करके नयी प्रगतिशील आधुनिक भाव-बोध से लैस नवीन धारणाओं को सृजित करना होगा। शिक्षा किसी भी समाज को बदलने का एक कारगर सक्षम हथियार है। अगर स्त्री शिक्षित होगी तो घर की कैद से मुक्ति पायेगी और अगर मुक्ति पायेगी तो  पढ़-लिखकर समाज से सीधा संवाद करेगी और पढ़कर अपना हक़ जायज़ तरीके से हासिल करेगी। इससे समाज में पुरुषों की सोच भी परिवर्तित होगी। भारत में अधिकतर गाँवों में अभी भी मध्यकालीन धारणाएं आज भी पाई जाती हैं जहाँ बेटियों को पढ़ाने को लेकर तमाम तरह के अन्धविश्वास पाये जाते हैं। हमें उन स्त्रियों को शिक्षित करके जागरूक बनाना होगा तक गाँवों की स्थितियाँ बदलेंगी क्योंकि भारत गाँवों का देश है तो शहरों से पहले गावों से शुरुवात करनी होगी। इसके पीछे मूल कारण गाँवों में स्त्रियों के प्रति प्रचलित अनपढ़ धारणाएं हैं। जब जड़ें मज़बूत होंगी तो वृक्ष को कोई भी आंधी गिरा नहीं सकती, तो गाँव हमारी जड़ें हैं और हमें वहां बेटियों को पढ़ाने का बीज बोना होगा तभी सोच बदलेंगी। पढ़-लिखकर बेटीयाँ जब नौकरी करेंगे तो एक आर्थिक समृद्धता उनको स्वावलंबी बनायेगी जिससे परनिर्भरता यानि पुरुष पर निर्भरता का डर समाप्त होगा और स्त्री-स्त्री की दुश्मन वाली अवधारणा में भी निश्चित बदलाव होगा और तक स्त्री-स्त्री की सहायक होगी, दुश्मन नहीं। इसलिए बेटी साक्षरता बेटी के हित के लिए अति-आवश्यक है।

अंत में हम यह कह सकते हैं के सरकार द्वारा उठाया यह 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' वाला मन्त्र एक सराहनीय पहल है जिसका स्वागत होना चाहिए बशर्ते इस पहल का लाभ लाभार्थियों को सीधा पहुँचे तभी इसकी सफलता है। समय-समय पर इस योजना की समीक्षा और उससे उपजे परिणामों पर भी अधिकारियों को दृष्टिपात करना चाहिए अन्यथा बिचौलिये ही बीच से माल उड़ाकर अपना हित साध जाएंगे और यह बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ मात्र एक जुमला बनकर ही रह जायेगी।
@सुनील@

Saturday, September 3, 2016

डिजिटल इंडिया

चलिये आप कहते हैं रोटी के स्थान पर हम हर घर डिजिटल कर देंगे यानि हर जगह इन्टरनेट की सुविधा पहुँचा देंगे पर आपकी इस दूरगामी योजना की हवा निकल जाती है शहर से कुछ दूर जाते ही।

तो मित्रों मैं बताता हूँ आपको इनकी डिजिटल इंडिया जा सच। यह डिजिटल इंडिया केवल शहरों के लिए है, क्यों क्योंकि शहर से थोड़ा दूर जाईये पता चल जायेगा।

मेरे एक मित्र का फ़ोन आया मुझे जो एक शिक्षक के तौर पर जम्मू से काफ़ी दूर पहाड़ों पर कार्यरत है।
उससे मैंने पूछा के यार तू तो पोस्टिंग होते ही गायब हो गया चक्कर क्या है।
तो बेचारा बोला यार जहाँ हैं पोस्टेड हूँ वहां फ़ोन भी नहीं चलता।
मैंने कहा यार फिर तो मुसीबत होगी वहां।
तो बोला यार वहां लोगों के पास कच्चे घर हैं जिनमें वह स्वयं बड़ी मुश्किल से रहते हैं। मैं खुद किसी मित्र के साथ एडजस्ट करके रहता हूँ। मुझे कमरा तक नहीं उपलब्ध हो सका वहां तो फ़ोन चलना तो ग़नीमत है वहां।

