भारत में क्रिकेट एक ऐसा खेल है जो अधिकतर जनसँख्या के लिए भावनाओं का विषय है। लोग इसके प्रति एकदम शांत, उग्र, उत्तेजित, उद्वेलित, अधीर आदि हो जाते हैं पर वर्तमान परिप्रेक्ष्य में देखें तो यह खेल खेल कम पूंजीपतियों का अड्डा अधिक प्रतीत होता है। सभी पूंजीपतियों के लिए यह एक बड़ा व्यापार नज़र आता है जहाँ वह खुलकर खेल की भावनाओं पर धन की मोहर लगाते दिख रहे हैं और इन सबको प्रश्रय दे रहा है क्रिकेट का सबसे बड़ा मुखिया बी.सी.सी.आई। यह विश्व की सभी क्रिकेट एजेंसियों में सबसे आमिर बोर्ड है। इसमें भी हमें भ्रष्टाचार देखने को मिल जाता है जिसमें हर कोई अपने फायदे की ही सोचता है क्रिकेट की सोचता कम ही दीखता है। ज्वलंत उदाहरण इस परिप्रेक्ष्य में एन.श्रीनिवासन का है जो चाहकर भी कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं थे और अपने दामाद मय्यपन को उन्होंने जमकर फायदा पहुँचाया पर मुद्गल कमेटी की रिपोर्ट ने उनकी सब पाने की मंशा पर पानी फेर दिया और कोर्ट ने मय्यपन की चेन्नई सुपरकिंग और राज कुंद्रा की राजस्थान रॉयल को दो वर्ष के लिए आई.पी.एल से निलंबित कर दिया है। जहाँ मय्यपन की कंपनी इंडियन समेंट्स अब इस फैसले के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट जाने वाले हैं राज कुंद्रा का कहना है की सबूत न होने के बाद भी उनको सजा मिली जो गलत है।
आई.पी.एल तो क्रिकेट में मनोरंजन कम धनाढ्य वर्ग के लिए धनार्जन का साधन अधिक लगता है। इसमें सट्टेबाज़ों से लेकर सटोरियों तक का फायदा ही फायदा है। करोड़ों का सट्टा इसमें चलता है बाहर-बाहर और वह इतने प्रभावशाली होते हैं के खिलाडियों तक को अपने चंगुल में फंसाने को कामयाब हो जाते हैं। इसमें सभी टीमों को पूंजीपतियों ने खरीद रखा है। इन पूंजीपतियों ने यह शुभ कार्य क्रिकेट की बेहतरी के लिए नहीं अपना घर भरने के लिए किया हुआ कार्य अधिक प्रतीत होता है। इससे स्पष्ट है के क्रिकेट में अब वैसी खेल भावना न मिले तो कोई हैरानी नहीं होनी चाहिए। भारतीय खिलाड़ी भी अब अपनी राष्ट्रीय टीम को उतना महत्व देते दिखाई नहीं देते हैं जितनी प्रार्थमिक्ता वह इस आई.पी.एल को देते हैं। इसका जवलंत उदाहरण हमें बांग्लादेश दौरे पर धोनी के रणबांकुरों का बांग्लादेश के हाथों चारो खाने चित हो जाना। एक सवाल मन में उठता है के खेल मंत्रालय का क्या बी.सी.सी.आई पर इतना भी नियंत्रण नहीं के वो इसके संचालन में हो रही त्रुटियों पर अपना कोई फैसला सुनाये.....? ऐसे हम कैसे इस खेल की गुणवत्ता को बचा पाएंगे जहाँ खेल खेल न होकर धनार्जन का पर्याय बन गया हो। मैं यह नहीं कहता के धनार्जन करना गलत बात है पर हर जगह पूंजीपतियों के हाथों की कठपुतली बनकर खेल खेलना कहाँ से सही है.....?
