हमारे पास डिग्रियाँ तो होंगी पर योग्य छात्रों का अभाव होगा जिसका प्रभाव समाज पर सीधे पड़ेगा।
मित्रों यह चिंता ज़ाहिर की है हमारे माननीय राष्ट्रपति प्रणव मुख़र्जी ने। समय-समय पर वह अपनी चिंता ज़ाहिर करते रहे हैं इस विषय पर। मैंने भी कल इसी पे लिखा था के उच्च शिक्षा में योग्य छात्रों की अनदेखी धड़ल्ले से हो रही है और चिरौरी करने वाले छात्रों की संख्या बढ़ती जा रही है जिनके लिए ज्ञान से ज़्यादा ज़रूरी है चिरौरी। इसी चिरौरी के बल पर वह भविष्य में नौकरियाँ भी हासिल कर लेते हैं जिससे वह चिरौरी करने वाली नयी फ़ौज तैयार करते हैं। यह फ़ौज हमारे समाज को पतन की ओर ही ले जायेगी विकास की ओर कभी नहीं क्योंकि विकास ज्ञान से होता है, मानववादी दृष्टिकोण से होता है चिरौरी,पक्षपात, भेदभाव से नहीं।
इसी भेदभाव, भ्रष्टाचार और पक्षपात का एक उदाहरण हमनें हैदराबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में स्पष्ट देखा जहाँ पाँच दलित छात्रों को ज़बरन हॉस्टल से बाहर निकाल दिया गया। केवल उनको ही नहीं निकाला गया बाहुबलियों ने उनके सपनों को भी मिटा दिया। इस झटके को उन छात्रों में से एक छात्र रोहित वेमुला सहन नहीं कर पाया और उसने गत बीती रात को आत्महत्या कर ली। उसने आत्महत्या से पहले एक लंबा-चौड़ा पत्र लिखा जिसमें उसने वैज्ञानिक लेखक बनने के अपने सपने के बारे में विस्तारपूर्वक लिखा। उसके पत्र में मुझे उसकी एक पंक्ति ने झकझोर दिया जो हमारे समाज की सच्चाई भी है। उसने लिखा की "My birth is a fatal mistake अर्थात मेरा जनम एक घातक गलती थी"
मित्रों इसमें उसने जातिवाद पर सीधा प्रहार किया है क्यूंकि जाति हमारे समाज में जन्म के बाद ही व्यक्ति की नियति तय कर देती है। फिर उस पर अगर कोई जाति से दलित हो तो उसका जन्म से ही शोषण होना शुरू हो जाता हो तो आप अंदाज़ा लगा सकते हैं के वो व्यक्ति भीतर से कितना टूट जाता होगा। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी ने भी कहा था के जाति में पैदा होना मेरे बस में नहीं था.....तो इसी जातिगत शोषण का शिकार हुआ रोहित वेमुला। उसकी मृत्यु पुरे समाज ने की, विश्वविद्यालय प्रशासन ने की। खोखली इस व्यवस्था में अगर कुछ भी मानववादी कीड़े बचे हैं तो उसको इन्साफ दिलाना चाहिए उनको पर मुझे उम्मीद लगती नहीं। दुःखी हूँ मित्र तुम्हारा यूँ चले जाने से। मैं कल्पना कर सकता हूँ के तुम किस मनः स्थिति से गुज़रे होगे इतना बड़ा निर्णय लेने के लिए। तुम्हारी कुर्बानी बेकार नहीं जायेगी। समाज में अपने हक़ों के प्रति लड़ने वालों के लिए तुम मिसाल बनोगे ऐसी मैं आशा करता हूँ। भेदभाव से भरे इस समाज का समूल विनाश हो ऐसी मैं कामना करता हूँ। मैं चाहता हूँ के मानवाद से निर्मित ऐसे समाज की स्थापना हो जहाँ सभी को समानाधिकार प्राप्त हों क्योंकि गर्व से जीने का अधिकार सबको है।
कितना द्वन्द, कितना संघर्ष, कितनी घुटन, कितनी यंत्रणा, कितना अकेलापन, कितनी कुंठा, कितना आत्मनिवेदन, कितना उपहास, कितनी प्रताड़ना, कितना अजनबीपन आदि से वो गुज़र रहा था रोहित इसका हम केवल अनुमान ही लगा सकते हैं। इतना फैलाओ इसको के कम से कम मूक प्रशासन की अंधी आँखों को यह दिखे, बहरे उनके कानों को यह शब्द गूँजते सुनाई दें....😢
विनम्र अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि रोहित वेमुला...😢😢😢😢😢
No comments:
Post a Comment