तो मित्रों सोचिये शहर से बाहर निकलते ही लोगों के पास बुनियादी सुविधाएं रहने के लिए घर, सड़क, बिजली, पानी आदि तक नहीं वहां इन्टरनेट और फ़ोन कैसे किसी का पेट भरेगा सोचने की बात है.......?
डिजिटल इंडिया वहां किसी को नाम तक पता नहीं होगा। इन्टरनेट तो दूर वहां फ़ोन तक नहीं। कोई बीमार हो जाये तो कहाँ जाये।

तो मित्रों अब आप स्वयं हिसाब लगाएं यह डिजिटल इंडिया कहाँ तक, किन लोगों के लिए है........केवल शहरों में ही बसने वाले लोग, लोग हैं, शहर से दूर पहाड़ों पे दुर्गम जीवन जीने वाले क्या लोग नहीं......?
वह क्यों तमाम सुविधाओं से अभावग्रस्त जीवन जीने को अभिशप्त हैं.......???
क्या उनको समानाधिकार शहरों की तर्ज़ पर पहुँचाने का दायित्व सरकार का नहीं.......?
@सुनील@

Thursday, August 25, 2016

सरोगेसी (किराये की कोख़) बिल 2016

सरोगेसी यानि किराये की कोख़ से बच्चा पैदा करवाने वालों के लिए अब सरकार सख़्त हो गयी है। आपको बता दूं के भारत में लगभग 3000 सरोगेसी के चिकित्सालय (क्लिनिक) हैं  जो अपनी मन मर्ज़ी से अभी तक इस कार्य से करोड़ों रुपये का कारोबार कर चुके थे।

भारत को सरोगेसी की राजधानी भी कहा जाता है। क्यों, क्योंकि विदेशों से आने वाले निसंतान दम्पत्तियों के लिए भारत एक सस्ती जगह थी बच्चा पाने के लिए। हमारे यहाँ भी उच्च वर्ग के पूंजीपतियों के लिए भी यह एक सस्ता माध्यम था बच्चा हासिल करने का। आम ग़रीब वर्ग की स्त्रियों को यह लोग इस्तेमाल करके अपना हित साधते थे। अब यह लोग इनका शोषण नहीं कर सकेंगे।

क्या है प्रस्तावित सरोगेसी बिल। आईये थोड़ा इस विधेयक के कुछ बिंदुओं को जानते हैं।

* सिंगल माँ का इस्तेमाल अब किराये की कोख़ के लिए नहीं हो सकेगा। यह बैन हो जायेगा।

* अब सरोगेसी के लिए किसी भी गरीब स्त्री का आप इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। अब किराये की कोख़ उसी निसंतान दंपत्ति को मिलेगी जिसकी रिश्तेदार स्त्री इसके लिए तैयार होगी। उसी स्त्री की कोख़ का इस्तेमाल किया जायेगा।

* किराये के कोख़ वाली स्त्री का कम से कम एक बच्चा हुआ होना चाहिए और वह सर्वसम्मति से अपनी कोख़ किराये पर देने को राज़ी हो।

* सरोगेसी माँ का बीमा किया जायेगा और उसके गर्भ धारण से लेकर बच्चा पैदा करने तक समस्त खर्चे का भार सुरोगेट माता-पिता वहन करेंगे।

* सरोगेसी माँ को सुरोगेट माता-पिता किसी प्रकार की कोई रक़म नहीं दे पाएंगे यानि यह एक कारोबार के रूप में नहीं यह मानवीय संवेदनात्मक रूप से ही कोई करना चाहे तो उसी का इस्तेमाल इसमें होगा।

कुलमिलाकर मेरी नज़र में यह सरकार द्वारा उठाया स्वागत योग्य कदम है। इसका स्वागत होना चाहिए मगर मैं इसके इलावा एक अन्य विकल्प का पक्षधर हूँ। मेरे विचार से निसंतान दंपत्ति को अनाथ बच्चों में से किसी को गोद ले लेना चाहिए। इससे अनाथ को घर मिल जायेगा और माता-पिता को संतान।

