अजी सुना है सात समुन्दर पार से कोई बाबा या बामा आये हैं करने अपनी कृपा दृष्टि। सुना है उनके लिए सभी प्रोटोकोल तोड़ डाले। इतिहास में दूसरी बार ऐसा हुआ। अब आये हैं तो हमने अपना लिबाज़, लहज़ा सब बदल डाला और एकदम उनके माफ़िक ही बन गए साहब हम भी ताकि खातिरदारी और लुभाने में कोई कोर कसर बाकी न रहे।
तो सारा लबोलुआब यह है मित्रों के विकासशील बनना है हमको चाहे गरीब 70 प्रतिशत से अधिक रहें। अरे छोड़िये गरीब तो किसी परिधि में हमारी आते ही नहीं। हमें तो फ़िक्र है उन 10 प्रतिशत पूँजीपतियों की जिनकी बदौलत हम आज यहाँ हैं और हमने आज यह मुकाम पाया है। अब उनके संगी साथियों को ही न बुलाएंगे हम। अन्य 90 प्रतिशत का क्या है उनके लिए पिटारे में भरी पड़ी है वादों की झड़ी। खाएंगे पियेंगे और पड़े रहेंगे धुत किसी कोने में। अपना काम है बनता भाड़ में जाये बेवक़ूफ़ जनता।
@ सुनील
No comments:
Post a Comment