Friday, March 6, 2015

विचारों की खोह में जूझता जीवन

अक्सर जीवन की उहापोह में हम खो जाते हैं। अनेक सवाल टकराकर बाहर उछल आते हैं फिर उसी तीव्रता से वो अनसुलझे से वापिस अपने तरकश में लौट आते हैं तड़पाने, बेचैन करने....सवाल जो जीवन का सत्य हैं जिनसे हर किसी को अपने जीवन में दो-चार होना ही पड़ता है। कहते हैं जीवन में संघर्ष न हो तो जीवन आपका बेकार है पर इस संघर्षशील दौर में जब मशीनें इंसानों के ऊपर राज करने लगती हैं तब चोट पहुँचती है। चोट बस हम जैसे कुछ मूर्खों को ही पहुँचती हैं क्योंकि हम ही हैं जो एक संवेदना नामक राग को अक्सर अलापते रहते हैं और फिर जब मशीनों से टकराकर यह राग अस्त-व्यस्त हो जाता है तब अपना माथा फोड़ने के सिवाए अपने पास कुछ उपाय बचता ही नहीं है।

ग़नीमत तो तब हो जाती है जब फूटे हुए सर से प्रेरणा लेकर हम कुछ आगे असंवेदनशील बनने के बजाये फिर उसी संवेदना की दिशा में निकल जाते हैं क्योंकि हमारे भीतर एक अंजना सा शख़्स जो बैठा है कुंडली मारकर वो कमबख्त हमको कहीं और किसी अन्य दिशा में भटकने ही नहीं देता है। बस बांध देता है अपने जाल में अक्सर हमको और हम बस तड़पते रहते हैं टूटे, बेबस, बेकस, बिलबिलाते हुए, घिसटते हुए, जख्मों के दर्द लिए, आहों को सँभालते, सपनों को बुनते, सपनों को टूटते, कशमकश में तैरते, किसी मीलों दूर खायी में धँसते ही जाते हैं पर यह विचारों के साथ अपनी जंग है के समाप्त होने का नाम ही नहीं लेती है।

फिर कुछ सवाल जो शायद सबके जीवन में एक से ही उभरते होंगे बस परिस्थियाँ अलग-अलग होती होंगी। मेरे जीवन में मुझसे कई सवाल टकराते हैं जैसे पीएच.डी के बाद क्या होगा....? जीवन किस दिशा में जायेगा....?
क्या जो खोया उसे लौटाया जा सकता है....?
या भावी भविष्य में जो मिलेगा उससे पिछला सब मिट जायेगा.....?
या जो इतनी दरयिदिली दिखाई तुमने के दूसरे तुम्हारे ऊपर धड़ले से पाँव रखकर दबाते हुए या यूँ कहें कुचलते हुए आगे निकल गए क्या इतना सहने के बाद अब आगे कुछ होगा अच्छा या इस वर्तमान मशीनी युग में एक हम ही रह गए बाबा आदम के ज़माने के.....?
सारी संवेदना क्या हममें ही बची है इन पथरों के बीच.....?
क्या हम ही ढोलक है बस बजने को इस जहाँ में...?
क्या उनका जो निकल गए पत्थर बनके आगे कभी उनके भीतर का लावा भी पिघलता होगा....?
या रिसने को केवल हम ही हैं पीप की तरह दर्द से सराबोर....?
क्या पथरों को कभी दर्द होता होगा....?
क्या मशीनों को कभी जंग लगता होगा....?
ऐसे कई अनगिनत, अनसुलझे सवालों से अक्सर अपनी मुठभेड़ आये दिन नृत्यप्राय होती रहती है....फिर किसी शायर का एक शेर सामने खड़ा हो जाता है.....

"जुस्तजू हो तो सफ़र कहाँ खत्म होता है,
यूँ तो हर मोड़ पे मंज़िल का गुमाँ होता है....."

और हम फिर निकल पड़ते हैं अनजाने सफ़र की अनजान डगर पर तन्हा अकेले, अकेले बस अकेले ही रौशनी से दूर अँधेरे को अपना साथी बनाये दूर कहीं दूर शायद क्षितिज के उस पार...?
या धरा को करके पार करके मिल जाये कोई ऐसा संसार जहाँ बस्ती हो शैतानों की जिनमें कोई गुण न हों इंसानों से....?
जो करते हों वार खुले आम, काटते हो दरिद्रता से, जिनमें नाम न हो उस संवेदना का जो चुभती है, काटती भी है पर भीतर से निर्ममता से निश्छल, निर्मल, शीतलता लिए हुए ही रहती है हमेशा....
जाने मिलेगा कुछ ऐसा कभी या नहीं यह हम नहीं जानते हैं और न शायद मेरी तरह कई अनगिनत जानते होंगे....बस चलते चले जाते हैं हम नयी दिशा, नए मोड़, नयी राहों में भटके हुए से दूर कहीं दूर...बहुत दूर.......

@ सुनील कुमार

No comments:

Post a Comment