मैं उम्मीद करता हूँ संसद में यह बिल सभी पक्षों की समस्याओं को सुनते हुए सर्वसम्मति से पारित हो जाये ताकि इससे निम्न वर्ग की स्त्रियों का शोषण होने से बचाव हो सके।

श्री कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई मित्रों

16108 पत्नियों के पति। लगभग हज़ारों गोपियों के प्रेमी। उन गोपियों में भी राधा के अत्यधिक नज़दीक। इन सबको एक साथ कृष्ण जी कैसे सँभालते थे यह वाकई आश्चर्यचकित करता है।

आज सर्वाधिक प्रचलित भी हैं कान्हा मगर सोचने की बात है के प्रेम के इस प्रकांड पंडित का सबसे बड़ा उदाहरण हमारे समक्ष होते हुए भी सदियों से भारत में प्रेम को कभी स्वीकारा नहीं गया.....???

यहाँ अगर कोई प्रेम को स्वेच्छा से स्वीकारता है तो किसी का व्यक्तिगत अहं आगे आता है, किसी का जातिगत, किसी का धर्मगत। नतीजा मारपीट, ऑनर किलिंग। फिर भी हम दिल की तस्सली के लिए कान्हा के पास जाते हैं के जो हम कभी नहीं कर सके तुमने तब कर दिया था। हम भारतीय दोहरा जीवन जीते हैं, दोहरी मानसिकता लिए। सत्य को कभी हम स्वीकार नहीं सकते। केवल झूठ के सहारे ही हम जी जाते हैं।
जियो मित्रों कृष्ण के सहारे ही। जो उसने किया उसका एक अंश भी कोई करके दिखाये तो मानु खैर बधाई जन्माष्टमी की.....🙏

Monday, August 22, 2016

बलात्कार यह रुकते क्यों नहीं....?

जे.एन. यू के ब्रह्मपुत्र हॉस्टल में आइसा संगठन से जुड़े छात्र अनमोल रत्न द्वारा एक लड़की से बलात्कार की ख़बर ने सच में दिल को गहरी ठेस पहुंचाई है। मैं जे.एन. यू का दिल से सम्मान करता हूँ क्योंकि वह एक बेहतरीन शिक्षण संस्थान है पढाई को लेकर और किसी एक घटना के आधार पर पुरे संस्थान को मैं कत्तई दोषी करार नहीं दे सकता। स्त्रियों के लिए जितना ज़बरदस्त माहौल पढाई को लेकर वहाँ है मैंने अन्य कहीं आजतक नहीं देखा।

किसी छात्रा के साथ जबरन बलात्कार की इस घटना की मैं घोर निंदा करता हूँ और चाहता हूँ के उक्त अपराधी को कठोर से कठोर सज़ा दिलाई जाये ताकि भविष्य में ऐसी घटाओं की पुनरावृति न हो। मैं आइसा से उम्मीद करता हूँ के वह इसके ख़िलाफ़ मोर्चा निकालकर अपनी निष्पक्षता दर्शाएं।

गुनाह मेरी नज़र में गुनाह है फिर वो किसी के भी द्वारा किया गया हो। चाहे वह किसी वामपंथी द्वारा हो, दक्षिणपंथी द्वारा हो या किसी सामान्य विचारधारा वाले व्यक्ति द्वारा क्योंकि मेरे विचार से बलात्कारी को कोई विचारधारा नहीं होती, वह एक हिंसक पशु से अतिरिक्त और कुछ नहीं होता।

ऐसे बलात्कारियों को कठोर सज़ा मिलनी चाहिए ताकि समाज में कुछ डर का माहौल बने  इन छुटे सांडों के मन में। पर सज़ा इनको मिलती नहीं इसलिए शर्म इनको आती नहीं, न शर्म उनको आती है जो हैं हमारे नीति निर्माता और कानून को लागू करने वाले। आख़िर सब जगह कुंड़ली मारकर पुरुष है बैठा फिर कैसे मिलेगा स्त्री को इन्साफ यही बड़ा सवाल है........😢😢😢

सत्तर साल

आज युवा हिंदी लेखक संग जम्मू द्वारा काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें मुझे भी एक कविता बोलने का अवसर प्रदान किया गया। आप सब मित्रों से साझा करता हूँ अपनी कविता जो कुछ इस प्रकार है।