अब इसी क्रिकेट खेल से जुड़े उन खिलाडियों की आर्थिक बदहाली पर बात करते हैं जिन्होंने अपनी मेहनत से भारत को १९९८ के नेत्रहीन विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुँचाया था। मैं बात कर रहा हूँ नेत्रहीन टीम के खिलाडियों की। कल एक अखबार में उस टीम के एक स्टार खिलाड़ी भालाजी डामोर को अपने पैतृक गाँव गुजरात के अरावली जिले के पीपराणा में भैंसे चराते देखा। डामोर एल हरफनमौला खिलाड़ी है। उन्होंने गेंद से नेत्रहीन क्रिकेट में १५० विकेट लिए और बल्ले से तीन हज़ार से अधिक रन बनाये हैं। इतना विराट प्रदर्शन करने के बावजूद आज डामोर के परिवार की मासिक आय तीन हज़ार रुपये है.....? यह कैसा भेदभाव है जहाँ एक ही खेल के खिलाडियों के प्रति दोहरी मानसिकता का परिचय हमारे नीति-निर्माताओं द्वारा अपनाया जाता है। अगर एक हरफनमौला खिलाड़ी की मासिक आय इतनी है तो सोचें उस टीम के अन्य खिलाड़ियों की बदहाली का स्तर किस हद तक गिरा होगा। क्या नेत्रहीन क्रिकेट टीम के प्रति बी.सी.सी.आई के पदाधिकारियों का कोई दायित्व नहीं बनता है....? अगर यह नेत्रहीन खिलाड़ी बी.सी.सी.आई के दायरे में नहीं आते हैं तो उनको क्या इसके अंतर्गत लाना इस बोर्ड का कर्तव्य नहीं.....? क्या उनकी बदहाली को खुशाली में बदलना हमारे खेल मंत्रालय का दायित्व नहीं है......? इसका जवाब तो इन नीति-निर्मातों को देना ही चाहिये।
एक ही खेल के कुछ खिलाड़ी करोड़ों के तालाब में डुबकियां लगा रहे हैं वहीं उसी खेल के दूसरे पक्ष नेत्रहीन खिलाड़ी बदहाली के सूखे तालाब में पानी की बून्द को तरस रहे हैं ऐसा क्यों.....? क्या वह इज़्ज़त से जीने के अधिकारी नहीं....? क्या उनकी तरफ इन पूंजीपतियों को देखने की फुरसत नहीं.....? क्या उनकी शारीरिक अक्षमता जिसको उन्होंने सक्षमता साबित करते हुए विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई उन्हें इस तरह तिल-तिलकर जीवन व्यतीत करने को छोड़ देना चाहिये.....? क्या हमारे धनाढ्य खिलाडियों का यह फ़र्ज़ नहीं बनता के उनके साथ खड़े होकर वह उनके हक़ के लिए आवाज़ उठाएं....? क्या विश्व के सबसे अमीर बोर्ड का यह दोहरा चरित्र और दोहरा रवैया उनको शोभा देता है.....?
ऐसे कई अनगिनत सवालों से नित्यप्राय वह खिलाड़ी झूझते होंगे जिनकी भावनाओं से व्यवस्थावादी खेलते आये हैं। इस वर्ग विभेद से उनके भीतर कितना कुछ छिटककर रोज़ाना टूटता होगा। कहते हैं भगवान् सब जनता है और वह सबके दुःख दूर करता है तो क्रिकेट के भगवान् हमारे भारतरत्न धारक सचिन तेंदुलकर को इन नेत्रहीन खिलाड़ियों की पीड़ा दिखती नहीं....? क्या उस भगवान् ने कभी इनके प्रति कोई आवाज़ उठाई नहीं.....? नहीं तो क्यों नहीं...? वह खुद स्टारडम का लुत्फ़ उठाते हुए करोड़ों अरबों डकार जाते हैं क्या उन्होंने कभी इन नेत्रहीन खिलाडियों के लिए कुछ किया....? बहुत सी कठिनाईयों में रहने को विवश उन खिलाडियों के प्रति सबको मिलकर आवाज़ उठाते हुए उनको उनका हक़ दिलाना चाहिये।
इस तरह एक ही खेल के प्रति इस दोहरे नज़रिये के प्रपंच, षड्यंत्र को उजागर करना चाहिये। एक को शारीरिक सक्षमता के कारण ईश्वर तक की उपाधि दे देना और दूसरे को शारीरिक अक्षमता के कारण ज़मीन की धूल तक न समझना यह कहाँ का न्याय है हमारी जनता का। जनता तो खैर जनता है, भोली जनता, मासूम जनता, निरहि जनता, निर्दोष जनता, नासमझ जनता। जनता को तो जो राजनीति दिखाती है वह उसी ओर चल पड़ती है। हमारी बिकाऊ मीडिया, सत्ता और पूंजी के गठजोड़ से ऐसे खिलाडियों के वाकये अक्सर किस्सों, कहानियों में दफन हो जाते हैं। यह हम जैसे जागरूक लोगों का फ़र्ज़ है के हम इसके प्रति हमारी जनता को जागरूक करें जिससे वह एकांगी, एकपक्षीय होकर न सोचे अथवा निर्णय ले। खेल के प्रति ऐसे दोहरे मानदंडों को हमें अपनी बुद्धि और विवेक से बेनकाब करके सच को सामने लाना चाहिये तभी मनुष्यता का मूल मन्त्र पूरी तरह स्थापित हो पायेगा। ऐसे पूंजीवादियों की दोहरी नीतियों को हमें उजागर करना होगा ताकि यह भविष्य में ऐसे षड्यंत्रों से आम जनता को भटका न सके। बी.सी.सी.आई भी यही पूंजीवादी संस्था है जिसको हमें यह एहसास दिलाना होगा के वह दोहरा शोषण कर रहे हैं इन क्रिकेटरों का। एक उनकी आय के स्रोत का प्रबंध न करके, दूसरा सक्षम खिलाडियों को धनकुबेर बनाकर।
No comments:
Post a Comment