कहते हैं भारत देश विविधताओं का देश है। यहाँ हर रंग, रूप, भाषा, संस्कृति, जाति, वर्ग आदि को समानाधिकार प्राप्त हैं। किसी के साथ भी इन मुद्दों के आधार पर भेदभाव नहीं होता है पर....? यह पर हर मुद्दे पर एक प्रश्नचिन्ह बनकर हमारे सामने स्पष्ट रूप से खड़ा हो जाता है। आज के समाज में इन्हीं मुद्दों के आधार पर समाज को सबसे ज़्यादा बाँटने के प्रयास अनवरत रूप से धड़ल्ले से जारी हैं और ऐसा करने वालों को खुला समर्थन हमारे व्यवस्थावादियों का है।
चूँकि मैं जम्मू का रहने वाला हूँ तो यहाँ के ही एक मुद्दे पर बात करता हूँ। कश्मीर में अलगाववादी नेताओं ने कश्मीर बंद करके घाटी में कश्मीरी पंडितों की केंद्र सरकार की अलग बस्तियाँ बसाने के फैसले का विरोध जताया। यह कट्टरवादी नेता सरे आम अपना विरोध आये दिन किसी न किसी रूप में भारत विरोधी गतिविधियाँ करके दिखाते रहते हैं पर मजाल है किसी की जो इनको कुछ कह पाये या इनके ख़िलाफ़ कोई एक्शन लिया जाये। अगर कश्मीर के इतिहास को देखें तो पंडितों ने भी इन लोगों के साथ इंसानों जैसा कभी बर्ताव नहीं किया था जिसका नतीजा उनको भी भोगना पड़ा था पर मेरा सवाल यहाँ केवल यही है के आप अपनी दृष्टि खुली और व्यापक क्यों नहीं रखते हैं। ऐसे कट्टरवादी रवैये से समाज में असंतुलन ही बनेगा हमेशा।
अब दूसरी घटना है कट्टर हिंदूवादी संगठन शिवसेना के बयान की के मुस्लिमों को वोट के अधिकार से वंचित कर देना चाहिए। यह कैसी राजनीति है....? यह कैसी कट्टरवादिता है जो हमेशा तोड़ने का कार्य ही करती है.....? क्या इससे समाज में अराजकता नहीं फैलेगी.....?
आप फिर क्यों कहते हैं के भारत विविधिताओं का देश है। मुझे कहीं भी विविधता यहाँ कभी दिखती नहीं है। मुझे तो भारत हमेशा भेदभाव से भरा हुआ ही देश लगा जहाँ जिसका जब जी चाहा अपना मुंह उठाकर कुछ भी ज़हर फैला देता है कभी धर्म के नाम पर कभी जाति के नाम पर, कभी क्षेत्र के नाम पर। कहते हैं संविधान हमें यह अधिकार देता है के हम किसी को भी लिंग, जाति के आधार पर बांटे नहीं पर हम आज सर्वाधिक इन्हीं मुद्दों पर सबसे ज़्यादा खुद में बँटे हुए हैं और औरों को भी बाँट रहे हैं। केवलमात्र कुर्सी के लालच के लिए।
अगर ऐसे ही चलता रहा तो हम एक दिन फिर ग़ुलाम हो जाएंगे क्योंकि फिर कोई बाहरी आ जायेगा और हमारे भीतर फैली इस छोटी सी चिंगारी को हवा देगा और सब आग-आग करके एक किनारे पर बैठकर तमाशा देखता रहेगा। जब सब स्वाहा हो जायेगा तब खुद आकर बचे-खुचे पर अपना प्रभुत्व जमा लेगा। हमारे व्यवस्थावादि हमें इसी ओर ही धकलेते हुए ले जा रहे हैं क्योंकि शासन के नाम पर कुशासन ही हर ओर देखने को मिल रहा है। कट्टरवादी लोग नेताओं का प्राश्रय पाकर धार्मिक उन्माद उद्दंडता से फैलाये जा रहे हैं पर सरकार है के उनपर नकेल कसने के बजाये मौन धारण करे हुए है। ऐसे ही चलता रहा तो स्थितियां अत्यधिक भयावह हो जायेगी फिर उनको रोक पाना नामुमकिन हो जायेगा। समय रहते हमें इन सब पहलुओं पर विचार करके कोई ठोस कदम उठाने होने अन्यथा परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए।
@ सुनील
No comments:
Post a Comment