सत्तर साल
*********
"सत्तर साल की हुई आज़ादी,
फिर भी भूख, लाचारी है,

उम्मीदों के वृक्ष लगाये,
बिना खाद के हमने यारो,

जड़ें खोखली कर दी हमने,
खोद-खोद स्वार्थों की मिट्टी,

धर्म अब भी करे है शासन,
मज़लूमों का करे शिकार यह,

कुपोषण है शान हमारी,
पोषण का तो नाम है धूमिल,

राजा करे है मौज आज भी,
ज़ुल्मों से उसके मरे है जनता,

बेकारी है बिखरी आज भी,
दो जून की है कशमकश सत्तर साल बाद भी,

पूँजी का बस बढ़ा रसूख है,
साथ मिला सत्ता का उसको,

दंगों की है बारिश होती,
यह है अब महामारी हमारी,

तरक्की की हैं चढ़ी सीढ़ियाँ,
फिर भी गरीबों की भरमार है,

रोटी जो है पैदा करता,
नहीं नसीब रोटी ही उसको,

जीना है आज भी महँगा यहाँ पर,
मौत है बिकती सबसे सस्ती इस बाज़ार में,

जाति की है पकड़ी लाठी,
कसकर करे हैं प्रहार बाँटने को वो आज भी,

मूल निवासी थर-थर काँपे,
विलोपन की हैं कगार पर,

सरहदों पे सर हैं कटाते वीर हमारे सैनिक,
राजनीति की बलि हैं चढ़ते वे सच्चे सपूत,

सत्तर साल की हुई आज़ादी,
फिर भी न आई समता यही बड़ी दुश्वारी है....."

©सुनील कुमार सलैडा®

आपके सुझाव आमंत्रित हैं

Monday, May 9, 2016

वर्चस्व

घर की सबसे बड़ी सी कुर्सी,
कुर्सी पे सदियों से हमेशा एक पुरुष विराजमान होता है,
उसके दायीं या बायीं ओर उसकी अर्धांगिनी (पत्नी) विराजमान होती है।
उस कुर्सी पे उसकी अर्धांगिनी का स्थान कब होगा मित्रों.....????
क्या यह पितृसत्ता को बनाये रखने का पुरुष षड्यंत्र नहीं.....?????
सहज ही उपजा एक ख्याल.....मित्रों के सुझाव आमंत्रित....?????
@सुनील@

Saturday, May 7, 2016

माँ

निर्झर, निर्मल, शांत,
शक्ति, भक्ति, रीति,
निति, नियति, रिक्ति,
आशा, उमंग, उल्लास,
आद्र, उच्छवास, उद्रेक,
भंवर, भावना, विवेक,
करुणा, क्रंदन, क्रांति,
मौन, चैन, चिंतन,
समर्पण, तर्पण, अर्पण,
नाद, निर्विवाद, स्नेह...."
©सुनील कुमार®

जितना लिखूं कम पड़ता है। एक माँ का रुतबा इतना है के लफ्ज़ कम पड़ जाते हैं उसके गुणों का गुणगान करते। खुद को मिटाकर दूसरों को ज़िंदा क्यों रखती है माँ....? उसका खुद का जीवन भी है उसको क्यों भूल जाती है माँ.....?

नमन है मेरा उन तमाम माओं को जो जीती हैं दूसरों के लिए पर मैं यह चाहता हूँ के बदले यह परम्परा और जिए खुद के लिए भी माँ....🙏

Happy Mother's Day to all Universe and to all my lovely friends.

मातृ दिवस पर विशेष

रेप
**
रेप किसी के लिए अपनी हैवानियत दिखाने का ज़रिया है पर कभी उन दरिंदों ने यह सोचा के उक्त स्त्री पे क्या गुज़रती होगी उसके बाद। वह शारीरिक रूप से टूटती ही है मानसिक रूप से उसमें जो दहशत भर जाती है क्या उसको कोई मिटा सकता है.....?

