Friday, August 28, 2015

रक्षाबंधन

रक्षा का बंधन बांधती है एक बहन अपने भाई को के विपत्ति में मेरी रक्षा करना...पर एक भाई कितना ही रक्षा कर पाता है अपनी बहिन की जब वो ससुराल में पिसती है, घिसती है, पिटती है, मरती है, भावनाओं को मारती है वगैरह-वगैरह। जितना भी मैं सोचूं मुझे भारत में आज भी ऐसी सैंकड़ों स्त्रियां नज़र आ जाती हैं जो दहेज़ प्रथा, सास उत्पीड़न मानसिक हो या शारीरिक, पति उत्पीड़न शारीरिक और मानसिक आदि उत्पीड़न का शिकार होती हैं और अंततः जान से जाती हैं। जो बची रहती हैं वो मात्र ठूँठ बन जाती हैं, पत्थर हो जाती हैं जिनमें बस जान नाम मात्र बाकी होती है। कितने भाई अपनी बहनों को इससे उभार पाते हैं यह आज भी यक्ष प्रश्न है........?

इसके पीछे हमारी महान भारतीय संस्कृति की परम्परावादी रूढ़िवादिता है जो पितृसत्तात्मक पुरुषों द्वारा गढ़ी गयी है जिन्होंने स्त्री के लिए उसके अपने घर के दरवाज़े उसकी शादी के बाद बंद कर दिए। इससे यह हुआ के स्त्री खुद में ही घुटकर सब सहने को मजबूर हो गयी क्योंकि अगर वो माँ, बाप या भाई को अपने साथ हो रहे अत्याचार के बारे में बताती है एक याचक की भाँति तो उसे परम्परावादी उपदेश मिलता है के बेटी जो भी है अब तुम्हारा सब कुछ वही लोग हैं। छोटे-मोटे झगडे तो हर परिवार में होते ही रहते हैं इसलिए करो समझौता। फिर क्या ताउम्र स्त्री समझौता ही करती रहती है और वह खुद को भूलकर दूसरों की ग़ुलाम बनकर अंत समय तक जीती रहती है और अंत में फ़नाह होकर मिट्टी हो जाती है। क्या आपको नहीं लगता मित्रों के ऐसी पारंपरिक रूढ़ियाँ टूटनी चाहिए जिससे ऐसे पर्वों का महत्व भी सार्थक हो जाये........?
सोचकर राय ज़रूर दीजियेगा क्योंकि ऐसी तमाम तरह की स्त्रियाँ आज भी नर्क भोग रही हैं पितृसत्तात्मक व्यवस्था का।

बरहाल रक्षा बंधन की मेरे सभी मित्रों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। केवल पर्व मनाकर छोड़ न दें थोड़ा मंथन करें इस दिन शायद एक ही स्त्री का जीवन सुधर जाये आपके सोचने से.......?

@ सुनील @

No comments:

Post a Comment