Sunday, September 13, 2015

व्रत या षड्यंत्र

लगभग हर स्त्री को मैंने इस व्रत नामक प्रथा का आँख बंद करके पालन करते हुए देखा है। मेरी अपनी माता श्री की इन व्रतों में इतनी आस्था है के वह क्षीणकाय हो गयी हैं पर अगर कहो के व्रत न रखा करो अब बस भी करो तो जवाब मिलता है तू चुप कर तुझे कुछ नहीं पता। ऊपर से जब कहो के कुछ खा लो तो कहती है ज़्यादा नहीं खाना क्योंकि अगर ज़्यादा खा लिया तो व्रत रखने का क्या फायदा। तो उनका साल में हर तीसरे दिन व्रत ही होता है। ऐसा पर्दा है उनकी आँखों पे अन्धविश्वास का के मैं चाहकर भी उसको हटा नहीं पा रहा हूँ और अब उनके शरीर में कमज़ोरी भी दिख जाती है कभी सर नहीं उठ रहा, कभी कुछ और। फिर भी हारती नहीं वह लगी रहती है हर काम में 16 घंटे नित्यप्राय अनावृत हर रोज़।

खैर यह सब मुझे पुरुषों द्वारा स्त्रियों के मार्ग, उनके विकास में बाधा पहुँचाने के अतिरिक्त अन्य कुछ नहीं लगता। एक तो इससे उनका शरीर भी कमज़ोर पड़ जायेगा दूसरा यह इन सब कर्म कांडों में इतनी व्यस्त रहेंगी के खुद के लिए जीना क्या होता है इसका इनको आभास ही नहीं होगा और पुरुष आराम से अपनी मौज-मस्ती घर भी और बाहर भी आराम से करता रहेगा। किसी भी पुरुष ने कभी भी ऐसी प्रथाओं का विरोध नहीं किया उल्टा इन सब झूठी बेबुनियाद परम्पराओं को धर्म के साथ जोड़कर उनको हमेशा प्रश्रय और प्रोत्साहन ही दिया है। इस षड्यंत्र को स्त्रियाँ समझने का नाम ही नहीं लेती हैं और पीढ़ी दर पीढ़ी इन झूठी प्रथाओं का अनुसरण करती जाती हैं। क्या पढ़ी-लिखी स्त्रियाँ हों या अनपढ़ सबमें यह झूठी और बेकार की प्रथाओं का बोलबाला है।
अरी अब तो जाग जाओ,
अब तो समझ जाओ,
यह सब तुम लोगों को घुमाने और व्यस्त रखने के निक्कमें तरीके पितृसत्तावादी पुरुषों द्वारा केवल और केवल अपनी सुख-सुविधाओं हेतु गढ़े गए हैं। मेहरबानी करके इन सबसे बाहर निकलो और खुद की ज़िन्दगी भी जियो वरना ऐसे ही खाली पेट रह-रहकर किसी बीमारी का शिकार हो जाओगी और फिर फन्हा हो जाओगी, ज़मीदोज होकर अपनी जान से हाथ धौ बैठोगी। इससे पुरुषों की सेहत पर कोई असर नहीं होगा। वह तो किसी और को पकड़कर ले आएगा और झोंक देगा उसको भी इस दोजख की आग में झुलसने के लिए।

अपने सुझाव आवश्य दें के कैसे इन अंधविश्वासों से पर्दा हटाया जाये और जो यह मानते हैं के यह सही प्रथा है वो मुझे तर्कसम्मत समझा दें की इसका लाभ यह होगा क्योंकि मैंने जिससे भी आज तक इस विषय में बात की है सब उलझ जाते हैं और हवाई बातें करके इसकी सार्थकता स्पष्ट करते नज़र आते हैं।

@ सुनील @

No comments:

Post a Comment