आज एक और हार हो गयी हमारी। सातवें साक्षात्कार में सातवीं हार। मतलब आज हमारे यहां टीचर का नतीजा आया और एक बार फिर मैं फेल। सात साक्षात्कार दे चूका हूँ अब तक कभी टीचर, कभी लेक्चरर, कभी लिपिक....सब जगह हार, हार और हार। अब तो बुढ़ापे की ओर भी बढ़ चले हैं क्योंकि 30 के बाद व्यक्ति के पतन का दौर प्रारम्भ हो जाता है और हमारे तो दो साल ऊपर हो गए। अब तो लगता है शायद हम निक्कामों के सरदार हैं क्योंकि हमारी व्यवस्था तो हर बार हमको यही साबित करती आई है हर साक्षात्कार के बाद।
अगर ऐसा है तो हर परीक्षा में यह निक्कमा पास क्यों हो जाता है और आगे चलकर साक्षात्कार में ही क्यों रह जाता है कारण एक ही है न मेरे पिताजी के पास पैसा न किसी उच्च अधिकारी से उनकी पहचान। उन्होंने तो सारी उम्र दे दी मुझको पढ़ाने में ही। एक साधारण पुलिसवाले की ईमानदार ज़िन्दगी जी उन्होंने और एक साधारण से पद से ही सेवानिवृति पा ली। उनकी एक ही ख़्वाहिश है की जो रात-रातभर मैंने डंडा लेकर खड़े हो होकर अपनी नींदें ख़राब की हैं वह मेरे बेटे न करें इसलिए पढ़ाते गए। अब तीन साल से उनके सब्र का बाँध भी टूट गया क्योंकि तीन साल से सेवानिवृत होकर वह घर बैठे हैं और सब देख रहे हैं। कह देते हैं अब वह भी के बेटा आख़िर कब तक.....? उनके इस आख़िर का मैं क्या जवाब दूँ उनको क्योंकि मैं खुद नहीं जनता के आख़िर कब तक....? फिर भी मेरी हर हार में जाने क्यों मेरे साथ ही खड़े रहते हैं पर अब कहते नहीं है के कोई नी यह नहीं तो कोई और सही।
मेरी माँ और पिताजी दोनों कभी बड़े खुश के हमारे खानदान में मेरा बच्चा पहला पीएच.डी होने जा रहा है हालाँकि उनको पता नहीं की यह बला क्या है पर खुश होते थे के कोई बड़ी पढाई है। अब मगर उनका धैर्य भी समाप्त होता जा रहा है। कहते हैं छोड़ दे इसको और कर ले कोई अन्य काम। एक सामान्य निम्न मध्यवर्गीय परिवार के हैं वह जो चाहते थे की उनके बेटे पुलिस की नौकरी न करें बाकि चाहे जो करें पर अब जब वह देखते हैं के बेटा तो बेकार ही है आधी ज़िन्दगी निकल जाने पर भी तो दुःखी होते हैं। मुझे दिखाते नहीं पर दोनों के चेहरे की झुर्रिया सब बता देती हैं। दोनों का सबसे बड़ा दुःख मैं ही हूँ के यह कहीं ठिकाने लग जाए। उनकी आँखों में मेरे लिए ढेरों सपने हैं जो कभी भी दिख जाते हैं तैरते हुए कभी माँ के साथ जब वह रसोई में होती है। कभी पिताजी के जब वह झल्लाहट में इधर-उधर पांव पटकते निकल जाते हैं। माँ ने मेरी मुझे बुझने से हमेशा बचाया है। हर बार कहती है बेटा फिर क्या हुआ यह सब होता रहता हैं पर उसकी आँखों का पानी मुझे हमेशा विचलित कर जाता है। उसने कभी सुख का एक पल नहीं देखा जीवन में। हमेशा पिताजी आधी रात को आते थे और आधी रात को वह उठ खड़ी होती थी खाना बनाने को कभी न नहीं की जो मुझे हमेशा सालती थी भीतर ही भीतर के माँ कभी न क्यों नहीं कहती हालाँकि इसका कारण भी मैं जनता था पर जब भी पिताजी से कहता तो हमेशा फटकार सुनता के तुम सबके लिए ही करता हूँ और खाना भी न खाऊँ अब। बाहर एक पैसे की चीज़ नहीं खाता के तुम्हारे को सब मिले। क्या-क्या कहूँ हर एक का अपना-अपना संघर्ष है। मैं चाहता था के कुछ बनकर इनके संघर्ष को कम करूँ पर कई इस संघर्ष में मेरा साथ छोड़कर चले गए। अपनों के लिए कुछ न करने की छटपटाहट, दर्द ही सबसे ज़्यादा व्यथित करता है वरना अपनी तो अब भीतर से सभी दीवारें चटक सी गयी हैं।
ज़िन्दगी में आगे बढ़ने की मेरी जदोजहद में मेरा स्कोर आज 7-0 हो गया। आज पाश की एक पंक्ति बहुत याद आ रही है। वह कहते हैं :-
'सबसे बुरा होता है आदमी के सपनों का मर जाना.....'
अब लगता है मेरी भी स्थिति कुछ-कुछ ऐसी ही बन रही है पूरी तरह बन गयी नहीं कहूँगा पर इतना ही कहूँगा के बहुत से सपने मर गए हैं कुछ बचे हुए हैं अभी भी पर वह भी गीली मिटटी से हो गए हैं जो कभी भी बह जाएंगे। शायद हम जैसे निम्न मध्यवर्गीय परिवार वालों के सपने सदियों से ऐसे ही ध्वस्त होते रहे हैं वही हमारे साथ हो रहा है। व्यवस्था से न कभी हम लड़ पाये हैं न कभी लड़ पाएंगे क्योंकि उस दुर्ग की दीवारें लोहे की हैं और हमारा वजूद उस तिनके जितना जो उड़ता रहता है कभी यहाँ, कभी वहाँ पर स्थायित्व उसको कभी मिलता नहीं और अंत में किसी दरिया की मौज में बह जाता हैं।
बेकार सुनील
मिल गयी नौकरी?
ReplyDelete