केरल में 30 साल की लॉ स्टूडेंट एक दलित लड़की जिशा के साथ दिल्ली की निर्भया की तर्ज़ पे जो दरिंदगी हैवानों द्वारा दिखाई गयी। उसके गुप्तांगों पर अनगिनत वार करके उसकी आँतों तक को निकाल दिया गया। यह कैसे समाज का निर्माण हम कर रहे हैं। पुरुष अपनी पुरुषता दिखाने के लिए जानवरों से भी बदत्तर हो गया है।

सवाल बस इतना है के जहाँ निर्भया के लिए इतने व्यापक स्तर पर पुरे देश में इन्साफ के लिए अभियान चलाये जाते हैं जिशा के लिए क्यों नी....? क्या वह एक दलित लड़की है इसलिए केवल कुछ दिन हो हल्ला मीडिया द्वारा करके चुप्पी साध ली जाती है क्यों....?
क्यों नहीं हम हर लड़की के इन्साफ के लिए बराबर आवाज़ उठाते हैं....?

हमारे समाज का कुछ नी हो सकता क्योंकि पितृसत्ता के बिज यहाँ लोगों की रगों में कूट-कूटकर भरे हैं जो कभी नहीं चाहते स्त्री उनके समक्ष खड़ी हो जाये.....आधुनिक समय में स्त्रियाँ आगे आना चाहती हैं पर ऐसी दरिंदगियां करके पुरुष उनके दिमाग़ में दहशत भर देना चाहते हैं ताकि परम्परा बनी रहे और रूढ़ियों का अनुसरण होता रहे.....हम भूल गए निर्भया को भी इतने व्यापक देशव्यापी प्रचार के बावजूद इन्साफ नहीं मिला तो जिशा को कहाँ मिलेगा वह तो है ही दलित और उनकी किस्मत में ही लिखा है कुचले जाना.....ऐसी कई निर्भया, जिशाओं का पल प्रतिपल दोहन, दलन हो रहा है और हम सब कुछ नी करते हैं.....व्यवस्था में जब तक स्त्रियों को बराबर भागीदारी नी दी जायेगी तब तक पुरुष अपनी दरिंदगी, मनमानी करता ही रहेगा...पैदा करने वाली ही नी बचेगी तो मातृ दिवस हम कहाँ से मनाएंगे मित्रों...😢
@सुनील@

Friday, May 6, 2016

गुथियाँ

उलझती जाती हैं यह गुथियाँ,
सुलझाने के हर प्रयास में,

लफ्ज़ बेबस हो जाते हैं,
ज़ुबान लड़खड़ा जाती है,

आँधियों के आगे अक्सर,
बेअसर हो जाते हैं तिनके,

मुठियाँ भींच दबाते हैं दबाव को,
दांतों का भी लेते हैं सहारा हम,

शान्त बहती सी नदी में अक्सर,
तूफ़ान इक बहता है भीतर-भीतर,

अजब उलझन है पार पाने की,
अक्सर किनारे ही उलझ जाते हैं...."
©सुनील कुमार सलैडा®

Tuesday, April 19, 2016

ज़िंदा लाशों का देश

मैंने मातम को रोते सुना,
मैंने चीखों को चिल्लाते सुना,

मैंने रुदन को मुस्कुराते देखा,
मैंने करिश्मों को तार-तार होते देखा,

मैंने भावनाओं को पत्थर बनते देखा,
मैंने संभावनाओं को बिकते बाज़ार में देखा,

मैंने सत्ता को पूँजी के आगे नाक रगड़ते देखा,
मैंने चाटुकारों को लाश से कफ़न उठाते देखा,

मैंने लोहे को पिघलाते कामगार को मोम होते देखा,
मैंने कूड़े के ढेर पे बचपन को मरते देखा,

मैंने मंदिरों में भीड़ को नौटंकी करते देखा,
मैंने भिखारियों के कटे अंगों से रिसती बेबसी को देखा,

मैंने भूख से मरती इंसानियत को मरते देखा,
मैंने सपने देखने वाले को दहशत में गिरते देखा,

मैंने पेट में बच्चे को लिए अबला को रोते देखा,
मैंने सन्नाटे में हो रहे मातम को मूक होते देखा,

मैंने मेरे हिंदुस्तान को जब-जब देखा,
मरे हुए हर मज़लूम को हर पल मरते ही देखा....."
©सुनील कुमार सलैडा®