Sunday, December 28, 2014

साम्प्रदायिक सोहार्द बिगाड़ने की ओर

पहले लव ज़िहाद का मुद्दा, फिर धर्मांतरण और अब बहु लाओ बेटी बचाओ का नया मुद्दा बजरंग दल द्वारा उठाया गया है। उत्तर प्रदेश के प्रांत सहसंयोजक अज्जू चौहान का कहना है के भारत में हर वर्ष हिन्दू समाज की एक लाख लड़कियों को भगाया जाता है, तो इसलिए ‘बहू लाओ बेटी बचाओ’ अभियान के लिए संगठन की हरी झंडी मिलते ही जनजागरण शुरू हो जायेगा।

जैसा की सब जानते हैं के कुछ दिनों पहले आगरा के देवरी रोड इलाके के देवनगर स्लम बस्ती में हुआ धर्मान्तरण का मुद्दा सड़क से संसद तक गूंजा था। पर इनको अब किसी की भी परवाह कहाँ है। संसद में अब इनकी ही सरकार है और सड़क पर यह किसी की चलने नहीं देते। उस मुद्दे पर भी कमेटी बिठा दी गयी, जाँच के आदेश दे दिए गए ऊपरी स्तर पर, मगर नतीजा कुछ भी नहीं निकला जोकि कोई अचम्बे वाली बात नहीं थी।

अब नए मुद्दे 'बहु लायो बेटी बचाओ' के तहत हिन्दू लड़कों को प्रोत्साहित किया जायेगा के वो मुस्लिम और ईसाई धर्म की लड़कियों से शादी करें। इसके लिए उनको दल सहायता भी प्रदान करें। जो हिन्दू पहले से ऐसा कर चुके हैं उनको प्रश्रय भी दल द्वारा दिया जायेगा।

यह कैसी राजनीति है जो देश के सांपद्रायिक सोहार्द के माहौल को अस्थिर करने पर लगी हुई है। इससे हर धर्म के लोगों में होड़ लग जायेगी ऐसा करने में। फिर यह मेरे-तेरे धर्म की आग धीरे-धीरे सभी को अपने लपेटे में ले लेगी। इससे धार्मिक विद्वेष और अधिक बढ़ेगा और समाज में अराजकता की स्थिति पैदा होते देर नहीं लगेगी। पर शायद इसी से कुछ लोगों की राजनीति चलती है। मनुष्य को मनुष्य से बाँटकर ही वो अपने स्वार्थ की सिद्धि करते आये हैं और शायद करते रहेंगे।

गरीब और अनपढ़ जनता के मानस को अपने कब्ज़े में करके यह लोग उनसे क्या नहीं करवाते हैं। आपसी वैमनस्य, भाईचारे को तोड़कर राज़ करने की जो नीति अंग्रेजों ने अपनायी थी और कितने वर्षों तक भारत पर राज़ किया और अंत में जाते-जाते अँग्रेज़ भारतियों को कभी न मिटने वाला साम्प्रदायिकता का जो दंश दे गए थे, शायद उसी की पुनरावृति पूरी तरह इस समय भी भारत में देखने को मिल रही है। तोड़ो और राज़ करो वाली अंग्रेजी नीति का अन्धानुसरण इस समय वर्तमान भारतीय व्यवस्थावादियों द्वारा हमें देखने को मिल रही है।

इसी तरह चलता रहा तो भारत एक बार पुनः गुलामी की ओर अग्रसर हो जायेगा और बाहरी ताकतें जैसे प्राचीन समय में हमारी खुद की कमज़ोरियों का फायदा उठाकर हमें गुलाम बना लेती थी वैसे ही वर्तमान में भी वही समय हमें देखने को मिले तो कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। वैसे भी वर्तमान समय में भारत पर बाहरी हस्तक्षेप कुछ कम नहीं है कहीं यह आतंकवाद के रूप में, कहीं चीनी घुसपैठ, कहीं बांग्लादेशी घुसपैठ आदि कई रूपों में। उन लोगों को तो वैसे ही तलाश रहती हैं ऐसे मौकों की जिसका फायदा उठाने में वो चूकेंगे नहीं। तो वर्तमान समय की मांग है हमें आंतरिक रूप से मज़बूत और सुदृढ़ होने की, न की सांप्रदायिक तनाव फैलाकर समाज को बाँटने की। समय की मांग है आपसी भाईचारे और एकता की जिससे विश्व में यह कड़ा सन्देश जाये जिससे वो हमारे आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने से पहले सौ बार सोचे।

सांप्रदायिक उन्माद की यह गन्दी राजनीति रोकनी होगी और तमाम बुद्धिजिवियों, सामाजिक संगठनों का यह कर्तव्य बनता है के वह लोगों को इस समस्या से अवगत करवाकर इसके बहकावे में न आने की सलाह, परामर्श दें। बच्चा जब युवा होता है तो उसमें भावुकता, जोश, समझ का आभाव बहुत अधिक होता है। उसके मानस का विकास तेज़ी से हो रहा होता है और उसकी जिज्ञासाएं अपने चरम पर होती हैं। उस समय उसको बरगलाकर आप किसी भी दिशा में मोड़ सकते हैं। हमारे तथाकथित व्यवस्थावादी, स्वार्थ की राजनीति करने वाले इस समय उन्हीं बच्चों को बरगलाकर उनके दिमाग में उल जलूल भर रहे हैं जिससे भारत को हानि हो रही है। भारत में वैसे भी वर्तमान में युवाओं की संख्या सर्वाधिक है तो इन युवाओं को भ्रमित करके ही कई स्वार्थी लोगों ने अपने स्वार्थ की सिद्धि की है। ज़रूरत है इन युवाओं को सत्य की पहचान करवाने की जिससे यह सही समय पर सही चुनाव करके समाज को सही राह पर आगे बढ़ा सकें जिससे देश में खुशहाली, अमन-चैन, आपसी भाईचारा और अधिक मज़बूत हो।

©® सुनील कुमार २८.१२.१४

No comments:

Post a Comment